विश्व कछुआ दिवस 2025 | 24 May 2025

स्रोत: टाइम्स ऑफ इंडिया

कछुओं और उनके संरक्षण के महत्त्व को रेखांकित करने के लिये प्रतिवर्ष 23 मई को विश्व कछुआ दिवस मनाया जाता है।

  • इस दिवस की स्थापना वर्ष 2000 में वैश्विक स्तर पर कछुओं के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें बढ़ावा देने के लिये की गई थी।

कछुओं से संबंधित प्रमुख तथ्य क्या हैं?

  • परिचय: कछुए (Order Testudines) सरीसृप हैं जो अपनी पसलियों (Ribs) से विकसित एक उपास्थिल कवच (Cartilaginous Shell) द्वारा पहचाने जाते हैं, जो एक सुरक्षा कवच का निर्माण करता है।
    • अन्य कवचधारी प्राणियों के विपरीत कछुए अपने कवच को न तो त्याग सकते हैं और न ही उससे बाहर आ सकते हैं, क्योंकि यह उनके कंकाल (Skeleton) का अभिन्न अंग है।
  • निवास स्थान: कछुए स्वच्छ जल और समुद्री (लवणीय) दोनों वातावरणों में रह सकते हैं। 
  • टॉर्टोइस से भिन्नता: टॉर्टोइस (Tortoises) अन्य कछुओं से मुख्य रूप से इस कारण भिन्न होते हैं कि वे पूर्णतः स्थलीय होते हैं, जबकि कछुओं की कई प्रजातियाँ आंशिक रूप से जलीय होती हैं। 
    • हालाँकि सभी टॉर्टोइस कछुए हैं, लेकिन सभी कछुए टॉर्टोइस नहीं हैं। 
    • दोनों आम तौर पर शर्मीले, एकांतप्रिय जानवर हैं जो भूमि पर घोंसलों का निर्माण कर अपने अंडों को सुरक्षित रखते है।
  • प्रमुख विशेषताएँ: कछुए असमतापी (बाह्यउष्मीय) प्रजाति हैं, अर्थात वे उष्ण और शीत वातावरण के बीच विचरण करके अपने शरीर के तापमान को नियंत्रित कर सकते हैं। 
    • अन्य बाह्यतापी जीवों जैसे कि कीट, मत्स्य और उभयचरों की तरह, इनमें धीमी चयापचय क्रिया होती है तथा ये भोजन या जल के बिना भी लंबे समय तक जीवित रह सकते हैं।
  • प्रमुख प्रजातियाँ:
    • समुद्री कछुए: लॉगरहेड टर्टल, ग्रीन टर्टल, हॉक्सबिल टर्टल, लेदरबैक टर्टल, ओलिव रिडले टर्टल और फ्लैटबैक टर्टल।
    • स्वच्छ जल के कछुए: स्नैपिंग टर्टल, पेंटेड टर्टल, रेड ईयर्ड स्लाइडर टर्टल, स्पाइनी सॉफ्टशेल टर्टल और मस्क टर्टल आदि।

भारत में टर्टल प्रजाति की स्थिति क्या है?

  • भारत में मीठे पानी के टर्टल की 30 प्रजातियाँ पाई जाती हैं, जिनमें से 26 को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची I के अंतर्गत सूचीबद्ध किया गया है। 
    • असम, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में टर्टल की विविधता अधिक है।
    • भारत में समुद्री टर्टल की 5 प्रजातियाँ भी पाई जाती हैं : ऑलिव रिडले, ग्रीन, लॉगरहेड, हॉक्सबिल और लेदरबैक। ये सभी वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची I के तहत संरक्षित हैं।
  • संरक्षण स्थिति ( IUCN रेड लिस्ट के अनुसार ):
    • ऑलिव रिडले, लॉगरहेड और लेदरबैक : सुभेद्य
    • ग्रीन टर्टल : लुप्तप्राय
    • हॉक्सबिल टर्टल : गंभीर रूप से संकटग्रस्त
  • खतरे: कछुओं को आवास स्थल विनाश, जलवायु परिवर्तन, प्लास्टिक प्रदूषण तथा मांस, पालतू जानवरों और पारंपरिक चिकित्सा के लिये अवैध वन्यजीव व्यापार से गंभीर खतरों का सामना करना पड़ रहा है तथा उत्तर प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल प्रमुख तस्करी के केंद्र हैं।
  • संरक्षण प्रयास: उत्तर प्रदेश कुकरैल (लखनऊ), सारनाथ (वाराणसी), चंबल (इटावा) और प्रयागराज में 30 किलोमीटर के कछुआ अभयारण्य में कछुआ संरक्षण केंद्र स्थापित करके कछुओं के संरक्षण में अग्रणी है। 
  • वन विभाग अवैध व्यापार पर सक्रिय रूप से अंकुश लगाता है , विशेष रूप से पीलीभीत में, जो WCCB के ऑपरेशन कुर्मा में पहचान किया गया एक प्रमुख तस्करी केंद्र है। 
  • प्रयासों को बढ़ाने के लिये, कैम्पा द्वारा वित्त पोषित, माला नदी के किनारे पीलीभीत टाइगर रिज़र्व में एक कछुआ संरक्षण और अनुसंधान केंद्र स्थापित किया जा रहा है।

और पढ़ें: भारत में ओलिव रिडले टर्टल , टोरटोइज़ और हार्ड-शेल टर्टल का अवैध व्यापार

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न:   

प्रश्न. निम्नलिखित में से कौन-सा भारत का राष्ट्रीय जलीय जीव है? (2015)

(a) खारे पानी के मगरमच्छ
(b) ओलिव रिडले टर्टल
(c) गंगा डॉल्फिन
(d) घड़ियाल

उत्तर: (c)

प्रश्न. निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2019)

  1. समुद्री कच्छपों की कुछ जातियाँ शाकभक्षी होती है। 
  2.  मछली की कुछ जातियाँ शाकभक्षी होती हैं। 
  3.  समुद्री स्तनपायियों की कुछ जातियाँ शाकभक्षी होती हैं। 
  4.  साँपों की कुछ जातियाँ सजीवप्रजक होती हैं।

उपर्युक्त में से कौन-से कथन सही हैं?

(a) केवल 1 और 3
(b) केवल 2, 3 और 4
(c) केवल 2 और 4
(d) 1, 2, 3 और 4

उत्तर: (d)