इंडिया AI स्टैक | 06 Feb 2026
भारत ने AI को लोकतांत्रिक बनाने और स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा एवं शासन के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर इसके कार्यान्वयन को सक्षम बनाने के लिये इंडिया AI स्टैक प्रस्तुत किया है।
इंडिया AI स्टैक
- परिचय: AI स्टैक आपस में जुड़ा पाँच लेयर वाला एक एकीकृत ढाँचा है, जो AI अनुप्रयोगों के कार्यान्वयन विस्तार को विश्वसनीय, किफायती और समावेशी तरीके से संभव बनाता है।
- यह AI को केवल प्रयोगों के दायरे से बाहर निकालकर विभिन्न क्षेत्रों में वास्तविक और व्यापक स्तर पर प्रभाव डालने में सक्षम बनाता है।
- मुख्य लेयर:
- एप्लीकेशन लेयर: यह स्टैक के यूज़र-फेसिंग कंपोनेंट को दर्शाती है। इसमें रोग निदान उपकरण, कृषि परामर्श प्लेटफॉर्म, चैटबॉट्स और भाषा अनुवाद एप्लीकेशन जैसी AI-संचालित ऐप और सेवाएँ शामिल हैं।
- AI मॉडल लेयर: यह स्टैक का बौद्धिक/इंटेलिजेंस कोर है, जिसके अंतर्गत इंडियाAI मिशन, भारतजेन, भाषिणी और इंडियाAI कोष जैसी पहलों के माध्यम से भारत-केंद्रित, सॉवरेन AI मॉडल विकसित किये जा रहे हैं, जो भारतीय भाषाओं, लोक सेवाओं तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं का समर्थन करते हैं।
- कंप्यूटिंग लेयर: यह AI मॉडलों के प्रशिक्षण और संचालन के लिये आवश्यक कंप्यूटिंग शक्ति प्रदान करती है। इसे इंडियाAI कंप्यूट पोर्टल के माध्यम से सब्सिडीयुक्त GPU और TPU तक पहुँच, राष्ट्रीय GPU क्लस्टर, सुपरकंप्यूटर तथा विकसित हो रहे घरेलू सेमीकंडक्टर ईकोसिस्टम का समर्थन प्राप्त है।
- डेटा सेंटर और नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर लेयर: यह AI की तैनाती की रीढ़ (बैकबोन) के रूप में कार्य करती है, जो देशव्यापी ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी, लगभग सार्वभौमिक 5G कवरेज और मुंबई, बंगलुरु तथा हैदराबाद जैसे केंद्रों के साथ तेज़ी से बढ़ती घरेलू डेटा सेंटर क्षमता द्वारा संचालित है।
- एनर्जी लेयर: यह 500+ गीगावाट संस्थापित क्षमता का 51% से अधिक गैर-जीवाश्म स्रोतों, बैटरी स्टोरेज, पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स और परमाणु ऊर्जा समर्थन के माध्यम से विश्वसनीय तथा सतत विद्युत आपूर्ति करती है।
- महत्त्व: यह समावेशी, सॉवरेन और किफायती AI को सक्षम बनाकर 'मानवता के लिये AI' को बढ़ावा देता है। यह विदेशी मॉडल और कंप्यूट पर निर्भरता कम करता है, साथ ही AI के विकास को स्थिरता, आत्मनिर्भरता और जन कल्याण के अनुरूप बनाता है।
|
और पढ़ें: इंडियाAI मिशन और AI ईकोसिस्टम |
