मैग्ना कार्टा: ब्लूप्रिंट ऑफ डेमोक्रेसी | 21 Jun 2025

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

मैग्ना कार्टा (1215) आज भी संवैधानिक शासन की एक मूल आधारशिला बनी हुई है। इसके हस्ताक्षर के 810 वर्ष बाद भी इसका महत्त्व बना हुआ है। हार्वर्ड विश्वविद्यालय में इसकी पुनः खोज ने मानवाधिकारों और कानून के शासन पर इसके स्थायी प्रभाव को लेकर पूरे विश्व में नई चर्चाओं का विषय बन गया है।

मैग्ना कार्टा

  • परिचय: मैग्ना कार्टा (लैटिन: महान अधिकार-पत्र), जिस पर 15 जून, 1215 को लंदन के निकट रन्नीमीड मैदान में इंग्लैंड के राजा जॉन ने हस्ताक्षर किये थे, ने यह सिद्धांत स्थापित किया कि राजा कानून से ऊपर नहीं है और उसकी मनमानी शक्तियों को सीमित किया गया।
  • उत्पत्ति: यह तब शुरू हुआ जब बैरन (सामंतों) ने राजा जॉन के मनमाने शासन के विरूद्ध विद्रोह कर दिया और उसके अत्यधिक करों व सैन्य असफलताओं (जैसे 1204 में नॉरमैंडी की हार और 1214 में बौविंस का युद्ध) के उत्तर में औपचारिक अधिकारों की मांग की।
    • बैरन (सामंतों) को राजाओं से भूमि अनुदान मिलता था, जिसके बदले में उन्हें वफादारी दिखानी होती थी और युद्ध के समय राजा के लिये सैनिक (नाइट्स) उपलब्ध कराने होते थे।
  • कानून की सर्वोच्चता: हालाँकि मैग्ना कार्टा की सीमाएँ थीं (यह मुख्यतः अभिजात वर्ग के पुरुषों को सुरक्षा देता था, न कि किसानों या महिलाओं को), फिर भी इसने "कानून के शासन" (Rule of Law) का सिद्धांत स्थापित किया, यहाँ तक कि राजा भी कानून के अधीन था।
  • प्रावधान: इस दस्तावेज़ में 63 खंड निर्धारित किए गए हैं, जिनमें शामिल हैं:
    • खंड 39: मनमाने ढंग से गिरफ्तारी, कारावास या निर्वासन से सुरक्षा प्रदान करता है, और यह सुनिश्चित करता है कि केवल समान दर्जे के व्यक्तियों के वैध निर्णय या देश के कानून के अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी।
    • खंड 40: यह आश्वासन देता है कि न्याय को बेचा नहीं जाएगा, अस्वीकार नहीं किया जाएगा और विलंबित नहीं किया जाएगा।
  • विरासत: इसने बंदी प्रत्यक्षीकरण जैसे सिद्धांतों और मनमानी हिरासत के विरुद्ध कानूनी संरक्षणों को प्रेरित किया।
  • इसने अमेरिकी क्रांति के दौरान संयुक्त राज्य अमेरिका के संविधान और बिल ऑफ राइट्स को प्रभावित किया।
  • यह अब भी सत्तात्मकता के विरुद्ध प्रतिरोध और कानून के तहत व्यक्तिगत अधिकारों के दावे का प्रतीक बना हुआ है।

और पढ़ें: भारतीय संविधान की प्रमुख विशेषताएँ