Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 24 सितंबर, 2020 | 24 Sep 2020

शिवांगी सिंह

फ्लाइट लेफ्टिनेंट शिवांगी सिंह जल्द ही राफेल लड़ाकू विमान उड़ाने वाली भारत की पहली महिला फाइटर पायलट बनने वाली हैं। हालाँकि अभी इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ध्यातव्य है कि इन राफेल विमानों को 10 सितंबर, 2020 को औपचारिक तौर पर भारतीय वायु सेना में शामिल किया गया था। शिवांगी सिंह वर्तमान में राफेल उड़ाने के लिये प्रशिक्षण ले रही हैं और जल्द ही वे हरियाणा स्थित अंबाला एयर बेस में नंबर 17 स्क्वाड्रन ‘गोल्डन एरो’ में शामिल हो जाएंगी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी की रहने वाली शिवांगी सिंह वर्ष 2017 में भारतीय वायुसेना में शामिल हुईं थीं और अब तक वे मिग -21 बाइसन विमान उड़ा रहीं थीं। उल्लेखनीय है कि शिवांगी सिंह भारतीय वायु सेना में शामिल 10 महिला फाइटर पायलटों में से एक हैं, वहीं भारतीय वायुसेना में सेवारत महिला अधिकारियों की कुल संख्या 1,875 है। 29 जुलाई, 2020 को 7000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पाँच राफेल लड़ाकू विमान (Rafale Fighter Jets) फ्रांँस से हरियाणा स्थित अंबाला एयर बेस (Ambala Air Base) पहुँचे थे। ज्ञात हो कि भारत सरकार ने सितंबर 2016 में 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के लिये फ्रांँस के साथ एक अंतर-सरकारी समझौता किया और इस समझौते के तहत सभी 36 राफेल लड़ाकू विमान वर्ष 2021 तक भारत पहुँच जाएँगे। वर्ष 2001 में प्रस्तुत किया गया राफेल (Rafale) फ्रांँस का डबल इंजन वाला और मल्टीरोल लड़ाकू विमान है, जिसे फ्रांँस की डसॉल्ट एविएशन कंपनी द्वारा डिज़ाइन किया गया है। 

राष्ट्रीय सेवा योजना 

24 सितंबर, 2020 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में वर्चुअल माध्यम से वर्ष 2018-19 के लिये राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) पुरस्कार प्रदान किया है। वर्ष 2018-19 के लिये राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) पुरस्कार 3 विभिन्न श्रेणियों यथा- विश्वविद्यालय/ +2 परिषद, NSS इकाइयाँ और उनके कार्यक्रम अधिकारी और NSS स्वयंसेवक में 42 विजेताओं को दिया गया है। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के युवा मामलों का विभाग देश में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालयों/कॉलेजों, (+2) परिषदों, वरिष्ठ माध्यमिक, NSS इकाइयों/कार्यक्रम अधिकारियों और NSS स्वयंसेवकों द्वारा की गई स्वैच्छिक सामुदायिक सेवा मे उत्कृष्ट योगदान को पहचानने और उन्हें पुरस्कृत करने के लिये प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार प्रदान करता है। ध्यातव्य है कि वर्तमान में NSS के पूरे देश में फैले हुए लगभग 40 लाख स्वयंसेवक हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एक केंद्रीय क्षेत्र की योजना है जिसे वर्ष 1969 में शुरू किया गया था और इसका प्राथमिक उद्देश्य स्वैच्छिक सामुदायिक सेवा के माध्यम से युवा छात्रों के व्यक्तित्त्व और चरित्र को विकसित करना है। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का आदर्श वाक्य ‘स्वयं से पहले आप’ है। ज्ञात हो कि राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक सामाजिक रूप से प्रासंगिक मुद्दों पर कार्य करते हैं।

सऊदी अरब ने लगाया भारत पर यात्रा प्रतिबंध

कोरोना वायरस (COVID-19) के मामलों में वृद्धि के मद्देनज़र सऊदी अरब प्रशासन ने भारत से और भारत को जाने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में सऊदी अरब प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, भारत, ब्राज़ील और अर्जेंटीना से आने और जाने वाली सभी हवाई उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हालाँकि इन प्रतिबंधों के तहत आधिकारिक यात्रा पर आने वाले लोगों को छूट प्रदान की गई है। सऊदी अरब सरकार के मौजूदा नियमों के अनुसार, भारत से यात्रा करने वाले प्रत्येक यात्री को यात्रा से 96 घंटे पूर्व RT-PCR परीक्षण का नकारात्मक प्रमाणपत्र लाना आवश्यक है। इसके अलावा हॉन्गकॉन्ग ने भी 3 अक्तूबर, 2020 तक एयर इंडिया की उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। 

सुरेश अंगडी 

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना वायरस (COVID-19) के कारण 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। 01 जून, 1955 को कर्नाटक के बेलगाम ज़िले में जन्मे सुरेश अंगडी बेलगाम 17वीं लोकसभा के लिये निर्वाचित हुए थे और उन्हें रेल राज्‍य मंत्री का पदभार सौंपा गया था। कर्नाटक के एक कॉलेज से स्‍नातक करने के बाद उन्होंने राजा लखमगौड़ा लॉ कॉलेज, बेलगाम से कानून की पढ़ाई की थी। वर्ष 1996 में वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बेलगाम इकाई के उपाध्यक्ष बने थे और वर्ष 1999 तक वे इसी पद पर रहे। वर्ष 2004 में वे 14वीं लोकसभा के लिये पहली बार निर्वाचित हुए थे और उन्हें खाद्य, उपभोक्ता मामले और सार्वजनिक वितरण संबंधी स्थायी समिति का सदस्य बनाया गया था। इसके बाद वे वर्ष 2009, वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में भी लोकसभा के लिये निर्वाचित हुए।