वॉयस ऑफ ओशियन अभियान | 19 Jul 2019

चर्चा में क्यों ?

हाल ही में UNEP ने सचरमैन (Schurmann) परिवार के साथ समुद्री प्रदूषण के संबंध में जागरूकता के लिये वॉयस ऑफ ओशियन अभियान में साझेदारी हेतु समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं।

प्रमुख बिंदु:

ब्राज़ील के सचरमैन परिवार और UNEP के बीच वॉयस ऑफ ओसियन के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए हैं। सचरमैन परिवार हमेशा से क्लीन सीज़ अभियान (Clean Seas campaign) का समर्थक रहा है।

वॉयस ऑफ ओशिसियन (Voice of the Oceans):

  • यह परियोजना समुद्री प्रदूषण के प्रभाव के बारे में जागरूकता बढ़ाने का कार्य करती है। साथ ही समुद्र को लेकर परिवारों के अनुभव और निष्कर्षों के रिकॉर्ड को भी साझा करती है।
  • इस अभियान की शुरुआत सर्फाइडर फाउंडेशन यूरोप (Surfrider Foundation Europe- SFE) द्वारा तटीय और महासागरीय प्रदूषण को कम करने हेतु बेल्ज़ियम, बुल्गारिया, फ्राँस, पुर्तगाल और स्पेन के लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिये की गई थी।
  • वर्तमान में वॉयस ऑफ ओशियन अभियान में विश्व के 59 देश भाग ले रहे हैं।
  • SFE, UNESCO के साथ 5 जून को आयोजित होने वाले वैश्विक सम्मेलन का भी हिस्सा होता है।

सचरमैन (Schurmann) परिवार:

  • सचरमैन परिवार एक पालनौका (Sailboat) से विश्व भ्रमण करने वाला पहला लैटिन अमेरिकी परिवार है।
  • यह परिवार समुद्री प्रदूषण को समाप्त करने के लिये जागरूकता अभियान चलाता है।
  • यह परिवार ऑनलाइन स्कूल कार्यक्रमों, फिल्मों और टीवी कार्यक्रमों जैसे- रेडे ग्लोबो (Rede Globo), नेशनल जियोग्राफिक (National Geographic) के माध्यम से विश्व भर में जागरूकता अभियानों में सक्रिय है।
  • सचरमैन परिवार 12 दिसंबर, 2019 को ब्राज़ील से 18 महीने के वॉयस ऑफ द ओशियन के विश्व भ्रमण पर पालनौका (Sailboat) से रवाना होगा। इस अभियान में सचरमैन परिवार UNEP की सहायता से समुद्री प्रदूषण की स्थिति को रिकॉर्ड करेगा।
  • अनुमान के अनुसार, हर वर्ष 8 से 13 मिलियन टन प्लास्टिक कचरा समुद्रों में पहुँचता है। इस कचरे से जल प्रदूषण के अलावा प्रतिवर्ष 100,000 समुद्री जानवरों और 1 मिलियन पक्षियों की मृत्यु हो जाती है।
  • इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समुद्री प्रदूषण के संभावित समाधानों की पहचान करना, सरकार, निजी क्षेत्रों और जनता को समुद्रों की सफाई हेतु प्रेरित करना एवं प्लास्टिक से समुद्र को मुक्त करने संबंधी नवाचारों को प्रेरित करना है।
  • वॉयस ऑफ द ओशियन पृथ्वी के 40 रणनीतिक स्थानों को कवर करेगा, जिसमें ब्राज़ील के फर्नांडो डी नोरोन्हा (Fernando de Noronha), न्यूयॉर्क के मैनहट्टन (Manhattan), न्यूज़ीलैंड के ऑकलैंड (Auckland) और प्रशांत महासागर के ड्यूकी द्वीप (Ducie Island) जैसे स्थान शामिल हैं।
  • यह अभियान गीयर (Gyres) का भी अध्ययन करेगा। गीयर (Gyres) वह क्षेत्र होता है, जहाँ पर समुद्री धाराएँ प्लास्टिक कचरे के मलबों का संग्रह कर क्लस्टर बनाती हैं।

क्लीन सीज़ अभियान (Clean Seas campaign):

  • क्लीन सीज़ अभियान की शुरुआत UN पर्यावरण द्वारा इंडोनेशिया के बाली में इकोनॉमिस्ट वर्ल्ड ओशियन समिट के दौरान हुई।
  • यह अभियान सरकारों से उत्पादन और पैकेजिंग में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने संबंधी नीतियों हेतु प्रेरित करता है।
  • यह अभियान लोगों से भी समुद्री प्लास्टिक प्रदूषण को हतोत्साहित करने के लिये आग्रह करता है।