Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 12 जनवरी, 2022 | 12 Jan 2022

टकीला मछली

चेस्टर चिड़ियाघर और मेक्सिको के मिचोआकाना विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के निरंतर संरक्षण प्रयासों के बाद दशकों बाद टकीला मछली को विलुप्त होने से बचाया गया है। समुद्री विशेषज्ञों के अनुसार, वर्ष  2003 में टकीला मछली (ज़ूगोनेटिकस टकीला) को समुद्र से पूरी तरह से विलुप्त मान लिया गया था जिसका कारण प्रदूषण और जल में अन्य विदेशी प्रजातियों का आक्रमण था। वर्ष 1998 में मेक्सिको के मिचोआकाना विश्वविद्यालय को चेस्टर चिड़ियाघर से 10 टकीला मछलियाँ दी गईं जिन्हें एक कृत्रिम तालाब में छोड़ दिया गया जहाँ कुछ वर्षों के बाद इनकी संख्या बढ़ गई। जब यह संख्या 1,500 तक हो जाएगी उसके बाद इन्हें दक्षिण-पश्चिम मेक्सिको में तेउचिटलान नदी में वापस छोड़ दिया जाएगा, जहांँ टकीला मछली की आबादी पुनः बढ़ रही है। इस मछली की लंबाई केवल 70 मिमी तक होती है। टकीला मछली स्प्लिटफिन परिवार की सदस्य है जिन्हें स्थानिक प्रजातियों (उनके भौगोलिक स्थान द्वारा परिभाषित) के रूप में जाना जाता है। टकीला मछली केवल मेक्सिको में अमेरिकी नदी बेसिन में पाई जाती है। टकीला मछली के सिर, शरीर और पंखों का रंग गहरा जैतूनी या दूधिया नीला-भूरा रंग का होता है जिसके शल्कों में रंग बदलते इंद्रधनुष जैसी चमक होती है।

राष्ट्रीय युवा दिवस

प्रत्येक वर्ष स्वामी विवेकानंद की जयंती (12 जनवरी) को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।  इस दिन को वर्ष 1984 में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में नामित किया गया था। स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी, 1863 को हुआ तथा उनके बचपन का नाम नरेंद्र नाथ दत्त था। उन्होंने दुनिया को वेदांत और योग के भारतीय दर्शन से परिचित करवाया। वे 19वीं सदी के आध्यात्मिक गुरु एवं विचारक रामकृष्ण परमहंस के शिष्य थे। उन्होंने अपनी मातृभूमि के उत्थान के लिये शिक्षा पर सबसे अधिक ज़ोर दिया। साथ ही उन्होंने चरित्र-निर्माण आधारित शिक्षा का समर्थन किया। वर्ष 1897 में उन्होंने रामकृष्ण मिशन की स्थापना की। रामकृष्ण मिशन एक संगठन है, जो मूल्य-आधारित शिक्षा, संस्कृति, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, युवा और आदिवासी कल्याण एवं राहत तथा पुनर्वास के क्षेत्र में काम करता है। वर्ष 1902 में बेलूर मठ में उनका निधन हो गया। पश्चिम बंगाल में स्थित बेलूर मठ, रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन का मुख्यालय है। स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला राष्ट्रीय युवा महोत्सव युवाओं का एक वार्षिक सम्मेलन है जिसमें प्रतिस्पर्द्धाओं सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इसका आयोजन भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय (Ministry of Youth Affairs and Sports) द्वारा किसी एक राज्य सरकार के सहयोग से किया जाता है। वर्ष 2019 से राष्ट्रीय युवा महोत्सव के हिस्से के रूप में राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव (National Youth Parliament Festival- NYPF) का आयोजन भी किया जाता है।

बेटर हेल्थ स्मोक-फ्री कैंपेन  

ब्रिटिश सरकार द्वारा एक नई पहल ‘बेटर हेल्थ स्मोक-फ्री कैंपेन’ (Better Health Smoke-Free Campaign) शुरू की गई है, इसके द्वारा धूम्रपान करने वालों को नए वर्ष के संकल्प के रूप में अस्वास्थ्यकर आदत को त्यागने का आह्वान किया जा रहा है। यह पहल धूम्रपान करने वाले युवाओं पर पड़ने वाले प्रभाव पर प्रकाश डालती है। इस कैंपेन के माध्यम से धूम्रपान करने वालों को यह कहते हुए धूम्रपान छोड़ने का आग्रह किया गया है कि जिन किशोरों के माता-पिता धूम्रपान करते हैं, उनके ऐसा करने की संभावना चार गुना अधिक होती है। इस अभियान द्वारा जारी आँकड़ों के अनुसार, 4.9 प्रतिशत किशोर जिनके माता-पिता धूम्रपान करते हैं, उन्होंने धूम्रपान की आदत को अपनाया है। ब्रिटेन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) द्वारा इस विषय पर एक शैक्षिक फिल्म को रिलीज़ किया गया है। यूनाइटेड किंगडम की तरह न्यूज़ीलैंड द्वारा वर्ष 2030 तक धूम्रपान-मुक्त होने का लक्ष्य रखा है, जबकि कनाडा और स्वीडन ने अपनी आबादी में  धूम्रपान के प्रसार को 5 प्रतिशत से भी कम करने का लक्ष्य रखा है।

पाकिस्तान में मंदिरों की देखभाल के लिये प्रबंधन समिति का गठन

हाल ही में पाकिस्तान जो कि एक  मुस्लिम बहुल देश है, में अल्पसंख्यक समुदाय के मंदिरों की देखभाल के लिये हिंदू नेताओं का पहला निकाय स्थापित किया गया है। धार्मिक मामलों के मंत्रालय ने पहले से कार्य कर रहे पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की तर्ज़ पर पाकिस्तान हिंदू मंदिर प्रबंधन समिति का गठन किया। इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (Evacuee Trust Property Board- ETPB) द्वारा इस बात को साझा किया गया था। ETPB एक वैधानिक बोर्ड है जो विभाजन के बाद भारत में प्रवास करने वाले हिंदुओं और सिखों की धार्मिक संपत्तियों एवं तीर्थस्थलों का प्रबंधन करता है। गठित प्रबंधन समिति हिंदू पूजा स्थलों से संबंधित मामलों को देखेगी। पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़े अल्पसंख्यक समुदाय में से एक है  आधिकारिक अनुमान के मुताबिक, देश में 75 लाख हिंदू निवास करते हैं. पाकिस्तान की अधिकांश हिंदू आबादी सिंध प्रांत में बसी है जहांँ वे मुस्लिम निवासियों के साथ संस्कृति, परंपरा और भाषा साझा करते हैं। वे अक्सर चरमपंथियों द्वारा उत्पीड़न की शिकायत करते हैं।