Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 05 मार्च, 2022 | 05 Mar 2022

MeitY स्टार्ट-अप हब

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा स्टार्ट-अप, प्रौद्योगिकी नवाचार एवं बौद्धिक संपदा को बढ़ावा देने हेतु  ‘MeitY Startup Hub’ (MSH) नामक एक संगठन स्थापित किया गया है। MSH एक राष्ट्रीय समन्वय, सुविधा और निगरानी केंद्र के रूप में कार्य करेगा जो MeitY के सभी स्टार्ट-अप और नवाचार संबंधी गतिविधियों को एकीकृत करता है। भारत में लगभग 8000 टेक स्टार्ट-अप के साथ यह दुनिया के सबसे जीवंत स्टार्ट-अप इकोसिस्टम में से एक है, जो इसे दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम बनाता है। इसलिये भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिये उद्यमिता और नवाचार पर ध्यान दिया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा इस पारिस्थितिकी तंत्र का विस्तार करने के लिये देश भर में नवाचार और IPR से संबंधित गतिविधियों की एक विस्तृत शृंखला की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके क्रम में ही गूगल ने बुधवार को एक एपस्केल एकेडमी शुरू करने की घोषणा की जो भारतीय स्टार्ट-अप को उच्च गुणवत्ता वाले एप और गेम बनाने में मदद करेगा। इस स्टार्टअप हब में छह हैदराबाद-आधारित स्टार्ट-अप शामिल हैं- कोडिंग लर्निंग एप प्रोगेम (ProGame), स्पोर्ट्स एप पॉसिबल 11, व्यवसायों को प्रबंधित करने के लिये वन-स्टॉप-शॉप एप, ज़ोबेज़ पीओएस, ऑनलाइन स्टोर बनाने के लिये एक एप KWIKBOX seller और गेम Slink.io तथा कैट टाउन मोबाइल।

MyGov की “सबका विकास महाक्विज़” शृंखला

सुशासन के बारे में नागरिकों के बीच जागरूकता पैदा करने के लिये MyGov ने “सबका विकास महाक्विज़” शृंखला शुरू की है। इसे 1 मार्च,  2022 को लॉन्च किया गया है। यह योजना COVID-19 महामारी के बीच गरीबों के समक्ष आने वाली चुनौतियों के समाधान तथा कई सरकारी योजनाओं और पहलों के बारे में प्रतिभागियों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। सरकार समाज के गरीब तथा कमज़ोर वर्गों सहित सभी नागरिकों के समग्र कल्याण के लिये विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से भारत के सभी नागरिकों के लिये बुनियादी आवश्यकताओं को सुनिश्चित करने हेतु कार्य कर रही है। ‘सबका विकास महाक्विज’ एक साल तक चलने वाला प्रोजेक्ट है। इसमें 14 एपिसोड शामिल हैं और इसे Quiz.MyGov.in पर होस्ट किया जाएगा। इस पोर्टल पर कुल 14 क्विज हैं। लोग फ्लैगशिप योजनाओं पर कुल 14 प्रश्नोत्तरी में से किसी एक का चयन कर सकते हैं, प्रत्येक नया क्विज़ पिछली क्विज़ की समाप्ति के बाद लॉन्च किया जाएगा। यह हिंदी, अंग्रेजी और अन्य सभी प्रमुख भाषाओं में उपलब्ध होगा। हर हफ्ते शीर्ष 1000 विजेताओं की घोषणा की जाएगी। प्रत्येक विजेता को 2000 रुपए दिये जाएंगे। एक प्रतिभागी प्रश्नोत्तरी में केवल एक बार भाग ले सकेगा। 52 सप्ताह के अंत में सभी प्रश्नोत्तरी में भाग लेने वालों को बंपर पुरस्कार दिया जाएगा।

“स्त्री मनोरक्षा परियोजना”

संपूर्ण भारत में महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार के उद्देश्य से महिला और बाल विकास मंत्रालय द्वारा निमहांस (NIMHANS) बंगलूरू के सहयोग से ‘स्त्री मनोरक्षा परियोजना’ (Stree Manoraksha Project) की शुरुआत की गई है। परियोजना का लक्ष्य देश भर में छह हज़ार वन-स्टॉप केंद्रों (One-Stop Center-OSC) के पदाधिकारियों को मानसिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण प्रदान करना है। वन-स्टॉप सेंटर में महिलाएँ चिकित्सा, कानूनी और आपराधिक मुद्दों पर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सभी क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि इसे समझना आसान हो। NIMHANS द्वारा एक वेबसाइट भी बनाई गई है जिसमें प्रशिक्षण के संबंध में काफी जानकारी उपलब्ध है। यह परियोजना महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की अनुमानित आवश्यकताओं के आधार पर दो प्रारूपों में लागू की जाएगी। एक प्रारूप के तहत सुरक्षा गार्ड, रसोइया, सहायक, केस वर्कर, परामर्शदाता, केंद्र प्रशासक, पैरामेडिकल स्टाफ आदि सहित सभी OSC पदाधिकारियों को बुनियादी प्रशिक्षण दिया जाएगा। दूसरे प्रारूप के तहत महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में और आजीवन आघात जैसे विभिन्न घटकों पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्नत पाठ्यक्रम पर ज़ोर दिया जाएगा।

स्वदेश पर्यटन पुरस्कार

राज्य सरकारों तथा केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन व विभिन्न कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा किये जा रहे प्रयासों को महत्त्व देने के क्रम में पर्यटन मंत्रालय ने विभिन्न श्रेणियों में स्वदेश पर्यटन पुरस्कारों की शुरुआत की है। ये पुरस्कार योजनाबद्ध उद्देश्यों की उपलब्धि, अभिनव पहल, योजना, डिज़ाइन और संचालन में स्थिरता संबंधी सिद्धांतों को अपनाने, कुशल परियोजना निगरानी, ​​​​आसपास के क्षेत्र के विकास में निजी निवेश को आकर्षित करने की क्षमता तथा मनोवांछित संचालन एवं रखरखाव आदि सुनिश्चित करने के लिये किये गए प्रयासों सहित सर्वोत्तम तौर-तरीकों को प्रदर्शित करेंगे। पर्यटन मंत्रालय ने सबसे पहले निम्नलिखित श्रेणियों-  सर्वश्रेष्ठ टूरिस्ट इंटरप्रिटेशन सेंटर, सर्वश्रेष्ठ लॉग हट सुविधा, सर्वश्रेष्ठ एमआईसीई सुविधा, सर्वश्रेष्ठ कैफेटेरिया, सर्वश्रेष्ठ क्राफ्ट हाट/स्मारिका शॉप की सुविधा, सर्वश्रेष्ठ साउंड एंड लाइट शो, सर्वश्रेष्ठ तट विकास (समुद्र तट/नदी/झील) आदि के तहत प्रविष्टियाँ आमंत्रित करने का निर्णय लिया है। पर्यटन मंत्रालय ने अपनी प्रमुख योजना 'स्वदेश दर्शन' के तहत भारत के 31 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में 5500 करोड़ रुपए से अधिक की 76 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत 500 से अधिक पर्यटन स्थलों पर पर्यटन संबंधी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया गया है।