Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 24 दिसंबर, 2022 | 24 Dec 2022

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस

देश में उपभोक्ताओं के महत्त्व, उनके अधिकारों और दायित्वों के बारे में जागरुकता फैलाने के लिये प्रतिवर्ष 24 दिसंबर को “राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस” मनाया जाता है। भारत की एक बड़ी आबादी अशिक्षित है, जो अपने अधिकारों एवं कर्त्तव्यों के प्रति अनभिज्ञ है, लेकिन उपभोक्ता अधिकारों के मामले में शिक्षित लोग भी अपने अधिकारों के प्रति उदासीन नज़र आते हैं। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिये प्रतिवर्ष इस दिवस का आयोजन किया जाता है। वर्ष 2022 के लिये इस दिवस की थीमनिष्पक्ष डिजिटल वित्त (Fair Digital Finance)’ है। इस थीम का उद्देश्य डिजिटल वित्तीय सेवाओं से निपटने हेतु एक पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रणाली स्थापित करना है। डिजिटल भुगतान में बढ़ोत्तरी के साथ इससे संबंधित जोखिम भी दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। भारत सरकार ने उपभोक्ताओं द्वारा की जाने वाली ऑनलाइन शॉपिंग को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2019 में  ई-कॉमर्स संबंधी नियम बनाए हैं। जिसमे सरकार ई-कॉमर्स साइट्स पर कई सख्त कानूनी प्रावधान लागू करती है। इस नियम को उपभोक्ता संरक्षण (ई-कॉमर्स) अधिनियम, 2020 कहा गया है। उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम का प्राथमिक उद्देश्य उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार के शोषण जैसे- दोषयुक्त सामान, असंतोषजनक सेवाओं और अनुचित व्यापार प्रथाओं के विरुद्ध सुरक्षा प्रदान करना है। ज्ञात हो कि वैश्विक स्तर पर प्रतिवर्ष 15 मार्च को विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस का आयोजन किया जाता है।

भारतवंशी रिचर्ड वर्मा

अमेरिका के राष्‍ट्रपति जो. बाइडन ने भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक रिचर्ड आर. वर्मा को अमेरिकी सीने‍ट विभाग में प्रबंधन और संसाधन मामलों का विदेश उप-मंत्री नियुक्‍त किया है। रिचर्ड वर्तमान में मुख्‍य विधिक अधिकारी और मास्‍टर कार्ड में वैश्विक लोक नीति के प्रमुख हैं। वे अमेरिका के राष्‍ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में भारत में अमेरिका के राजदूत और विधायी मामलों के सहायक मंत्री के तौर पर भी कार्य कर चुके हैं। इससे पूर्व रिचर्ड वर्मा अमेरिकी सीनेट हैरी रीड के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, डेमोक्रेटिक व्हिप, और अमेरिकी सीनेट में मेज़ोरिटी नेता भी रहे हैं। इसके अलावा रि‍चर्ड वर्मा अमेरिकी वायु सेना में कार्यरत रहे हैं और उन्‍हें प्रतिष्‍ठ‍ित सेवा पदक सहित कई पदकों से सम्‍मानित किया जा चुका है। उन्‍होंने राष्‍ट्रपति के सतर्कता सलाहकार बोर्ड में भी अपनी सेवाएँ दी हैं और वे सामूहिक विनाश तथा आतंकवाद निवारण आयोग के सदस्‍य भी रहे हैं। वह फोर्ड फाउंडेशन सहित कई अन्‍य बोर्ड के ट्रस्‍टी हैं। इनमें नेशनल एंडोमेंट फॉर डेमोक्रेसी एण्‍ड लेहिग यूनिवर्सिटी भी शामिल है। 

हॉकी विश्वकप

ओडिशा के भुवनेश्‍वर और राउरकेला में 13 से 29 जनवरी, 2022 तक आयोजित होने जा रहे FIH ओडिसा हॉकी पुरूष विश्‍वकप के लिये 18 सदस्‍यों वाली भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। प्रतियोगिता में भारतीय टीम ग्रुप-डी में है जिसमें इंग्‍लैंड, स्‍पेन और वेल्‍स की टीमें भी शामिल हैं। प्रतियोगिता में हरमनप्रीत सिंह भारतीय टीम का नेतृत्त्व करेंगे और अमित रोहिदास टीम के उप कप्‍तान होंगे। टीम में शामिल अन्‍य खिलाड़ी हैं- विवेक सागर प्रसाद, मनप्रीत सिंह, हार्दि‍क सिंह, नीलकांत शर्मा, शमशेर सिंह, आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्‍याय, अभिषेक, सुखजीत सिंह, राजकुमार पाल, जुगराज सिंह, कृष्‍ण बहादुर पाठक, श्रीजेश परात्‍तू रविन्‍द्रन, जमनप्रीत सिंह और सुरेन्‍द्र कुमार। टूर्नामेंट में भारत अपना पहला मैच 13 जनवरी को स्‍पेन से खेलेगा। यह मैच राउरकेला के बिरसामुंडा हॉकी स्‍टेडियम में खेला जाएगा। हॉकी विश्व कप अंतर्राष्ट्रीय मैदानी हॉकी प्रतियोगिता है जिसे अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (International Hockey Federation- FIH) द्वारा संचालित किया जाता है। पुरुष विश्वकप के अलावा महिला विश्वकप का भी आयोजन किया जाता है जिसकी वर्ष 1974 से शुरुआत हुई। महिला विश्व कप महिला अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ के तत्त्वधान में आयोजित किया जाता है। हॉकी विश्व कप के 52 वर्ष के इतिहास में भारतीय टीम सिर्फ एक बार खिताब जीत पाई है। वर्ष 1975 में भारतीय टीम मलेशिया में चैंपियन बनी थी। इसके अलावा वर्ष 1973 में भारत दूसरे स्थान पर रहा था। वर्ष 1971 में हॉकी विश्व कप पहली बार आयोजित हुआ था और टीम इंडिया तीसरे स्थान पर रही थी। भारत में चौथी बार इस टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। इससे पहले वर्ष 1982, 2010 और 2018 में भारत इस टूर्नामेंट की मेज़बानी कर चुका है। पाकिस्तान हॉकी विश्व कप के इतिहास की सबसे सफल टीम है। पाकिस्तान ने सबसे ज़्यादा चार बार यह टूर्नामेंट जीता है।