• प्रश्न :

    कई देशों में उच्च तकनीक वाले उद्योगों के प्रमुख महानगरीय केंद्रों के परिधीय क्षेत्रों की ओर आकर्षित होने के कारणों पर चर्चा कीजिये। (150 शब्द)

    03 Jan, 2022 सामान्य अध्ययन पेपर 1 भूगोल

    उत्तर :

    हल करने का दृष्टिकोण:

    • उच्च-तकनीकी उद्योगों का परिचय दीजिये।
    • प्रमुख महानगरों के परिधीय क्षेत्रों में इन उद्योगों के विकास के कारणों को बताइये।
    • ऐसे कुछ उदाहरणों को बताते हुए निष्कर्ष लिखिये।

    उच्च तकनीक उद्योग विनिर्माण गतिविधियों की नवीनतम पीढ़ी है। यह गहन अनुसंधान एवं विकास प्रयासों के कार्यान्वयन को उल्लेखित करता है, जहाँ वस्तुओं का निर्माण उन्नत वैज्ञानिक और इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकी की सहायता से किया जाता है। इसमें असेंबली लाइन रोबोटिक्स, कंप्यूटर-एडेड डिज़ाइन (सी.ए.डी.) एवं विनिर्माण, प्रगलन तथा शोधन प्रक्रियाओं पर इलेक्ट्रॉनिक नियंत्रण और नवीन रसायनों एवं औषध निर्माण हेतु उच्च प्रौद्योगिकी का प्रयोग शामिल हैं। इन उद्योगों को आम बोल-चाल की भाषा में फुटलूज उद्योग भी कहा जाता है।

    प्रमुख महानगरों के परिधीय क्षेत्रों में इन उद्योगों के विकास के कारण:

    • शहरी केंद्रों की तुलना में यहाँ भूमि का सस्ता होना, जिससे संयंत्रों की स्थापना कम लागत पर हो जाती है।
    • शहरी परिधि से बाहर एवं उपनगरों में श्रमिकों की आसान उपलब्धता से व्यावसायिक पार्कों तथा आवासीय परिसरों का निर्माण करने में आसानी।
    • मोटरवे लिंक एवं रेलवे कनेक्टिविटी से यात्रियों एवं उत्पादों के परिवहन में सुलभता।
    • शहरी केंद्रों के निकट होने के कारण बाज़ार तक आसान पहुँच एवं शैक्षणिक संस्थानों की अधिकता से कुशल श्रमिकों की आपूर्ति आसान।
    • उच्च तकनीकी आधारित उद्योग विकेंद्रित, आधुनिक, कम लागत, कार्यालय-संयंत्र-प्रयोगशाला आधारित होते हैं, जो कि महानगरीय क्षेत्रों में बढ़ती हुई आबादी की मांग को पूरा करने हेतु आवश्यक है।
    • ये विशिष्ट कच्चे माल पर आधारित उद्योग हैं, जो कम वज़नी एवं हल्के कच्चे माल पर आधारित हैं, जिन्हें बाज़ार केंद्र के पास में आसानी से लगाया जा सकता है।
    • इनके इनपुट की भाँति आउटपुट (उत्पाद) भी हल्के होते हैं, जिन्हें आसानी से बाज़ारों तक पहुँचाया जा सकता है।

    उच्च तकनीक आधारित उद्योग क्षेत्रीय रूप से विशिष्ट केंद्रों पर संकेंद्रित होते हैं, जो कि अत्यधिक तकनीक आधारित व स्वचालित प्रकृति के हैं। उनकी इस प्रकृति के कारण इन्हें टेक्नोपोलिस भी कहा जाता है। सैन फ्रांसिस्को के पास सिलिकॉन वैली और सिएटल के पास सिलिकॉन फॉरेस्ट टेक्नोपोलिस के उदाहरण हैं। इसी प्रकार भारत में गुरुग्राम दिल्ली के पास स्थित एक उच्च तकनीकी केंद्र के रूप में विकसित हुआ है।