रैपिड फायर
INS महेंद्रगिरि भारतीय नौसेना में शामिल
- 06 May 2026
- 19 min read
भारतीय नौसेना ने हाल ही में INS महेंद्रगिरि प्राप्त किया, जो नीलगिरि-श्रेणी (प्रोजेक्ट 17A) का छठा युद्धपोत है। यह युद्धपोत डिज़ाइन एवं निर्माण में भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि को चिह्नित करता है।
- यह INS दुनागिरि एवं INS तारागिरि सहित बहु-भूमिका स्टेल्थ फ्रिगेट्स की शृंखला का नवीनतम सदस्य है, जो भारतीय नौसेना के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण प्रगति को दर्शाता है।
INS महेंद्रगिरि
- डिज़ाइन एवं विशेषताएँ: वॉरशिप डिज़ाइन ब्यूरो (WDB) द्वारा अभिकल्पित यह फ्रिगेट CODOG (कंबाइंड डीज़ल या गैस) प्रणोदन प्रणाली, उन्नत सेंसरों तथा सतह-विरोधी, वायु-विरोधी एवं पनडुब्बी-रोधी अभियानों के लिये बहुउद्देश्यीय हथियार प्रणाली से सुसज्जित है।
- इस फ्रिगेट में 75% स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है, जो स्वदेशी युद्धपोत निर्माण में भारत की बढ़ती क्षमता को प्रदर्शित करता है।
- स्टेल्थ क्षमता: इस पोत को निम्न रडार क्रॉस-सेक्शन (RCS) के साथ डिज़ाइन किया गया है, जिससे शत्रु के सेंसरों एवं रडारों के लिये इसकी पहचान कठिन हो जाती है।
- इसकी प्रमुख विशेषताओं में रडार-अवशोषक कोटिंग्स, समतल रूप से स्थापित हथियार तथा इन्फ्रारेड सिग्नेचर को कम करने हेतु विशेष एग्जॉस्ट प्रणाली शामिल हैं।
- मारक क्षमता: ब्रह्मोस मिसाइलों, MFSTAR रडार एवं MRSAM वायु रक्षा प्रणाली से लैस INS महेंद्रगिरि भारत की आक्रामक एवं रक्षात्मक दोनों प्रकार की युद्धक क्षमताओं को सुदृढ़ करता है।
- महत्त्व: स्वदेशी युद्धपोतों के बढ़ते बेड़े भारत के ब्लू-वॉटर ऑपरेशनल क्षमताओं को सुदृढ़ करने तथा हिंद महासागर क्षेत्र में निरंतर रणनीतिक उपस्थिति बनाए रखने के व्यापक प्रयासों को प्रतिबिंबित करते हैं।
प्रोजेक्ट 17A
- परिचय: प्रोजेक्ट 17A, जिसे नीलगिरि-श्रेणी के नाम से भी जाना जाता है, शिवालिक-श्रेणी (प्रोजेक्ट 17) के अनुवर्ती कार्यक्रम के रूप में विकसित सात स्टेल्थ निर्देशित-मिसाइल फ्रिगेट्स के विकास एवं तैनाती से संबंधित है।
- महत्त्व: प्रोजेक्ट 17A के फ्रिगेट्स को ब्लू-वॉटर ऑपरेशंस के लिये डिज़ाइन किया गया है, जिससे भारतीय नौसेना विशाल समुद्री दूरियों तक शक्ति-प्रदर्शन करने तथा समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम होती है।
|
और पढ़ें: INS तारागिरि |
