Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 12 अगस्त, 2022 | 12 Aug 2022

युवा संवाद ‘इंडिया@2047’

शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री तथा युवा कार्य और खेल मंत्री 12 जुलाई, 2022 को नई दिल्‍ली में युवा संवाद इंडिया @ 2047 को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में राष्‍ट्रीय युवा पुरस्‍कार विजेता और युवा प्रतिनिधियों सहित लगभग चार सौ युवा भाग ले रहे हैं। अंतर्राष्‍ट्रीय युवा प्रतिनिधियों के रूप में भारत का प्रतिनिधित्‍व करने के लिये युवा कार्य मंत्रालय ने इन्‍हें विभिन्‍न देशों में भेजा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मार्गदर्शन के तहत भारत, लोगों और उपलब्धियों के गौरवमय इतिहास तथा स्‍वतंत्रता के 75 वर्ष के अवसर पर आज़ादी का अमृत महोत्‍सव मना रहा है। इस महोत्‍सव के अंग के रूप में 8 अगस्‍त से 14 अगस्‍त तक का सप्‍ताह (आइकॉनिक वीक) युवा कार्य और खेल मंत्रालय को आवंटित किया गया है। यह कार्यक्रम प्रतिभागी युवाओं को राष्‍ट्रीय और अंतर्राष्‍टीय महत्त्व के विभिन्‍न मुद्दों पर विचार व्‍यक्‍त करने का अवसर उपलब्‍ध कराएगा। इस वर्ष 15 अगस्त 2022 को देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे हो जाएँगे। आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के 75 हफ्ते पहले, 12 मार्च, 2021 को केंद्र सरकार नेआजादी के अमृत महोत्सव का शुभारंभ किया था जो कि 15 अगस्त 2023 तक चलेगा।

महर्षि अरबिंदो घोष की 150वीं जयंती

महर्षि अरबिंदो घोष की 150वीं जयंती और स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय 12 अगस्त, 2022 से 15 अगस्‍त, 2022 तक देश भर के 75 कारागारों में अरबिंदो के जीवन और दर्शन पर आधाारित कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य श्री अरबिंदो के दर्शन, योग और ध्यान, साथ ही आत्‍मचिंतन और आत्‍मबोध के माध्यम से कैदियों के जीवन में सुधार लाना है। मंत्रालय ने इन कार्यक्रमों के संचालन के लिये आध्‍यात्मिक विभूतियों और संगठनों के साथ भागीदारी की है। रामकृष्ण मिशन, पतंजलि, आर्ट ऑफ लिविंग, ईशा फाउंडेशन और सत्संग फाउंडेशन सहित पाँच संगठनों को 12 से 15 अगस्त तक देश के 23 राज्यों की जेलों में योग, ध्यान और श्री अरबिंदो की शिक्षायें प्रदान करने के कार्यक्रम आयोजित करने हेतु अनुबंधित किया गया है। अरबिंदो घोष का जन्म 15 अगस्त, 1872 को कलकत्ता में हुआ था। वह योगी, दार्शनिक, कवि और भारतीय राष्ट्रवादी थे जिन्होंने आध्यात्मिक विकास के माध्यम से पृथ्वी पर दिव्य जीवन के दर्शन को प्रतिपादित किया। वर्ष 1902 से 1910 तक उन्होंने भारत को अंग्रेज़ों से मुक्त कराने हेतु संघर्ष में भाग लिया। उनकी राजनीतिक गतिविधियों के परिणामस्वरूप उन्हें वर्ष 1908 (अलीपुर बम कांड) में कैद कर लिया गया था। पांडिचेरी में उन्होंने आध्यात्मिक साधकों के एक समुदाय की स्थापना की, जिसने वर्ष 1926 में श्री अरबिंदो आश्रम के रूप में आकार लिया। 5 दिसंबर, 1950 को पांडिचेरी में उनका निधन हो गया।

‘खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग’ (अंडर-16)

नई दिल्ली और लखनऊ में इस वर्ष के आरंभ में तीन चरणों में आयोजित किये गए खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग (अंडर-21) की सफलता के बाद, अंडर-16 लड़कियों के लिये उसी प्रकार की एक और लीग 16 अगस्त, 2022 को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में शुरू होगी। पहली खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग (अंडर-16) का पहला चरण 16 से 23 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश भर की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। इसके पहले चरण में कुल 56 मैच खेले जाएंगे और 300 से अधिक खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे। ‘भारतीय खेल प्राधिकरण’ ने प्रतियोगिता के 3 चरणों के लिये कुल 53.72 लाख रुपए आवंटित किये हैं। इस राशि में 15.5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि भी शामिल है। खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग (अंडर-16) का पहला चरण और दूसरा चरण राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेला जाएगा। पहले 2 चरणों के पूरा होने के बाद टीमों की अंतिम रैंकिंग निर्धारित की जाएगी। तीसरे चरण में अलग-अलग वर्गों में मैच आयोजित किये जाएँगे, जहाँ प्रत्येक टीम कम-से-कम 3 मैच खेलेगी। वर्तमान में केवल सीनियर वर्ग के लिये ही प्रतियोगिता/टूर्नामेंट के रूप में अवसर उपलब्ध हैं, लेकिन विशेष रूप से जूनियर और सब जूनियर स्तर पर महिला हॉकी में उनके पास इतनी संख्या में टूर्नामेंट और प्रतियोगिता में भाग लेने के अवसर नहीं हैं, जहाँ वे अपने हुनर को निखार सकें, आकलन कर सकें और अपनी प्रशिक्षण और क्षमताओं में वृद्धि कर सकें। अतः खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग (अंडर-16) महिलाओं के लिये खेलों में बढ़ावा देने की दिशा में एक और प्रयास है, जो खेल प्रतियोगिताओं की एक विस्तृत शृंखला में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये आवश्यक प्रयास करता है।