प्रीलिम्स फैक्ट्स: 04 दिसंबर, 2019 | 04 Dec 2019

टाइफून कम्मुरी

Typhoon Kammuri

हाल ही में तेज़ हवाओं और भारी वर्षा के साथ टाइफून कम्मुरी (Typhoon Kammuri) फिलीपींस के तट से टकराया।

Typhoon Kammuri

  • कम्मुरी, फिलीपींस में आने वाला इस वर्ष का 20वाँ टाइफून है।

टाइफून के विषय में:

  • ऊष्णकटिबंधीय चक्रवातों को चीन सागर क्षेत्र में टाइफून कहते हैं।
  • अधिकांश टाइफून जून से नवंबर के बीच आते हैं एवं दिसंबर से मई के बीच भी सीमित टाइफून आते हैं तथा ये जापान, फिलीपींस और चीन को प्रभावित करते हैं।

ऊष्णकटिबंधीय चक्रवातों के लिये आवश्यक दशाएँ:

  • गर्म तथा आर्द्र वायु का लगातार आरोहण होना चाहिये, क्योंकि चक्रवात को ऊर्जा की आपूर्ति संघनन की गुप्त ऊष्मा से होती है।
  • वृहद् समुद्र सतह तथा उसका तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से अधिक होना चाहिये।
  • निम्न वायुदाब तथा वायु का अभिसरण होना चाहिये।
  • कोरियोलिस बल की उपस्थिति।
  • धरातलीय चक्रवात के ऊपरी वायुमंडल में प्रतिचक्रवाती दशाएँ।

अंतर्राष्ट्रीय गुलामी उन्मूलन दिवस

International Day for the Abolition of Slavery

प्रत्येक वर्ष 2 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय गुलामी उन्मूलन दिवस (International Day for the Abolition of Slavery) मनाया जाता है।

Abolition of Slavery

उद्देश्य:

  • इसका उद्देश्य मानव तस्करी, बाल श्रम, आधुनिक गुलामी के अन्य रूपों जैसे- ज़बरदस्ती शादी और सशस्त्र संघर्ष के दौरान बच्चों की सेना में ज़बरन भर्ती से संबंधित मुद्दों पर जागरूकता फैलाना है।
    • संयुक्त राष्ट्र द्वारा 2 दिसंबर, 1929 को अंतर्राष्ट्रीय गुलामी उन्मूलन दिवस की शुरुआत की गई थी।

प्रमुख बिंदु:

  • संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, प्रत्येक 4 में से 1 बच्चा आधुनिक गुलामी का शिकार है।
  • अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (International Labour Organisation- ILO) के अनुसार, विश्व में लगभग 40 मिलियन लोग आधुनिक गुलामी के शिकार हैं जिसमें 15.4 मिलियन ज़बरन शादी के है और 24.9 मिलियन लोग बंधुआ श्रम में शामिल हैं।

अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन

(International Labour Organisation- ILO):

  • यह ‘संयुक्त राष्ट्र’ की एक विशिष्ट एजेंसी है, जो श्रम संबंधी समस्याओं/मामलों, मुख्य रूप से अंतर्राष्ट्रीय श्रम मानक, सामाजिक संरक्षा तथा सभी के लिये कार्य अवसर जैसे मामलों को देखती है।
  • इस संगठन की स्थापना प्रथम विश्व युद्ध के पश्चात् ‘लीग ऑफ नेशन्स’ (League of Nations) की एक एजेंसी के रूप में सन् 1919 में की गई थी। भारत इस संगठन का एक संस्थापक सदस्य रहा है।
  • इस संगठन का मुख्यालय स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा में स्थित है।

हॉर्नबिल महोत्सव

Hornbill Festival

नगालैंड राज्य के स्थापना दिवस (1 दिसंबर, 1963) के अवसर पर हर साल 10 दिवसीय हॉर्नबिल महोत्सव ( Hornbill Festival) का आयोजन किया जाता है।

Hornbill Festival

मुख्य आकर्षण:

  • इस बार राज्य में 20वें हॉर्नबिल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
  • इस बार इस महोत्सव में सिंगल यूज़ प्लास्टिक (Single Use Plastic) पर प्रतिबंध है।

नामकरण एवं शुरुआत:

  • इस महोत्सव का नामकरण हॉर्नबिल पक्षी के नाम पर किया गया है तथा इस महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2000 में की गई थी।

आयोजन:

  • इस उत्सव का आयोजन राज्य पर्यटन और कला एवं संस्कृति विभाग (State Tourism and Art & Culture Department) द्वारा किया जाता है।

महोत्सव के विषय में:

  • यह सांस्कृतिक महोत्सव नृत्य, संगीत और पारंपरिक भोजन के साथ-साथ वर्षों से अपनाई गई नगा समुदाय की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं का कलात्मक प्रदर्शन है, जो कि नगा समाज की विविधताओं को प्रदर्शित करता है।
    • इसे ‘त्योहारों का त्योहार’ भी कहा जाता है।
  • इस महोत्सव का उद्देश्य नगालैंड की समृद्ध संस्कृति को पुनर्जीवित करने तथा सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ इसकी परंपराओं को प्रदर्शित करना है।

भारतीय नौसेना दिवस

Indian Navy Day

प्रत्येक वर्ष 4 दिसंबर को भारतीय नौसेना दिवस (Indian Navy Day) मनाया जाता है।

Indian Navy Day

थीम:

  • इस दिवस को “एक मजबूत राष्ट्र के लिये सुरक्षित समुद्र और सुरक्षित तट” (Safe Seas and Secure Coasts for a strong Nation) विषय के साथ मनाया जाता है।

शुरुआत:

  • वर्ष 1971 में कराची हार्बर में पाकिस्तान के नौसेना मुख्यालय पर भारतीय नौसेना को आपरेशन ट्राइडेंट ( Operation Trident) में मिली शानदार कामयाबी की याद में यह दिवस मनाया जाता है।
  • 4 दिसंबर, 1971 को पाकिस्तान के साथ युद्ध में भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन ट्राइडेंट के तहत कराची बंदरगाह पर एक ही रात में पाकिस्तान के तीन जलपोतों को नष्ट कर दिया था।