Rapid Fire करेंट अफेयर्स (25 March) | 25 Mar 2019

  • 21 मार्च को दुनियाभर में अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस (International Day of Forest) का आयोजन किया जाता है। विश्व में वन आवरण की कमी और वन संरक्षण की बढ़ती आवश्यकता के बारे में लोगों को जागरूक करना इस दिवस को मनाने का प्रमुख उद्देश्य है।  28 नवंबर 2012 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस के रूप में मनाने के लिये एक प्रस्ताव पारित किया था। 2019 के अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस की थीम Forests and Education रखी गई है।
  • 23 मार्च को देशभर में शहीद दिवस का आयोजन किया गया। 1931 में 23 मार्च को ही ब्रिटिश सरकार ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फाँसी पर लटका दिया था। इनके बलिदान की याद में इस दिन को शहीद दिवस का दर्जा दिया गया है। इन तीनों को सज़ा 24 मार्च को दी जानी थी, लेकिन 23 मार्च को लाहौर सेंट्रल जेल के भीतर इन्हें फाँसी दे दी गई। भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने 1928 में लाहौर में एक ब्रिटिश जूनियर पुलिस अधिकारी जॉन सॉन्डर्स की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसका मुकदमा लाहौर षड्यंत्र केस के नाम से चलाया गया था और इसके लिये तीनों को फाँसी की सज़ा सुनाई गई थी। आपको बता दें कि महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी को देशभर में शहीदी दिवस का आयोजन किया जाता है।
  • कैबिनेट की सुरक्षा समिति ने अलगाववादी संगठन जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) पर प्रतिबंध लगा दिया है। अलगाववादी नेता यासीन मलिक की अगुवाई वाले इस संगठन को गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम, 1967 के विभिन्न प्रावधानों के तहत प्रतिबंधित किया गया है। केंद्र सरकार का कहना है कि JKLF के खिलाफ इस बात की पुख्ता जानकारी और सबूत हैं कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिये खतरा हो सकता है। गौरतलब है कि यह जम्मू-कश्मीर में दूसरा संगठन है, जिसे इस महीने प्रतिबंधित किया गया है। इससे पहले केंद्र सरकार ने जमात-ए-इस्लामी जम्मू-कश्मीर पर प्रतिबंध लगा दिया था।
  • रक्षा मंत्रालय ने नए नौसेना प्रमुख के पद पर वाइस एडमिरल करमबीर सिंह को नियुक्त करने का फैसला किया है। फिलहाल वह विशाखापत्तनम की पूर्वी कमांड की अगुवाई कर रहे हैं। करमबीर सिंह देश के 24वें नौसेना प्रमुख होंगे। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी खड़गवासला से प्रशिक्षण प्राप्त अतिविशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित करमबीर सिंह 1980 में भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। आपको बता दें कि वर्तमान नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा 31 मई को रिटायर हो रहे हैं।
  • चेन्नई स्थित भारतीय रेलवे की सबसे पुरानी इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) चालू वित्त वर्ष में लगभग 3000 रेलवे कोच बनाकर दुनिया की सबसे बड़ी कोच बनाने वाली फैक्टरी बन गई है। ICF ने अब तक सबसे ज़्यादा रेल कोच का निर्माण करने वाली चीन की कोच फैक्टरी को पीछे छोड़ दिया है, जिसने इसी अवधि में लगभग 2600 रेल कोच का निर्माण किया। देश की सबसे तेज़ ट्रेन वंदे भारत के कोच भी ICF में ही बनाए गए हैं। ICF के अलावा देश में उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मॉडर्न कोच फैक्टरी और पंजाब के कपूरथला में रेल कोच फैक्टरी है।
  • भारत और ओमान ने श्रीलंका में तेल रिफाइनरी बनाने के लिये समझौता किया है। भारत का ऑकार्ड समूह और ओमान का तेल मंत्रालय एक संयुक्त उद्यम के ज़रिये 3.85 अरब डॉलर के निवेश से श्रीलंका में रिफाइनरी लगाने जा रहे हैं। ओमान के तेल मंत्रालय और भारत के ऑकार्ड समूह के स्वामित्व वाला सिंगापुर स्थित निवेश निकाय जो तेल रिफाइनरी लगाने जा रहा है वह श्रीलंका में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश बताया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत हंबनटोटा बंदरगाह के निकट तेल रिफाइनरी का निर्माण किया जाएगा। आपको बता दें कि चीन भी श्रीलंका की कई बड़ी परियोजनाओं में निवेश कर रहा है, जिसमें हंबनटोटा बंदरगाह भी शामिल है।
  • मलेशिया के लांगकावी में 26 मार्च से 30 मार्च तक अंतर्राष्ट्रीय मैरीटाइम एयरो एक्सपो (LIMA-2019) आयोजित किया जा रहा है। भारतीय वायुसेना पहली बार इस मैरीटाईम एयरो एक्सपो में भाग ले रही है। इस एयरो एक्सपो में स्वदेश में विकसित LCA युद्धक विमान को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिये भारतीय वायुसेना की टीम वायु सेना स्टेशन कलईकुंडा से रवाना हुई। LIMA-2019 में भारतीय वायुसेना की भागीदारी से दोनों देशों की वायुसेनाओं के बीच निकट संपर्क कायम हो सकेगा। इससे मलेशियाई वायुसेना को भी भारत के LCA की क्षमताओं को परखने का अवसर मिलेगा।
  • पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस आसिफ सईद खोसा ने आतंकवाद की परिभाषा तय करने का फैसला किया है। आतंकवाद को परिभाषित करने और इसके दायरे में आने वाले मामलों का निर्धारण करने लिये सात न्यायाधीशों पीठ गठित की गई है। पाकिस्तान के चीफ जस्टिस के अनुसार 1997 से यह निर्धारित नहीं किया गया कि किस तरह के मामले आतंकवाद के दायरे में आएंगे। आतंकवाद की परिभाषा को लेकर उस समय विचार हुआ जब न्यायालय दो मामलों में पुनर्विचार याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था। इन दोनों मामलों में आरोपियों को आतंकवाद निरोधी अधिनियम की धारा-7 के तहत आरोपित किया गया था जो आतंकी कृत्य के लिये सज़ा से संबंधित है। पाकिस्तान में ‘आतंकवाद’ शब्द की कोई सटीक और व्यापक रूप से स्वीकार्य परिभाषा नहीं है।
  • भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने मेज़बान नेपाल को 3-1 से पराजित कर लगातार पाँचवीं बार सैफ (South Asian Football Federation-SAFF) महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया। नेपाल के बिराटनगर के शहीद रंगशाला स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत की तरफ से डालमिया छिब्बर, ग्रेस डेंगमई और अंजु तमांग ने गोल दागे, जबकि नेपाल की तरफ से सबित्रा भंडारी ने एकमात्र गोल किया। इस विजय के बाद चैंपियनशिप में भारत का अपराजेय रहने का रिकॉर्ड 23 मैचों का हो गया। भारत ने अब तक इस टूर्नामेंट के पाँचों खिताब जीते हैं, भारत ने पहला खिताब 2010 में जीता था।