Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 26 अक्तूबर, 2022 | 26 Oct 2022

ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री ऋषि सुनक

ऋषि सुनक ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री होंगे। उन्हें कंज़र्वेटिव पार्टी का नेता चुन लिया गया है। वह ब्रिटेन के पहले एशियाई मूल के प्रधानमंत्री होंगे। सर ग्राहम ब्रैडी ने इसकी औपचारिक घोषणा कर दी है। ऋषि सुनक ने वर्ष 2015 में 35 वर्ष की उम्र में पहली बार संसद का चुनाव जीता। मात्र सात वर्षों के राजनैतिक कॅरियर में वह ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। वे भारत के विख्यात उद्योगपति और इंफोसिस कंपनी के संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति के दामाद हैं। उन्होंने अक्षता मूर्ति से वर्ष 2009 में शादी की थी। वह बोरिस जॉनसन की कैबिनेट में वित्त मंत्री रहे। वर्ष 2015 से सुनक यॉर्कशर के रिचमंड से कंज़र्वेटिव पार्टी से सांसद चुने गए थे। भारतीय मूल के उनके परिजन पूर्वी अफ्रीका से ब्रिटेन आए थे। वर्ष 1980 में सुनक का जन्म हैंपशर के साउथहैम्टन में हुआ था और उनकी पढ़ाई प्राइवेट स्कूल विंचेस्टर कॉलेज में हुई। इसके बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में दर्शन, राजनीति और अर्थशास्त्र की पढ़ाई की। उन्होंने स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में एमबीए की पढ़ाई भी की।

गुजराती नववर्ष बेस्‍तू वर्ष

गुजराती नववर्ष यानी बेस्‍तू वर्ष 26 अक्तूबर, 2022 को हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। पूरे विश्व में गुजराती समुदाय पारंपरिकआस्था और उत्साह के साथ नववर्ष मनाता है। गुजराती नववर्ष- विक्रम संवत 2079 की शुरुआत 26 अक्तूबर से हो रही है। गुजरात में दीवाली नए साल के आगमन को चिह्नित करती है। बेस्‍तू वर्ष को गुजरात राज्य में खुशी और उत्साह के साथ मनाया जाता है। गुजराती नया साल दीवाली के एक दिन बाद मनाया जाता है। हिंदू कैलेंडर के अनुसार, यह कार्तिक महीने में शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा पर आता है। चंद्र चक्र पर आधारित भारतीय कैलेंडर के अनुसार, वर्ष का पहला महीना कार्तिक होता है और गुजरात में नया साल कार्तिक (एकम) के पहले उज्ज्वल दिन पर आता है। यह दिन नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत को भी चिह्नित करता है। गुजरात में नए साल को शुभ दिन माना जाता है। इस दिन लोग अपने पुराने बहीखाता बंद कर देते हैं और नए बहीखातों की शुरुआत करते हैं। गुजराती नववर्ष हिंदू त्योहार गोवर्धन पूजा या अन्नकूट पूजा के साथ मेल खाता है जो भारत के अन्य हिस्सों में मनाया जाता है।