Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 09 जून, 2022 | 09 Jun 2022

मिताली राज 

भारतीय महिला क्रिकेट की रीढ़ कही जाने वालीं मिताली राज ने 8 जून, 2022 को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। 26 जून, 1999 को अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाली मिताली ने अपने 23 साल के कॅरियर में कई महत्त्वपूर्ण उपलब्धियांँ हासिल कीं। तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कमान संभाल चुकी मिताली के नाम महिला क्रिकेट में सर्वाधिक 10,868 रन हैं। वह रिकॉर्ड छह विश्‍व कप खेलने वाली पहली महिला क्रिकेटर हैं। मिताली 200 एक-दिवसीय मैच खेलने वाली भी इकलौती महिला क्रिकेट खिलाड़ी हैं तथा उन्होंने अपने कॅरियर में 12 टेस्ट मैच, 232 एक-दिवसीय मैच और 89 टी-20 में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने एक-दिवसीय क्रिकेट में 7 शतक और 64 अर्द्धशतकों के साथ 7805 रन, जबकि टेस्ट मैचों में 1 शतक एवं 4 अर्द्धशतकों के साथ 699 रन तथा टी-20 क्रिकेट मैच में 17 अर्द्धशतकों के साथ 2364 रन बनाए। हालांँकि महिला क्रिकेट की सचिन तेंदुलकर कही जाने वाली मिताली राज का वर्ल्ड कप जीतने का सपना अधूरा ही रह गया। 

विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस 

ब्रेन ट्यूमर के बारे में जागरूकता फैलाने और लोगों को शिक्षित करने के लिये प्रतिवर्ष 8 जून को विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस मनाया जाता है। इस दिवस के आयोजन का प्राथमिक उद्देश्य आम जनमानस को ब्रेन टयूमर के बारे में जागरूक बनाना और उन्हें इस संबंध में शिक्षित करना है। विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस के लिये वर्ष 2022 की थीम है- ‘टुगेदर वी आर स्ट्राँगर’ (Together We Are Stronger)। विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस का आयोजन पहली बार वर्ष 2000 में लीपज़िग (जर्मनी) स्थित एक गैर-लाभकारी संगठन ‘जर्मन ब्रेन ट्यूमर एसोसिएशन’ द्वारा किया गया था। इस दिवस को दुनिया भर में ब्रेन ट्यूमर के रोगियों और उनके प्रियजनों के प्रति सम्मान प्रकट करने हेतु एक अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में घोषित किया गया था। ब्रेन ट्यूमर का आशय मस्तिष्क में असामान्य कोशिकाओं की वृद्धि से है। ब्रेन ट्यूमर के मुख्यतः दो प्रकार होते हैं- कैंसरयुक्त ट्यूमर और गैर-कैंसरयुक्त ट्यूमर। इसमें कैंसरयुक्त ट्यूमर अधिक घातक होता है। ब्रेन ट्यूमर एक जानलेवा बीमारी है, लेकिन यह पूरी तरह से इलाज योग्य है। ब्रेन ट्यूमर के कुछ सामान्य उपचारों में सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, एंटी-सीज़र दवा, स्टेरॉयड उपचार आदि शामिल हैं। 

फ्रेंच ओपन टेनिस 2022 

फ्रेंच ओपन टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष सिंगल्स के फाइनल में स्पेन के राफेल नडाल ने नॉर्वे के कास्पर रूड को 6-3, 6-3, 6-0 से हराकर टूर्नामेंट का 14वांँ एकल खिताब जीत लिया है। इस जीत के साथ 36 वर्षीय नडाल, रोलैंड गैरस में खिताब जीतने वाले अब तक के सबसे अधिक आयु के खिलाड़ी बन गए हैं। यह उनका 22वांँ ग्रैंड स्लैम खिताब है। उधर पेरिस में महिला सिंगल्स के फाइनल में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी पोलैंड की इगा स्वेतिक ने अमेरिका की कोको गॉफ को हराया। 21 वर्ष की इगा स्वेतिक ने गॉफ को सीधे सेटों में 6-1, 6-3 से हराकर अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम जीता है। गॉफ ने क्ले कोर्ट में अपना पहला फाइनल खेला। 

फ्रेंच ओपन 2022 के विजेताओं की सूची : 

टाइटल  

विजेता  

उप विजेता  

पुरुष एकल 

राफेल नडाल (स्पेन) 

कास्पर रूड (नार्वेजियन) 

महिला एकल 

इगा स्वेतिक (पोलैंड) 

कोको गॉफ (अमेरिका) 

पुरुष युगल 

मार्सेलो अरवलो (अल सल्वाडोर), 
जीन-जूलियन रोजर (नीदरलैंड) 

इवान डोडिग (क्रोएशियाई), 
ऑस्टिन क्रेजिसेक (अमेरिका) 

महिला युगल 

कैरोलीन गार्सिया (फ्रेंच), 
क्रिस्टीना मलादेनोविक (फ्रांँस) 

जेसिका पेगुला (अमेरिका), 
कोको गॉफ (अमेरिका) 

मिश्रित युगल 

एना शिबहारा (जापान), 
वेस्ले कूलहोफ (नीदरलैंड) 

जोरन व्लिगेन (बेल्जियम), 
उलरिकके ईकेरि (नॉर्वे)