Rapid Fire करेंट अफेयर्स (29 March) | 29 Mar 2019

  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने दुनियाभर में आतंकवादी गतिविधियों और आतंकी गुटों की फंडिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से एक नया प्रस्ताव पारित किया है। आतंकवादी गतिविधियों को मिलने वाले वित्तीय समर्थन को रोकने के लिये सुरक्षा परिषद का यह प्रस्ताव संख्या 2462 कुछ पुराने प्रस्तावों को साथ लाकर बनाया गया एक समाहित दस्तावेज़ है, जिसमें कई मुख्य उभरते हुए मुद्दों को ध्यान में रखा गया है। इस प्रस्ताव में संयुक्त राष्ट्र आतंकवाद निरोधक कार्यालय (UNOCT) से आतंकी गतिविधियों को वित्तीय समर्थन रोकने के लिये रास्तों की पहचान करने में अग्रणी भूमिका निभाने को कहा गया है। गौरतलब है कि वैश्विक स्तर पर आतंकवाद विरोधी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिये 2017 में UNOCT का गठन किया गया था। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में यह प्रस्ताव बेहद सामयिक है और इससे आतंकवाद को मिलने वाले वित्तीय समर्थन को रोकने में मदद मिलेगी।
  • भारत और अफ्रीकन यूनियन ने हेल्थकेयर को लेकर एक समझौता किया है, जिसके तहत इस क्षेत्र में एक रोडमैप बनाकर स्वास्थ्य क्षेत्र में अनुसंधान और विकास, क्षमता निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं, दवा व्यापार और दवाओं तथा निदान के लिये विनिर्माण क्षमताओं में सहयोग करने पर सहमति बनी है। आपको बता दें कि स्वास्थ्य क्षेत्र में एक संरचित और ठोस साझेदारी के माध्यम से तीसरे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन (IAFS) के रणनीतिक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिये, विदेश मंत्रालय ने भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के साथ भागीदारी में संयुक्त रूप से प्रथम भारत-अफ्रीका स्वास्थ्य विज्ञान की बैठक 2016 में नई दिल्ली में आयोजित की थी। इस बैठक में विचार-विमर्श के बाद ICMR ने भारत-अफ्रीका स्वास्थ्य विज्ञान सहयोग मंच (IAHSP) की स्थापना करके एक संरचित और संगठित तरीके से स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग शुरू करने और उसे मज़बूती प्रदान करने पर काम करना शुरू किया था।
  • भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने युविका नाम से युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम लॉन्च किया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मुख्य रूप से अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष विज्ञान और अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर बुनियादी ज्ञान प्रदान करने के साथ उन युवाओं को अंतरिक्ष गतिविधियों को समझने में मदद करेगा, जो वैज्ञानिक बनकर अपना करियर संवारना चाहते हैं। इसके तहत प्रत्येक राज्य या केंद्रशासित प्रदेश से 9वीं कक्षा के तीन छात्रों को इसरो केंद्र में जाने और प्रख्यात वैज्ञानिकों से बात करने का मौका मिलेगा। इस दौरान वे इसरो की प्रयोगशाला और सुविधाओं को भी देख सकेंगे। दो सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में हर राज्य या केंद्रशासित प्रदेश से 9वीं के सिर्फ तीन विद्यार्थियों को चुना जाएगा।
  • भारत और अर्जेंटीना के बीच अंटार्कटिक सहयोग को लेकर हुए समझौते को भारत सरकार ने मंज़ूरी दे दी है। इस समझौते से पृथ्वी विज्ञान से जुड़ी परियोजनाओं के साथ-साथ अंटार्कटिका और दक्षिणी महासागर के प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा करने और उसके संरक्षण के लिये वैज्ञानिक सहयोग स्थापित करने में मदद मिलेगी। इससे अंटार्कटिका और उससे संबंधित पर्यावरण प्रणालियों के अध्ययन से जुड़ी वैज्ञानिक और ग्रंथात्मक जानकारी का आदान- प्रदान करना भी आसान हो जाएगा।
  • ऑस्ट्रेलियन अंटार्कटिक प्रोग्राम के शोधकर्त्ताओं ने पूर्वी अंटार्कटिका के सबसे बड़े ग्लेशियर टॉटेन में 160 दिनों तक चले एक अभियान के दौरान यह पाया कि वहाँ बर्फ के नीचे झीलों का एक बड़ा नेटवर्क छिपा हुआ है। इस खोज से यह पता लगाने में आसानी हो सकती है कि भविष्य में ध्रुवीय बर्फ के पिघलने से दुनिया के महासागर किस प्रकार प्रभावित होंगे। अनुमान है कि 30 किमी. लंबा और लगभग 2 किमी. मोटी बर्फ वाला टॉटेन ग्लेशियर यदि पिघल जाए तो समुद्र का जलस्तर 7 मीटर तक बढ़ सकता है।
  • अमेरिका में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक नई तकनीक का विकास किया है, जिसकी सहायता से चालक रहित कार चलाना आसान हो जाएगा। इस तकनीक में चालक रहित कारें अपने हर पिछले अनुभव से सीख लेते हुए अपनी कार्यक्षमता में सुधार करती जाएंगी। शोधकर्त्ताओं ने निकी और शेली नामक दो चालक विहीन कारों से रेसट्रैक पर इस तकनीक का परीक्षण किया। वैज्ञानिकों ने अधिक नियंत्रण वाली प्रणाली बनाने के लिये कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) वाले कंप्यूटर सिस्टम की तरह का न्यूरल नेटवर्क बनाया, जो पिछले अनुभवों के आधार पर डेटा एकत्र करता है। साथ ही इसमें भौतिकी से जुड़े कई सिद्धांत भी शामिल हैं।
  • स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरपोर्ट अवार्ड में सिंगापुर के चांगी हवाई अड्डे को लगातार सातवीं बार दुनिया का सर्वश्रेष्ठ उड्डयन हब बताया गया है। यह हवाई अड्डा छत पर बने स्वीमिंग पूल, दो 24 घंटे चलने वाले फिल्म थिएटर व शॉपिंग स्पॉट के लिये जाना जाता है। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे को 59वाँ स्थान मिला है, इसे 2018 में 66वाँ स्थान मिला था। हवाई अड्डों की यह सूची ब्रिटेन स्थित स्काईट्रैक्स संकलित करता है। यह एक कंसल्टिंग कंपनी है, जो एयरलाइन्स व हवाई अड्डों की समीक्षा व रैंकिंग का कार्य करती है, जिसमें 100 हवाई अड्डे शामिल हैं। स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरपोर्ट अवार्ड के लिये वैश्विक हवाई अड्डा ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में उपभोक्ताओं ने वोट दिया था। यह पुरस्कार अंतर्राष्ट्रीय हवाई यात्रियों के बीच हवाई अड्डे की लोकप्रियता को रेखांकित करता है।