Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 20 जुलाई, 2023 | 20 Jul 2023

AI के विकास में जवाबदेही और सुरक्षा सुनिश्चित करना 

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस/कृत्रिम बुद्धिमता पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की पहली बैठक के दौरान AI के सुरक्षित और ज़िम्मेदार विकास को लेकर चिंताएँ जताई गईंAI मानव मस्तिष्क की समस्या-समाधान एवं निर्णय लेने की क्षमताओं की नकल करने के लिये कंप्यूटर और मशीनों का सहारा लेता है। इसलिये अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने अराजक अथवा अप्रत्याशित व्यवहार से बचने के लिये क्षमताओं, दुरुपयोग तथा सुरक्षा खामियों के लिये AI प्रणाली के परीक्षण के तरीकों को विकसित करने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने पूर्वाग्रही, भेदभावपूर्ण और सत्तावादी निगरानी जैसे मुद्दों को हल करने के लिये संयुक्त राष्ट्र में मानकों तथा सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने के महत्त्व पर ज़ोर दिया। मानव-केंद्रित और भरोसेमंद AI व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये इसका विकास लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मानवाधिकारों के अनुरूप होना ही चाहिये।

और पढ़ें…संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस

अंतर्राष्ट्रीय चंद्रमा दिवस 2023

20 जुलाई को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय चंद्रमा दिवस, वर्ष 1969 में ऐतिहासिक अपोलो 11 मिशन की चंद्रमा पर लैंडिंग की याद दिलाता है। अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग और बज़ एल्ड्रिन ने ट्रैंक्विलिटी बेस नामक स्थान पर चंद्र सतह पर कदम रखकर इतिहास रचा, जबकि माइकल कोलिन्स ने चंद्र कक्षा में कोलंबिया कमांड मॉड्यूल का संचालन किया। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2021 में "बाहरी अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग" पर अपने संकल्प 76/76 में इसे एक अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई।

और पढ़ें… अपोलो 11 मिशन

मंगल पांडे जयंती

19 जुलाई, 1827 को उत्तर प्रदेश के नगवा गाँव में जन्मे मंगल पांडे ने प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 29 मार्च, 1857 को कलकत्ता के पास बैरकपुर सैन्य छावनी में उन्होंने जानवरों की चर्बी वाले विवादास्पद एनफील्ड राइफल कारतूसों का उपयोग करने से इनकार कर ब्रिटिश अधिकारियों के खिलाफ विद्रोह किया। इस साहसिक कार्य ने एक उत्प्रेरक के रूप में कार्य किया, जिसने अनगिनत लोगों को ब्रिटिश औपनिवेशिक नियंत्रण के खिलाफ विद्रोह करने के लिये प्रोत्साहित किया। अंततः इस घटना ने 1857 के व्यापक भारतीय विद्रोह को जन्म दिया। 8 अप्रैल, 1857 को ब्रिटिश अधिकारियों द्वारा उनकी नज़रबंदी से सार्वजनिक रोष में वृद्धि हुई और लोगों ने ब्रिटिश नियंत्रण का विरोध किया।

और पढ़ें… 1857 का भारतीय विद्रोह

गोमती नदी: बारहमासी स्थिति और संरक्षण पर विवाद

गोमती नदी जो गंगा नदी की एक महत्त्वपूर्ण सहायक नदी है, अपनी बारहमासी स्थिति एवं संरक्षण को लेकर विवादास्पद मुद्दों का केंद्र बन गई है। उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग ने सितंबर 2020 में गोमती को "गैर-बारहमासी नदी" घोषित किया था जिसकी जल विशेषज्ञों और नदी अधिकार कार्यकर्त्ताओं ने आलोचना की थी। इसके अतिरिक्त गोमती मानसून के दौरान गंगा को पुनः जलधारा से पूर्ण करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है जिससे यह क्षेत्र के पारिस्थितिकी तंत्र के लिये अपरिहार्य हो जाती है। इस नदी की सुरक्षा की सख्त ज़रूरत को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की एक रिपोर्ट से उज़ागर किया गया है जिसमें वर्ष 2022 तक गोमती को देश की पाँचवीं सबसे प्रदूषित नदी का दर्जा दिया गया था।

और पढ़ें…  गंगा नदी, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड