3.8 मिलियन वर्ष पुरानी मानव खोपड़ी | 30 Aug 2019

चर्चा में क्यों?

इथियोपिया (Ethiopia) में वैज्ञानिकों ने मानव की लगभग 3.8 मिलियन वर्ष पुरानी खोपड़ी (Skull) की खोज की है। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह एक अतिमहत्त्वपूर्ण खोज है एवं इसमें मानव विकास की समझ को एक स्तर आगे ले जाने की क्षमता है।

प्रमुख बिंदु:

  • शोधकर्त्ताओं ने इसे एमआरडी-वीपी-1/1 (MRD-VP-1/1) नाम दिया है जिसे संक्षिप्त में एमआरडी (MRD) भी कहा जाता है।
  • इथियोपिया में इस खोपड़ी की खोज करने वाले शोधकर्त्ताओं का कहना है कि यह खोपड़ी ऑस्ट्रेलोपिथेकस एनामेंसिस (Australopithecus Anamensis) नामक प्रजाति से संबंधी है।
  • यह ऑस्ट्रेलोपिथेकस समूह (Australopithecus Group) का सबसे पुराना ज्ञात सदस्य है।
    • ऑस्ट्रेलोपिथेकस, प्रारंभिक मानव के पूर्वजों की एक प्रमुख प्रजाति है जो 1.5 से 4 मिलियन साल पहले मौजूद थी।
    • यह ऐसा समय था जब हमारे पूर्वजों ने दो पैरों पर चलना सीख लिया था, परंतु अभी भी उनका चेहरा कुछ-कुछ बंदरों से मिलता था और उनका जबड़ा भी अपेक्षाकृत काफी बड़ा और मज़बूत था।
  • प्रारंभ में शोधकर्त्ताओं का मानना था कि यह खोपड़ी लूसी (आधुनिक मनुष्यों के प्राचीन पूर्वज) की प्रजाति ऑस्ट्रेलोपिथेकस एफरेन्सिस (Australopithecus Afarensis) से संबंधित है, परंतु नवीन शोध से यह मालूम हुआ कि आस्ट्रेलोपिथेकस एफरेन्सिस और ऑस्ट्रेलोपिथेकस एनामेंसिस प्रजातियाँ दोनों ही इथियोपिया में प्रागैतिहासिक काल के दौरान एक साथ कम-से-कम 100,000 सालों तक उपस्थित थीं।
  • यह दर्शाता है कि शुरुआती मानव विकास की घटना जिस रूप में देखी जाती है, वह उससे भी काफी जटिल है। परंतु इस संदर्भ में कुछ विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि ये सबूत पर्याप्त नहीं हैं और हमें अधिक उपयोगी सबूत खोजने होंगे।

पहले भी हुई हैं कई महत्त्वपूर्ण खोजें

  • वर्ष 2001 में पुरातत्त्वविदों ने मध्य अफ्रीका के एक देश चाड (Chad) में टूमाई (Toumai), जो कि सहेलंथ्रोपस टैक्डेन्सिस (Sahelanthropus Tchadensis) की प्रजाति से संबंधित है, के 7 मिलियन वर्ष पुराने अवशेष प्राप्त किये थे। यह अनुमान था कि टूमाई मानव वंश का पहला प्रतिनिधि था।
  • अर्डी (Ardi) जो कि एक अन्य प्रजाति है, की खोज वर्ष 1994 में इथियोपिया में की गई थी और अनुमान है कि यह लगभग 4.5 मिलियन वर्ष पुरानी है।
  • लुसी (Lucy) जो कि आस्ट्रेलोपिथेकस एफरेन्सिस से संबंधित है, की खोज भी इथियोपिया मे ही वर्ष 1974 में की गई थी और इसके संदर्भ में यह माना जाता है कि यह लगभग 3.2 मिलियन वर्ष पुराना है।
  • आस्ट्रेलोपिथेकस एफरेन्सिस सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाली प्रारंभिक मानव प्रजाति है।

स्रोत: द हिंदू एवं इंडियन एक्सप्रेस