मच्छू नदी | 02 Nov 2022

हाल ही में गुजरात के मोरबी ज़िले में मच्छू नदी पर निर्मित सस्पेंशन ब्रिज गिर गया, जिसमें लगभग 135 लोग मारे गए।

  • सस्पेंशन ब्रिज या झूलता पुल, वर्ष1877 में मोरबी रियासत के शासक सर वाघजी ठाकोर द्वारा बनाया गया था।
  • इसे 'मोरबी के शासकों की प्रगतिशील और वैज्ञानिक प्रकृति' को प्रतिबिंबित करने के लिये बनाया गया था। इसका उद्घाटन वर्ष 1879 में तत्कालीन बॉम्बे गवर्नर रिचर्ड टेम्पल ने किया था।

सस्पेंशन ब्रिज:

  • सस्पेंशन ब्रिज एक प्रकार का पुल होता है जिसमें डेक (मुख्य पथ) को सस्पेंशन तारों के सहारे नीचे लटका दिया जाता है।
  • पुल के दोनों छोर पर ठोस एवं कड़े गर्डर, दो या दो से अधिक मुख्य सस्पेंशन तार, टावर और केबल एंकरेज इस पुल के प्राथमिक संरचनात्मक तत्त्व हैं।
  • मुख्य तार टावरों के बीच सस्पेंडेड (झूलता हुआ) होता है और एंकरेज या पुल से ही जुड़ा होता है। डेक (मुख्य पथ) का वज़न एवं उस पर आवगमन करने वाले यात्रियों का भार संभालने का काम वर्टिकल सस्पेंडर्स करता है।
  • इस डिज़ाइन से यह सुनिश्चित होता है कि सस्पेंशन तार पर पड़ने वाला भार, दोनों छोर के टावरों पर स्थानांतरित हो जाता है और फिर एंकरेज केबल्स के माध्यम से यह भार लंबवत संपीड़न द्वारा ज़मीन पर पड़ता है।

Forces-at-play

मच्छू नदी:

Gujarat

  • परिचय : मच्छू नदी गुजरात के सुरेंद्रनगर ज़िले में मदला पहाड़ियों से निकलती है और कच्छ के रण में 141.75 किमी. तक बहते हुए समाप्त हो जाती है।
  • सहायक नदियाँ: बेटी, असोई, जंबुरी, बेनिया, मछछोरी, महा आदि मच्छू नदी की सहायक नदियाँ हैं।
  • बाँध: सौराष्ट्र क्षेत्र में सिंचाई हेतु इस पर दो बाँध बनाए गए हैं।

मोरबी ज़िले का महत्त्व:

  • यह सिरेमिक उद्योग के लिये प्रसिद्ध है। भारत के सिरेमिक का लगभग 70% मोरबी में उत्पादित किया जाता है और यहाँ निर्मित सिरेमिक टाइलें मध्य-पूर्व, पूर्वी एशिया एवं अफ्रीका के देशों को निर्यात की जाती हैं।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रश्न. निम्नलिखित नदियों पर विचार कीजिये:

  1. ब्राह्मणी
  2. नागावली
  3. सुवर्णरेखा
  4. वंशधारा

उपर्युक्त में से कौन पूर्वी घाट से निकलती है?

(a) 1 और 2
(b) 2 और 4
(c) 3 और 4
(d) 1 और 3

उत्तर: b

व्याख्या:

  • ब्राह्मणी नदी, जिसे दक्षिण की कोयल के नाम से भी जाना जाता है, झारखंड के राँची ज़िले के नगरी गाँव के पास से निकलती है। अतः 1 सही नहीं है।
  • नागावली नदी ओडिशा के कालाहांडी ज़िले में स्थित लखबहल के पास पूर्वी घाट से निकलती है। लांगुल्या नागावली नदी का दूसरा नाम है। अतः 2 सही है।
  • सुवर्णरेखा नदी झारखंड के राँची ज़िले के नगरी गाँव के पास छोटा नागपुर पठार से निकलती है। अत: 3 सही नहीं है।
  • वंशधारा नदी ओडिसा के पूर्वी घाट से निकलती है और भमिनी मंडल में श्रीकाकुलम ज़िले में प्रवेश करती है एवं अंत में कलिंगपट्टनम के पास बंगाल की खाड़ी में गिरती है। अतः 4 सही है।

अतः विकल्प (b) सही है।

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस