Rapid Fire करेंट अफेयर्स (16 March) | 16 Mar 2019

  • 15 मार्च को विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस का आयोजन हुआ। इस वर्ष विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस की थीम Trusted Smart Products रखी गई है। हमारे देश की एक बड़ी आबादी अशिक्षित है, जो अपने अधिकारों और कर्त्तव्यों के प्रति अनभिज्ञ है, लेकिन उपभोक्ता अधिकारों के मामले में शिक्षित लोग भी अपने अधिकारों के प्रति उदासीन नज़र आते हैं। इसी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिये इस दिवस का आयोजन किया जाता है। उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने के लिये देश में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 1986 बनाया गया है। उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण के लिये देशभर में 500 से भी अधिक ज़िला उपभोक्ता फोरम हैं तथा प्रत्येक राज्य में एक राज्य उपभोक्ता आयोग है, जबकि राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग नई दिल्ली में स्थित है। भारत में हर साल 24 दिसंबर को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस मनाया जाता है।
  • IIT गुवाहाटी, IIT मंडी और IISC बेंगलुरु के शोधकर्त्ताओं ने हिमालय के नज़दीक बसे 12 प्रदेशों के मौसम परिवर्तन का तुलनात्मक मानचित्र तैयार किया है। इस मानचित्र से इन राज्यों के लिये सुविधाओं का विकास करने में मदद मिलेगी। जिन राज्यों के बारे में रिपोर्ट तैयार की गई है, उनमें असम, मणिपुर, मेघालय, मिज़ोरम, नगालैंड, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। इन राज्यों का ज़िलावार नक्शा बनाकर वहाँ के मौसम के बारे में जानकारी साझा की गई है। गौरतलब है कि हिमालय का इलाका पर्यावरण के दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील है। इस मानचित्र में कई बिंदुओं पर फोकस किया गया है, जिनमें मौसम, तापमान, वर्षा, उपज, वन और रहन-सहन के बारे में जानकारियाँ शामिल हैं। 
  • मध्य प्रदेश में आदिवासी समुदाय के परंपरागत पर्व भगोरिया महोत्सव की शुरुआत 14 मार्च से हुई। होली के सात दिन पहले साप्ताहिक हाटों में इस पर्व की शुरुआत हो जाती है। पारंपरिक भगोरिया महोत्सव में इस क्षेत्र की संस्कृति, परिवेश, रहन-सहन, वेषभूषा, वाद्ययंत्र प्रमुख आकर्षण होते हैं। आदिवासी समुदाय मान्यतानुसार दलिया, खजूर, काकनी, माजक आदि की खरीदारी करते हैं और इसे पर्व की मिठाई कहा जाता है। भगोरिया त्योहार में आदिवासी लोग भागोरादेव की पूजा करते हैं।  झाबुआ, धार, अलीराजपुर और खरगोन जैसे क्षेत्रों में यह सबसे पुराने त्योहारों में से एक है।
  • हिंदी के जाने-माने साहित्यकार लीलाधर जगूड़ी को उनके 2013 में प्रकाशित काव्य संग्रह ‘जितने लोग उतने प्रेम’ के लिये 2018 का व्यास सम्मान देने का एलान किया गया है। आपको बता दें कि के.के. बिरला फाउंडेशन द्वारा व्यास सम्मान के तहत चार लाख रुपए और प्रशस्ति-पत्र दिया जाता है। यह पुरस्कार 1991 में शुरू किया गया था और डॉ. रामविलास शर्मा, डॉ. धर्मवीर भारती, श्रीलाल शुक्ल, केदारनाथ सिंह, मन्नू भंडारी, विश्वनाथ त्रिपाठी सहित कई प्रमुख साहित्यकार इससे सम्मानित हो चुके हैं। 2017 का व्यास सम्मान ममता कालिया को उनके उपन्यास ‘दुक्खम सुक्खम’ के लिये दिया गया था। लीलाधर जगूड़ी को 2004 में पद्मश्री से नवाजा जा चुका है। उनकी प्रमुख कृतियों में ‘शंखमुखी शिखरों पर, नाटक जारी है, रात अब भी मौजूद है, भय भी शक्ति देता है, अनुभव के आकाश में चाँद और खबर का मुँह विज्ञापन से ढंका है’ शामिल हैं।
