क्वाड एट सी शिप ऑब्ज़र्वर मिशन | 01 Jul 2025

स्रोत: पी.आई.बी.

चर्चा में क्यों?

क्वाड राष्ट्रों (भारत, जापान, संयुक्त राज्य अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया) के तटरक्षकों ने अमेरिका के डेलावेयर में आयोजित छठे क्वाड शिखर सम्मेलन (चौथे प्रत्यक्ष क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन) के दौरान अपनाई गई विलमिंगटन घोषणा (2024) के अनुरूप 'क्वाड एट सी शिप ऑब्ज़र्वर मिशन' की शुरुआत की है।

क्वाड एट सी शिप ऑब्ज़र्वर मिशन क्या है?

  • मिशन के बारे में: यह अपनी तरह की पहली समुद्री सहयोग पहल है जिसका उद्देश्य अंतर-संचालन, समुद्री डोमेन जागरूकता (MDA) को मज़बूत करना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में नियम-आधारित व्यवस्था को बनाए रखने के लिये परिचालन समन्वय करना है। 
    • क्रॉस-एम्बार्केशन पहल के भाग के रूप में, महिला अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों को साझेदार देशों के तटरक्षक जहाज़ों (वर्तमान में USCGC स्ट्रैटन, जो गुआम की ओर जा रहा है) पर तैनात किया जाता है। 
  • उद्देश्य: मिशन का उद्देश्य मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs), गश्त और खोज एवं बचाव (SAR) अभियानों में संयुक्त प्रशिक्षण पर केंद्रित है। यह समुद्री कूटनीति और लैंगिक समावेश को प्रोत्साहित करता है तथा भारत के सागर विज़न, महासागर सिद्धांत (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिये पारस्परिक और समग्र उन्नति) और हिंद-प्रशांत महासागर पहल (IPOI) के साथ संरेखण स्थापित करता है।

विलमिंग्टन घोषणा क्या है?

  • विलमिंगटन घोषणा के बारे में: विलमिंगटन घोषणा सितंबर 2024 में अमेरिका के विलमिंगटन में आयोजित क्वाड लीडर्स समिट में अपनाया गया एक संयुक्त वक्तव्य है। 
    • यह एक स्वतंत्र, खुली, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिये क्वाड की साझा दृष्टि को रेखांकित करता है; साथ ही, इस समूह को "अच्छाई की शक्ति" के रूप में स्थापित करता है तथा पूरे क्षेत्र में रणनीतिक, सुरक्षा, स्वास्थ्य, तकनीकी व आर्थिक सहयोग के गहन संरेखण पर प्रकाश डालता है।
  • घोषणा-पत्र की मुख्य बातें
    • हिंद-प्रशांत और समुद्री सुरक्षा: एक स्वतंत्र, खुले हिंद-प्रशांत के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई है, अंतर-संचालन और समुद्री डोमेन जागरूकता के लिये क्वाड एट सी शिप ऑब्ज़र्वर मिशन तथा मैत्री की शुरुआत की गई।
    • बुनियादी ढाँचा और कनेक्टिविटी: क्वाड लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, भविष्य के बंदरगाहों की साझेदारी की शुरुआत की गई तथा 2,200 से अधिक विशेषज्ञों हेतु फैलोशिप का विस्तार किया गया
    • प्रौद्योगिकी और साइबर सुरक्षा: चतुर्भुज सूचना-साझाकरण नेटवर्क (QUIN) के माध्यम से अर्द्धचालक, आपूर्ति शृंखला और साइबर सुरक्षा पर सहयोग को मज़बूत किया गया।
    • जलवायु, अंतरिक्ष और लोगों के बीच संबंध: क्यू-चैम्प (क्वाड जलवायु परिवर्तन अनुकूलन और शमन पैकेज) को लागू किया गया, आपदा प्रतिक्रिया/मोचन के लिये पृथ्वी अवलोकन को बढ़ावा दिया गया तथा विज्ञान और नीति में नेतृत्व के हेतु क्वाड फेलोशिप का विस्तार किया गया।

क्वाड क्या है?

  • चतुर्भुज सुरक्षा संवाद (क्वाड) के बारे में: चतुर्भुज सुरक्षा संवाद (क्वाड) भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और संयुक्त राज्य अमेरिका का एक रणनीतिक मंच है, जिसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता तथा समृद्धि सुनिश्चित करना है। 
    • यह क्षेत्रीय लचीलापन और सहयोग को सुदृढ़ करते हुए एक स्वतंत्र, खुली, समावेशी और नियम-आधारित व्यवस्था को प्रोत्साहित करता है।
  • उत्पत्ति: क्वाड की उत्पत्ति वर्ष 2004 में हिंद महासागर में आई सुनामी के बाद हुई, जहाँ भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया ने मानवीय सहायता का समन्वय किया। 
    • इसे औपचारिक रूप से वर्ष 2007 में जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे द्वारा प्रस्तावित किया गया, लेकिन वर्ष 2008 में चीन के दबाव के कारण ऑस्ट्रेलिया के इस मंच से हटने के बाद यह निष्क्रिय हो गया। हिंद-प्रशांत में चीन की मुखरता पर बढ़ती चिंताओं के बीच वर्ष 2017 में इस संवाद को पुनर्स्थापित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप वर्ष 2021 में पहला लीडर्स समिट आयोजित किया गया
  • उद्देश्य: इसका उद्देश्य स्वास्थ्य, जलवायु और स्वच्छ ऊर्जा, आधारिक संरचना, उभरती प्रौद्योगिकियों, साइबर सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद-रोध तथा मानवीय सहायता व आपदा राहत (HADR) में सहयोग के माध्यम से क्षेत्रीय एवं वैश्विक चुनौतियों का समाधान करना है।
  • विस्तार की संभावना: "क्वाड-प्लस" बैठकों में दक्षिण कोरिया, न्यूज़ीलैंड और वियतनाम जैसे राष्ट्रों को शामिल किया गया है, जो भविष्य में विस्तार की संभावना का संकेत देता है।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रश्न. 'ट्रांस-पैसिफिक पार्टनरशिप' के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2016) 

  1. यह चीन और रूस को छोड़कर प्रशांत महासागर तटीय सभी देशों के मध्य एक समझौता है।
  2.  यह केवल तटवर्ती सुरक्षा के प्रयोजन से किया गया सामरिक गठबंधन है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

(a) केवल 1
(b) केवल 2
(c) 1 और 2 दोनों
(d) न तो 1 और न ही 2

उत्तर: (d)