Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 14 नवंबर, 2023 | 14 Nov 2023

शहरों के लिये AAINA डैशबोर्ड

आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) ने 'AAINA डैशबोर्ड फॉर सिटीज़' पोर्टल लॉन्च किया, जो शहरी स्थानीय निकायों (ULB) को स्वेच्छा से प्रमुख डेटा प्रस्तुत करने के लिये एक मंच प्रदान करता है।

  • AAINA का लक्ष्य शहरों को दूसरों के सापेक्ष उनके प्रदर्शन का आकलन करने में सहायता करना है। संभावनाओं और वृद्धि के क्षेत्रों को उजागर करके शहरों को प्रेरित करना है।
  • डैशबोर्ड डेटा को पाँच स्तंभों में वर्गीकृत करता है: राजनीतिक एवं प्रशासनिक संरचना, वित्त, योजना, नागरिक-केंद्रित शासन और बुनियादी सेवाओं की डिलीवरी।
    • ULB एक उपयोगकर्त्ता-अनुकूल पोर्टल के माध्यम से नियमित रूप से ऑडिट किये गए खातों और स्व-रिपोर्ट किये गए प्रदर्शन मेट्रिक्स सहित डेटा जमा करेंगे।
  • AAINA की कल्पना ULB-संबंधित डेटा के लिये एक स्थायी मंच के रूप में की गई है, जो प्रमुख प्रदर्शन मेट्रिक्स का एक व्यापक डेटाबेस है।
    • सक्रिय ULB सहयोग के साथ डैशबोर्ड का लक्ष्य एक सार्वजनिक संसाधन सुनिश्चित करना है, जो हितधारकों को एकत्रित डेटा तक पहुँचने और उसका उपयोग करने की अनुमति देता है।

और पढ़ें…भारत में शहरी स्थानीय शासन

ज़ाग्लोसस एटनबरोई

हाल ही में वैज्ञानिकों ने इंडोनेशिया के पापुआ क्षेत्र में प्रकृतिवादी डेविड एटनबरो के नाम पर लंबी चोंच वाली इकिडना, रहस्यमयी ज़ाग्लोसस एटनबरोई (Zaglossus Attenboroughi) की फिर से खोज की है।

  • इकिडना जो कि मोनोट्रीम समूह का हिस्सा हैं, ये जीवित जन्म देने के बजाय अंडे देने वाले अद्वितीय स्तनधारी हैं। इन्हें स्पाइनी एंटईटर्स के रूप में भी जाना जाता है, उनके शरीर पर नुकीले कांटे होते हैं और ये मुख्य रूप से चींटियों और दीमकों को खाते हैं।
  • इकिडना, विशेष रूप से ज़ाग्लोसस एटनबोरोई, रात्रिचर और शर्मीले होते हैं, जिससे उनकी खोज चुनौतीपूर्ण हो जाती है। यह प्रजाति सुदूर साइक्लोप्स पर्वत तक ही सीमित थी।
  • प्रकृति संरक्षण के लिये अंतर्राष्ट्रीय संघ (IUCN) की रेड लिस्ट: गंभीर रूप से लुप्तप्राय
  • वन्यजीवों और वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन (CITES): परिशिष्ट II

विश्व मधुमेह दिवस

विश्व मधुमेह दिवस (WDD) प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को मनाया जाता है, जो चार्ल्स बेस्ट के साथ वर्ष 1922 में इंसुलिन के सह-खोजकर्ता सर फ्रेडरिक बैंटिंग के जन्मदिन को चिह्नित करता है।

  • उत्पत्ति: WDD की शुरुआत वर्ष 1991 में मधुमेह के बढ़ते स्वास्थ्य खतरे की प्रतिक्रिया के रूप में अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह महासंघ (IDF) और विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा की गई।
  • आधिकारिक मान्यता: वर्ष 2006 में संयुक्त राष्ट्र संकल्प 61/225 को अपनाने के माध्यम से WDD को संयुक्त राष्ट्र दिवस के रूप में आधिकारिक मान्यता मिली।
  • अभियान: WDD अभियान का लक्ष्य समग्र वर्ष IDF समर्थित प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिये मुख्य माध्यम के रूप में कार्य करना है।
  • लोगो: वर्ष 2007 में अपनाया गया इसका लोगो नीला घेरा इंगित करता है जो मधुमेह के प्रति जागरूकता का  प्रतीक है।

थीम (2021-23): 2021-23 के लिये इसकी थीम ‘एक्सेस टू डायबिटीज़ केयर’ है। 

और पढ़ें…विश्व मधुमेह दिवस

पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती

प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिये बाल दिवस मनाया जाता है।

  • जवाहरलाल नेहरू को प्यार से 'चाचा नेहरू' भी कहा जाता था और वह बच्चों के प्रति अपने स्नेह, उनकी देखभाल तथा शिक्षा एवं अधिकारों का समर्थन करने के लिये प्रसिद्ध थे।
  • उनके निधन के बाद भारत में उनके जन्मदिन को 'बाल दिवस' या चिल्ड्रेन्स डे (Children's Day) के रूप में मनाने के लिये सामूहिक रूप से सहमति व्यक्त की गई।

और पढ़ें… जवाहरलाल नेहरू