संयुक्त राष्ट्र महासचिव | 01 Dec 2025

स्रोत: UN 

चर्चा में क्यों? 

संयुक्त राष्ट्र ने अगले महासचिव (SG) के चयन की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है, जो जनवरी 2027 में पदभार सॅंभालेंगे, जब एंटोनियो गुटेरेस 31 दिसंबर, 2026 को अपना दूसरा कार्यकाल पूरा कर लेंगे।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव से संबंधित मुख्य तथ्य क्या हैं?

  • परिचय: महासचिव (SG) संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 97 के तहत संयुक्त राष्ट्र के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी होते हैं।
    • महासचिव एक साथ राजनयिक और अधिवक्ता, नागरिक सेवक एवं CEO हैं, जो UN के आदर्शों का प्रतीक तथा विश्व के लोगों, विशेष रूप से गरीबों व कमज़ोरों के लिये एक प्रवक्ता हैं।
    • परंपरागत रूप से यह पद विभिन्न क्षेत्रों के बीच क्रम से घूमता है, हालाँकि यह कानूनी रूप से बाध्यकारी नहीं है।
    • अब तक संयुक्त राष्ट्र के सभी महासचिव पुरुष रहे हैं, जिसके कारण एक महिला महासचिव नियुक्त करने की मांग बढ़ती रही है।
  • महासचिव का चयन और नियुक्ति प्रक्रिया:
    • प्रारंभ: महासचिव चयन प्रक्रिया संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) और सुरक्षा परिषद (UNSC) के अध्यक्षों द्वारा सदस्य देशों को नामांकन प्रस्तुत करने हेतु संयुक्त आमंत्रण से शुरू होती है।
      • नामांकन के बाद, हर उम्मीदवार को अपना दृष्टिकोण पत्र, जीवन परिचय (बायोडाटा) और चुनाव प्रचार में खर्च हुए पैसों का ब्योरा देना अनिवार्य होता है।
    • सुरक्षा परिषद की जाँच: सुरक्षा परिषद अनौपचारिक विचार-विमर्श करती है और गुप्त स्ट्रॉ पोल आयोजित करती है, जिनमें उम्मीदवारों को ‘प्रोत्साहित’, ‘हतोत्साहित’ या ‘कोई राय नहीं’ के रूप में चिह्नित किया जाता है।
      • पाँच स्थायी सदस्यों (अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, चीन, फ्राँस) के मतपत्र रंग-कोडित होते हैं ताकि संभावित वीटो संकेतित किया जा सके।
    • सिफारिश हेतु आवश्यक समर्थन: किसी उम्मीदवार को आगे बढ़ने के लिये, उसे कम-से-कम नौ सदस्यों का समर्थन मिलना चाहिये और सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि कोई भी वीटो (निषेधाधिकार) नहीं होना चाहिये।
    • UNSC प्रस्ताव: परिषद एक औपचारिक प्रस्ताव पारित कर किसी एक उम्मीदवार को महासभा के समक्ष अनुशंसा हेतु प्रस्तुत करती है।
    • महासभा द्वारा नियुक्ति: UNGA सिफारिश को साधारण बहुमत से या सर्वसम्मति से मंज़ूर करती है।
    • कार्यकाल: पाँच वर्षों का कार्यकाल, जिसे सामान्यतः एक बार पुनर्नवीनीकृत किया जा सकता है।
  • SG की भूमिका:
    • प्रशासनिक और कार्यकारी कर्त्तव्यों: चार्टर के अनुच्छेद 97 के तहत महासचिव संयुक्त राष्ट्र के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्य करता है।
      • संयुक्त राष्ट्र सचिवालय का नेतृत्व करते हैं, जो वैश्विक मिशनों और कार्यक्रमों में कर्मचारियों, बजट तथा संचालन की निगरानी करते हैं।
      • संयुक्त राष्ट्र प्रणाली के मुख्य कार्यकारी बोर्ड (CEB) की अध्यक्षता करता है, जो प्रणाली-व्यापी समन्वय के लिये है।
      • सुरक्षा परिषद, महासभा, आर्थिक और सामाजिक परिषद (ECOSOC) और अन्य संयुक्त राष्ट्र निकायों द्वारा सौंपे गए कार्यों का निष्पादन करता है।
      • महासचिव सुरक्षा परिषद के समक्ष किसी भी ऐसे मामले को लाने का अधिकार रखता है जो अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है (अनुच्छेद 99)।
      • महासचिव के पास एक ऐसा जनादेश है जो प्रशासनिक ज़िम्मेदारियों को महत्त्वपूर्ण राजनीतिक विवेक के साथ जोड़ता है।
    • कूटनीतिक और मध्यस्थता की भूमिका: महासचिव अपने ‘अच्छे कार्यालयों’ का उपयोग शांत कूटनीति, सार्वजनिक अपीलों और मध्यस्थता के माध्यम से संघर्षों को रोकने या कम करने के लिये करते हैं। 
      • वे सरकार और समुदायों से मिलने हेतु व्यापक रूप से यात्रा करते हैं, वैश्विक मुद्दों से निकटता से जुड़े रहते हैं। 
    • प्रतीकात्मक और समर्थन संबंधी भूमिका: महासचिव संयुक्त राष्ट्र के नैतिक मार्गदर्शक के रूप में कार्य करते हैं, शांति, न्याय और बहुपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देते हैं।
      • इस पद के लिये सदस्य देशों की चिंताओं और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों व मूल्यों के पालन के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक होता है।