  • सुप्रीम कोर्ट ने BCCI की अनुशासनात्मक समिति द्वारा लगाए गए आजीवन प्रतिबंध को लेकर तेज़ गेंदबाज़ एस. श्रीसंत के पक्ष में फैसला दिया है। कोर्ट ने BCCI को उन पर लगाए गए आजीवन प्रतिबंध पर तीन महीने के भीतर पुनर्विचार करने का आदेश दिया है। श्रीसंत 2007 विश्व टी-20 और 2011 एकदिवसीय विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं। आपको बता दें कि श्रीसंत के साथ मुंबई के स्पिनर अंकित चव्हाण और हरियाणा के अजीत चंदीला को 2013 में BCCI की अनुशासनात्मक समिति ने आजीवन प्रतिबंधित कर दिया था, जिसके बाद श्रीसंत ने इस फैसले को अदालत में चुनौती दी थी। 
  • विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने भारत में पहली बार 2020 में अंडर-17 महिला विश्व कप का आयोजन करने की मंज़ूरी दे दी है। भारत ने फ्राँस को पीछे छोड़ते हुए मेज़बानी का अधिकार हासिल किया। यह अंडर-17 महिला विश्व कप का सातवाँ संस्करण होगा। गौरतलब है कि यह भारत में फीफा का दूसरा आयोजन होगा। इससे पहले 2017 में भारत ने पहली बार अंडर-17 पुरुष विश्व कप की मेज़बानी की थी। उसमें इंग्लैंड ने स्पेन को फाइनल में हराकर खिताब जीता था। अंडर-17 महिला विश्व कप की मेज़बानी करने वाला भारत दूसरा एशियाई देश होगा। इससे पहले जॉर्डन ने 2016 में इसकी मेज़बानी की थी और तब खिताब उत्तर कोरिया ने जीता था, जो इस टूर्नामेंट में दो बार खिताब जीतने वाला एकमात्र देश है।
  • संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 14 मार्च से 21 मार्च तक विशेष ओलंपिक विश्व खेल 2019 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 200 से अधिक देशों के 7500 विशेष एथलीट प्रतिस्पर्द्धा करेंगे। ये खेल पहली बार पश्चिम एशिया में आयोजित किये जा रहे हैं, जिनमें 24 ओलंपिक खेलों में एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। आबु धाबी और दुबई में नौ विश्वस्तरीय खेल आयोजन स्थलों पर ये खेल आयोजित किये जा रहे हैं। मेज़बान UAE के बाद भारत ने इन खेलों में सबसे बड़ी टीम भेजी है। आपको बता दें कि विशेष ओलंपिक दुनिया का सबसे बड़ा मानवीय खेल आयोजन और वैश्विक आंदोलन है, जो खेल की शक्ति के माध्यम से बौद्धिक रूप से अशक्त लोगों के सशक्तीकरण पर केंद्रित है।
  • इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए राष्ट्रीय टी-20 टूर्नामेंट के फाइनल में महाराष्ट्र को नौ गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से हराकर कर्नाटक ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी जीती। कर्नाटक ने यह राष्ट्रीय टी-20 टूर्नामेंट का खिताब पहली बार जीता है, जबकि महाराष्ट्र दूसरी बार यह ट्रॉफी जीतने में असफल रहा। उसने 2009-10 में यह ट्रॉफी जीती थी। आपको बता दें कि कर्नाटक छठी टीम है जिसने तीनों प्रारूपों की राष्ट्रीय चैंपियनशिप- रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती है। इस ट्रॉफी की शुरुआत 2008-09 में हुई थी।