Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 28 दिसंबर, 2022 | 28 Dec 2022

5जी सेवा

संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया है कि 24 से 36 महीनों में देश की 80 प्रतिशत आबादी को 5जी सेवाओं के दायरे में लाया जाएगा। वर्ष 2023 तक सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमटेड (BSNL) की 5जी सेवाएँँ शुरू हो जाएगी। देश के 50 शहरों में 5जी सेवाएँँ पहले ही शुरू हो चुकी हैं। प्रत्येक सप्ताह लगभग पाँच हज़ार नए स्थान इससे जुड़ रहे हैं। 5जी सेवाएँँ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएँगी। इस वर्ष अक्तूबर में प्रधानमंत्री ने 5जी सेवाओं का शुभारंभ किया था। 5जी प्रौद्योगिकी निर्बाध सेवा, उच्च डेटा रेट, तेज़ एवं अधिक विश्वसनीय संचार सेवाएँँ प्रदान करती है। भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की स्थापना 15 सितंबर, 2000 को भारत सरकार के दो विभागों- दूरसंचार सेवा विभाग (Department of Telecom Services-DTS) तथा दूरसंचार संचालन विभाग (Department of Telecom Operations-DTO) को सम्मिलित करके की गई थी। यह देश में दूरसंचार सेवाएँ प्रदान करने वाली सरकारी क्षेत्र की सबसे बड़ी तथा प्रमुख कंपनी है। इसने पूरे देश के सभी शहरों के अलावा सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों को भी दूरसंचार से जोड़ा है।

राष्ट्रीय महिला मुक्केबाज़ी चैंपियनशिप

भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय महिला मुक्केबाज़ी चैंपियनशिप में लवलीना बोरगोहेन और निकहत ज़रीन ने स्वर्ण पदक जीते हैं। फाइनल में लवलीना ने सर्विसेज़ की अरुंधति चौधरी को और निकहत ने रेलवे की अनामिका को पराजित किया। हरियाणा की मनीषा एवं स्वीटी बूरा, रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की साक्षी, मध्य प्रदेश की मंजू बम्बोरिया ने भी अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। रेलवे की टीम पाँच स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य सहित 10 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर रही। मध्य प्रदेश दूसरे और हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा। विदित है कि 20 से 26 दिसंबर, 2022 तक छठवीं एलीट सीनियर राष्ट्रीय महिला मुक्केबाज़ी चैंपियनशिप 2022 (पुरुष तथा महिला) का आयोजन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में किया गया। इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के 10 महिला खिलाडियों ने 10 विभिन्न भार वर्गों में भाग लिया, जिसमें दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे की दो प्रतिभागी (पूनम व शशि चोपड़ा) सम्मिलित थीं। भारत में पहली बार राष्ट्रीय मुक्केबाज़ी चैंपियनशिप का आयोजन वर्ष 1950 में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में किया गया था।

पुष्प कमल दहल

नेपाल में राष्‍ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने 26 दिसंबर को प्रधानमंत्री पुष्‍प कमल दहल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही अन्य मंत्रियों में नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी- एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी (The Communist Party of Nepal, Unified Marxist–Leninist -CPN-UML) के बिष्‍णु पाउडल, CPM के नारायण काजी श्रेष्‍ठ और राष्‍ट्रीय स्‍वतंत्र पार्टी के लामीछाने (उपप्रधानमंत्री) शामिल हैं जिन्हें शपथ दिलाई गई। काठमांडू स्थित राष्‍ट्रपति कार्यालय शीतल निवास में हुए एक विशेष समारोह में कुल आठ केंद्रीय मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। बिष्‍णु पाउडल को वित्त मंत्री, नारायण काजी श्रेष्‍ठ को अवसंरचना और यातायात मंत्री नियुक्‍त किया गया है। इसके अलावा ज्‍वाला कुमारी शाह, दामोदर भंडारी, राजेन्‍द्र राय, और अब्‍दुल खान शामिल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

मणिपुर में विद्रोही समूह के साथ शांति समझौता  

हाल ही में त्रिपक्षीय शांति समझौते पर केंद्र (गृह मंत्रालय), मणिपुर सरकार और ज़ेलियनग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट (ZUF) विद्रोही समूह द्वारा हस्ताक्षर किये गए। ZUF नागाओं का एक सशस्त्र समूह है जो ज़्यादातर मणिपुर में सक्रिय है और एक दशक से अधिक समय से ज़ेलियांग्रोंग नगा जनजाति (मंगोलियाई जाति) के लिये एक अलग राज्य की मांग कर रहा है। यह सशस्त्र समूह मणिपुर की स्वतंत्रता सेनानी रानी गैदिनल्यू का अनुयायी है, जिन्हें अंग्रेज़ो ने 14 साल के लिये जेल में डाल दिया था। PM के 'उग्रवाद मुक्त और समृद्ध पूर्वोत्तर' के दृष्टिकोण को पूरा करने में यह शांति समझौता महत्त्वपूर्ण है।

और पढ़ें…

भारतीय राष्ट्रीय कॉन्ग्रेस का स्थापना दिवस

28 दिसंबर, 1885 को बॉम्बे में भारतीय राष्ट्रीय कॉन्ग्रेस (INC) की स्थापना हुई थी, जिसके महासचिव एलन ऑक्टेवियन (A.O.) ह्यूम (लॉर्ड डफरिन भारत के तत्कालीन वायसराय) थे। कॉन्ग्रेस के प्रारंभिक नेतृत्त्व में दादाभाई नौरोजी, फिरोजशाह मेहता, बदरुद्दीन तैयबजी, डब्ल्यू.सी. बनर्जी, सुरेंद्रनाथ बनर्जी, रोमेश चंद्र दत्त और एस. सुब्रमण्यम अय्यर आदि शामिल थे।

कॉन्ग्रेस के पहले अधिवेशन (1885 - बॉम्बे) की अध्यक्षता डब्ल्यू.सी. बनर्जी द्वारा की गई थी। कॉन्ग्रेस की पहली महिला अध्यक्ष एनी बेसेंट (1917 - कलकत्ता) तथा कॉन्ग्रेस की पहली भारतीय महिला अध्यक्ष सरोजिनी नायडू (1925 - कानपुर) थीं।

और पढ़ें…

H9N2 एवियन इन्फ्लूएंज़ा के लिये वैक्सीन

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद - राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) ने मुर्गियों के लिये एक निष्क्रिय कम रोगजनक एवियन इन्फ्लूएंजा (H9N2) टीका विकसित किया है। यह H9N2 वायरस के लिये पहला स्वदेशी टीका है।  

H9N2 इन्फ्लूएंज़ा ए वायरस का एक उप प्रकार है, जो मानव इन्फ्लूएंज़ा के साथ-साथ बर्ड फ्लू का कारण बनता है। यह पहली बार विस्कॉन्सिन, अमेरिका में वर्ष 1966 में तुर्की समुदाय में पाया गया था। मनुष्यों में H9N2 वायरस संक्रमण दुर्लभ हैं या हल्के लक्षणों के कारण कम रिपोर्ट किये गए हैं।

और पढ़ें…