UN

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

1. संयुक्त राष्ट्र महासचिव की नियुक्ति का कानूनी आधार क्या है?
नियुक्ति संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 97 के अनुसार सुरक्षा परिषद की सिफारिश पर महासभा द्वारा की जाती है।

2. महासचिव पद के लिये उम्मीदवारों का नामांकन कैसे किया जाता है?
UNGA और UNSC के अध्यक्षों द्वारा संयुक्त आमंत्रण जारी किये जाने के बाद सदस्य देश नामांकन प्रस्तुत करते हैं; उम्मीदवार आमतौर पर एक दृष्टिकोण पत्र, जीवन परिचय (बायोडाटा) और अभियान वित्त संबंधी खुलासे जमा करते हैं।  

3. सुरक्षा परिषद की सिफारिश के लिये किस बहुमत की आवश्यकता होती है?
किसी उम्मीदवार को सामान्यतः कम से कम नौ अनुकूल मतों की आवश्यकता होती है और किसी भी स्थायी सदस्य द्वारा वीटो नहीं लगाया जाना चाहिये, तभी सुरक्षा परिषद उसकी सिफारिश कर सकती है।

UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न (PYQs)

प्रिलिम्स 

प्रश्न. ‘‘संयुक्त राष्ट्र प्रत्यय समिति (युनाईटेड नेशंस क्रेडेंशियल्स कमिटी)’’ के सन्दर्भ में, निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2022) 

  1. यह संयुक्त राष्ट्र (UN) सुरक्षा परिषद द्वारा स्थापित समिति है और इसके पर्यवेक्षण के अधीन काम करती है।
  2. पारंपरिक रूप से प्रति वर्ष मार्च, जून और सितंबर में इसकी बैठक होती है।
  3. यह महासभा को अनुमोदन हेतु रिपोर्ट प्रस्तुत करने से पूर्व सभी UN सदस्यों के प्रत्ययों का आकलन करती है।

उपर्युक्त कथनों में कौन-सा/से सही है/हैं?

(a) केवल 3

(b) 1 और 3

(c) 2 और 3

(d) 1 और 2  

उत्तर: (a)


 प्रश्न. संयुक्त राष्ट्र के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2009)

  1. संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ECOSOC) में 24 सदस्य देश शामिल हैं। 
  2.  यह 3 वर्ष की अवधि के लिये महासभा के दो-तिहाई बहुमत द्वारा चुनी जाती है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

(a) केवल 1
(b) केवल 2
(c) 1 और 2 दोनों
(d) न तो 1 और न ही 2

उत्तर: (b)