साउथ पार्स गैस क्षेत्र और मध्य पूर्व के ऊर्जा केंद्र | 20 Mar 2026

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस 

इज़रायल ने ईरान के साउथ पार्स गैस क्षेत्र पर आक्रमण किया, जिसके प्रतिक्रियास्वरूप ईरान ने कतर के रास लफान और यूएई के हबशन जैसे खाड़ी क्षेत्र के महत्त्वपूर्ण ऊर्जा केंद्रों को लक्ष्य बनाया।

  • ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख ऊर्जा स्थलों के लिये निकासी चेतावनी जारी की, जिनमें यूएई का अल-होस्न गैस क्षेत्र, कतर का रास लफान रिफाइनरी, सऊदी अरब का अल-जुबैल पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, कतर की मेसईद होल्डिंग कंपनी तथा सऊदी अरब की सैमरेफ रिफाइनरी शामिल हैं, जो क्षेत्र की महत्त्वपूर्ण ऊर्जा अवसंरचना को लक्षित करते हुए संभावित तनाव वृद्धि का संकेत देती है।
  • साउथ पार्स/नॉर्थ डोम गैस क्षेत्र (ईरान/कतर):
    • स्थान: फारस की खाड़ी के जल के नीचे स्थित है।
    • महत्त्व: यह विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस क्षेत्र है, जो ईरान (जहाँ इसे साउथ पार्स कहा जाता है) और कतर (जहाँ इसे नॉर्थ फील्ड कहा जाता है) के बीच साझा किया गया है।
    • आर्थिक प्रभाव: इसमें लगभग 1,800 ट्रिलियन घन फीट गैस का भंडार अनुमानित है। साउथ पार्स ईरान के घरेलू गैस आपूर्ति का सबसे बड़ा स्रोत है, जो देश की लगभग 80% प्राकृतिक गैस आवश्यकताओं को पूरा करता है।
  • रास लफान औद्योगिक नगर (कतर):
    • स्थान: यह कतर प्रायद्वीप के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित है।
    • महत्त्व: यह कतर के द्रवीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) के प्रसंस्करण और निर्यात का प्रमुख केंद्र है, जो साझा नॉर्थ फील्ड से निकाली गई गैस पर अत्यधिक निर्भर है।
      • कतर वैश्विक स्तर पर LNG का एक प्रमुख आपूर्तिकर्त्ता है, इस केंद्र को क्षति पहुँचने से यूरोप और एशिया के ऊर्जा बाज़ारों पर सीधे प्रभाव पड़ सकता है।
  • हबशन गैस कॉम्प्लेक्स और बाब तेल क्षेत्र (यूएई):
    • स्थान: संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी के आंतरिक (इनलैंड) क्षेत्रों में स्थित हैं।
    • महत्त्व: हबशन विश्व की सबसे बड़ी गैस प्रसंस्करण सुविधाओं में से एक है, जो यूएई की घरेलू विद्युत उत्पादन और निर्यात अर्थव्यवस्था के लिये अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। इसके निकट स्थित बाब क्षेत्र एक विशाल स्थलीय (ऑनशोर) तेल उत्पादन संपत्ति है।

Middle_East_Energy_Hubs

और पढ़ें: ईरान पर अमेरिका-इज़रायल का हमला