Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 19 नवंबर, 2022 | 19 Nov 2022

इंदिरा  गांधी (राष्ट्रीय एकता दिवस)

प्रतिवर्ष पूरे भारत में 19 नवंबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। यह भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इंदिरा गांधी ने भारतीय लोकतांत्रिक ढाँचे और परंपरा को मज़बूत बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 1971 के युद्ध की कमान संभाली और जीत दर्ज की। घोषित उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिये भारतीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में उनका विशेष योग्दाब रहा। उन्होंने लोकतांत्रिक समाजवाद और कमज़ोर वर्गों की बेहतरी के क्षेत्र में बहुत काम किया। उनके नेतृत्त्व में पोखरण में पहला परमाणु परीक्षण हुआ। उनके कुशल मार्गदर्शन में अंतरिक्ष अनुसंधान एवं शांतिपूर्ण परमाणु विकास हुआ। साथ ही राष्ट्रीय एकता दिवस सभी भारतीयों के बीच प्रेम और एकता को बढ़ाने के लिये मनाया जाता है। राष्ट्रीय एकता दिवस को 'कौमी एकता दिवस' के नाम से भी जाना जाता है। राष्ट्रीय एकता दिवस के निम्नलिखित उद्देश्य हैं- लोगों के बीच एकता, शांति, प्रेम और भाईचारे को प्रोत्साहित करना, भारतीय समाज में विभिन्न संस्कृति, भाषा और धर्म के लोगों के बीच सद्भाव को बढ़ावा देना।

मनिका बत्रा

भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा एशियाई कप टेबल टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुँचने वाली पहली भारतीय महिला बन गई। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की अपने से बेहतर रैंकिंग की चेन सू यू को 4-3 से हराया। विश्व रैंकिंग में 44वें नंबर की मनिका ने महिला एकल के कड़े मुकाबले में विश्व की 23वें नंबर की चेन सू यू  को 6-11, 11-6, 11-5, 11-7, 8-11, 9-11, 11-9 से पराजित किया। इस भारतीय खिलाड़ी ने इससे पहले दुनिया में सातवें नंबर की चीन की चेन जिंगटोंग को पराजित किया था। मनिका सेमीफाइनल में कोरिया की जियोन जिही और जापान की मीमा इतो के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेगी। इससे पहले मनिका बत्रा टोक्यो ओलंपिक 2020 में ओलंपिक के एकल राउंड ऑफ 32 में जगह बनाने वाली भारत की पहली महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी बनीं। कॉमनवेल्थ खेलों की स्वर्ण पदक विजेता, 2 बार की ओलंपियन और कई अन्य उपलब्धियाँ हासिल करने वाली मनिका भारतीय टेबल टेनिस की बेहतरीन स्टार खिलाड़ियों में से एक हैंं।