विश्व बैंक | 24 Feb 2023

हाल ही में भारतीय मूल के अमेरिकी व्यापारी अजय बंगा को अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा विश्व बैंक का नेतृत्त्व करने के लिये नामित किया गया। 

  • यदि विश्व बैंक के निदेशक मंडल द्वारा पुष्टि कर दी जाती है, तो वह दो शीर्ष अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों: अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक में से किसी एक का प्रमुख बनने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी होंगे।

 विश्व बैंक:

  • परिचय: 
    • इसे वर्ष 1944 में IMF के साथ मिलकर पुनर्निर्माण और विकास के लिये अंतर्राष्ट्रीय बैंक (IBRD) के रूप में स्थापित किया गया था। बाद में IBRD विश्व बैंक बन गया।
    • विश्व बैंक समूह पाँच संस्थानों की एक अनूठी वैश्विक साझेदारी है जो विकासशील देशों में गरीबी को कम करने और साझा समृद्धि का निर्माण करने वाले स्थायी समाधानों के लिये कार्य कर रहा है।
    • विश्व बैंक संयुक्त राष्ट्र की विशिष्ट एजेंसियों में से एक है।
  • सदस्य: 
    • 189 देश इसके सदस्य हैं।
    • भारत भी इसका सदस्य है।
  • प्रमुख रिपोर्ट: 
  • पाँच विकास संस्थान: 
    • अंतर्राष्ट्रीय पुनर्निर्माण एवं विकास बैंक (IBRD)
    • अंतर्राष्ट्रीय विकास संघ (IDA)
    • अंतर्राष्ट्रीय वित्त निगम (IFC)
    • बहुपक्षीय गारंटी एजेंसी (MIGA)
    • निवेश विवादों के निपटान के लिये अंतर्राष्ट्रीय केंद्र (ICSID) 
      •  भारत ICSID का सदस्य नहीं है।
  • विश्व बैंक की शेयरधारिता:  
    • 16.41% वोटों के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका सबसे बड़ा एकल शेयरधारक है, इसके बाद जापान (7.87%), जर्मनी (4.49%), यूनाइटेड किंगडम (4.31%), और फ्राँस (4.31%) का स्थान है। शेष शेयर अन्य सदस्य देशों के बीच विभाजित हैं।
  • विश्व बैंक और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में अंतर: 
    • विश्व बैंक विकासशील देशों को सहायता प्रदान करता है, जबकि IMF का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय मौद्रिक प्रणाली को स्थिर करना तथा विश्व की मुद्राओं की निगरानी करना है।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रश्न. 'व्यापार करने की सुविधा के सूचकांक' में भारत की रैंकिंग समाचारों में कभी-कभी दिखती है। निम्नलिखित में से किसने इस रैंकिंग की घोषणा की है? (2016)

(a) आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (OECD)
(b) विश्व आर्थिक मंच
(c) विश्व बैंक
(d) विश्व व्यापार संगठन (WTO)

उत्तर: (c) 


प्रश्न. कभी-कभी समाचारों में दिखने वाले 'आई.एफ.सी. मसाला बाॅण्ड (IFC Masala Bonds)' के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं? (2016)

  1. अंतर्राष्ट्रीय वित्त निगम (इंटरनेशनल फाइनेंस काॅरपोरेशन), जो इन बाॅण्ड को प्रस्तावित करता है, विश्व बैंक की एक शाखा है।
  2. ये रुपया-अंकित मूल्य वाले बाॅण्ड हैं और सार्वजनिक तथा निजी क्षेत्रक के ऋण वित्तीयन के स्रोत हैं।

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:

(a) केवल 1
(b) केवल 2
(c) 1 और 2 दोनों
(d) न तो 1 और न ही 2

उत्तर: (c)

व्याख्या:

  • अंतर्राष्ट्रीय वित्त निगम (IFC) विश्व बैंक के 5 विकास संस्थानों में से एक है। अतः कथन 1 सही है। 
  • मसाला बाॅण्ड विदेशी बाज़ारों में भारतीय इकाइयों द्वारा जारी रुपए में अंकित बाॅण्ड है। मसाला का अर्थ है 'मसाले' और इस शब्द का उपयोग अंतर्राष्ट्रीय वित्त निगम (IFC) द्वारा विदेशी प्लेटफाॅर्मों पर भारत की संस्कृति और व्यंजनों को लोकप्रिय बनाने हेतु किया गया था। मसाला बाॅण्ड का उद्देश्य भारत में बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं को वित्तपोषित करना, उधार के माध्यम से आंतरिक विकास को बढ़ावा देना तथा भारतीय मुद्रा का अंतर्राष्ट्रीयकरण करना है। अतः कथन 2 सही है। अतः विकल्प (c) सही उत्तर है।

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस