Rapid Fire करेंट अफेयर्स (06 November) | 06 Nov 2019

  • भारत-रूस उच्च स्तरीय परामर्श: हाल ही में नई दिल्ली में आतंकवाद से निपटने के लिये भारत-रूस संयुक्त कार्यदल की 11वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों पक्षों ने आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा की एवं इसका व्यापक और सतत् रूप से मुकाबला करने के लिये अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मज़बूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
  • अभिनेता रजनीकांत: भारत सरकार ने प्रथम बार 'भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की स्वर्ण जयंती के प्रतीक' के रूप में एक विशेष पुरस्कार का गठन किया है, इस पुरस्कार को प्रख्यात फिल्म अभिनेता एस. रजनीकांत को प्रदान किया जाएगा। उनका जन्म 12 दिसंबर, 1950 को कर्नाटक के एक मराठी भाषी परिवार में हुआ था। उनका मूल नाम शिवाजी राव गायकवाड़ है। भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण (वर्ष 2000) और पद्म विभूषण (वर्ष 2016) से सम्मानित किया है। 45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (वर्ष 2014) में उन्हें "भारतीय फिल्म अभिनेता के तौर पर शताब्दी पुरस्कार" से सम्मानित किया गया।
  • अभिनेत्री इसाबेल हूपर्ट: भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) 2019 के स्वर्ण जयंती समारोह में अपनी पीढ़ी की फ्राँस की सबसे प्रसिद्ध और लोकप्रिय अभिनेत्री इसाबेल ऐनी मैडेलिन हूपर्ट को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, IFFI समारोह का सर्वोच्च सम्मान और सर्वाधिक प्रतिष्ठित पुरस्कार है। इस पुरस्कार के अंतर्गत रुपए 10,000,00/- का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाता है। फ्राँसीसी अभिनेत्री को उनके उल्लेखनीय कलात्मक कौशल और सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिये इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
  • वर्ल्‍ड ट्रैवल मार्केट 2019: केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय 4 से 6 नवंबर, 2019 के दौरान लंदन (ब्रिटेन) में आयोजित तीन दिवसीय वर्ल्‍ड ट्रैवल मार्केट (WTM) में भाग ले रहा है। WTM 2019 में इंडिया पवेलियन की थीम ‘अतुल्‍य भारत – अतुल्‍य भारत को जानें’ है। भारत के विभिन्‍न पर्यटन अवयवों को प्रदर्शित करने के अलावा इस वर्ष महात्‍मा गांधी की 150वीं जयंती और स्‍टैच्‍यू ऑफ यूनिटी का भी प्रचार-प्रसार WTM 2019 के इंडिया पवेलियन में किया जा रहा है। WTM विश्‍वभर के यात्रा एवं पर्यटन उद्योग के लिये एक ऐसी अनूठी प्रदर्शनी है। यह कारोबारियों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने एवं इनके पारस्‍परिक संवाद वाली प्रदर्शनी है।
  • व्यास सम्मान: वर्ष 2019 के व्यास सम्मान के लिये हिंदी की उत्कृष्ट साहित्यकार नासिरा शर्मा को चुना गया है। नासिरा शर्मा को यह पुरस्कार उनके उपन्यास कागज की नाव के लिये चुना गया है। यह पुरस्कार केके बिरला फाउंडेशन की ओर से 10 वर्ष की अवधि में प्रकाशित सर्वश्रेष्ठ हिंदी की साहित्यिक कृति को दिया जाता है। इस पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1991 में की गई थी तथा इसमें 4 लाख रुपए, प्रशस्ति पत्र और एक प्रतीक चिह्न प्रदान किया जाता है।