Rapid Fire करेंट अफेयर्स (13 July) | 13 Jul 2019

  • राष्ट्रमंडल देशों के विदेश मंत्रियों की 19वीं बैठक लंदन में आयोजित की गई। इसमें भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने किया। बैठक में इस समूह की भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई, जिसमें राष्ट्रमंडल के अन्य 52 सदस्य देशों के विदेश मंत्री भी शामिल हुए। इसकी अध्यक्षता ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेरेमी हंट ने की। लंदन के मार्लबोरो हाउस में आयोजित इस बैठक में भारत ने मालदीव को राष्ट्रमंडल में फिर से शामिल करने की प्रक्रिया में तेज़ी लाने के लिये कहा। मालदीव ने 53 सदस्यीय संगठन से अपने संबंध वर्ष 2016 में तोड़ लिये थे औैर पिछले वर्ष देश के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह के नेतृत्व में फिर से इसमें शामिल होने के लिये आवेदन किया था। विदित हो कि राष्ट्रमंडल का मौजूदा अध्यक्ष होने के नाते इसकी अध्यक्षता की बारी इस बार ब्रिटेन की है। विदेश मंत्रियों की इस बैठक में राष्ट्रमंडल की भविष्य की रणनीति और दिशा पर भी चर्चा हुई। इस साल की बैठक की मुख्य थीम मीडिया की स्वतंत्रता रखी गई थी। इसके अलावा इस वर्ष राष्ट्रमंडल समूह की 70वीं वर्षगाँठ भी मनाई जा रही है।
  • ओडिशा सरकार ने केंद्र की गवाह संरक्षण योजना 2018 को लागू कर दिया है और इस योजना को लागू करने वाला वह देश का पहला राज्य बन गया है। गौरतलब है कि सर्वोच्च न्यायालय ने पिछले वर्ष दिसंबर में केंद्र सरकार की गवाह सुरक्षा योजना को मंज़ूरी दी थी और और संसद द्वारा कानून बनाए जाने तक सभी राज्यों को इसका पालन करने का निर्देश दिया था। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPRD) से परामर्श के बाद गवाह संरक्षण योजना के मसौदे को अंतिम रूप दिया गया और गवाहों को खतरे के आकलन के आधार पर तीन श्रेणियों में रखा गया है:

1. श्रेणी A: जहाँ जाँच, परीक्षण या उसके बाद गवाह या परिवार के सदस्यों के जीवन पर खतरा हो।

2. श्रेणी B: ​​जहाँ जाँच या परीक्षण के दौरान गवाह या परिवार के सदस्यों की सुरक्षा, प्रतिष्ठा या संपत्ति पर खतरा हो।

3. श्रेणी C: जाँच, परीक्षण या उसके बाद गवाह या परिवार के सदस्यों, प्रतिष्ठा या संपत्ति के उत्पीड़न का खतरा।

  • यूनेस्को के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू को भारत की शिक्षा स्थिति 2019- दिव्यांग बच्चे रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में 10 अनुशंसाएँ की गई हैं, जिसमें शिक्षा का अधिकार अधिनियम को दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम के साथ जोड़ा जाना शामिल है। रिपोर्ट में दिये गए सुझावों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी, क्योंकि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर विचार-विमर्श चल रहा है। देश में समावेशी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है और सरकार दिव्यांग बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। यूनेस्को ने टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेंज़ के साथ मिलकर यह रिपोर्ट तैयार की है, जिसमें दिव्यांग बच्चों की शिक्षा की वर्तमान स्थिति तथा इसे और बेहतर बनाकर दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को आगे बढ़ाए जाने के उपाय सुझाए गए हैं।
  • भारत सरकार ने देश के कई सिख संगठनों से विचार-विमर्श के बाद न्यूयार्क से संचालित होने वाले खालिस्तान समर्थक संगठन सिख फॉर जस्टिस को गैर-कानूनी घोषित करते हुए उसे पाँच साल के लिये प्रतिबंधित कर दिया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अनुसार, यह संगठन खालिस्तान के नाम पर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था, जिससे खासतौर पर पंजाब के हालात बिगड़ रहे थे। अलगाववादी एजेंडे के चलते इस संगठन पर प्रतिबंध लगाया गया है, क्योंकि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI द्वारा इस संगठन के ज़रिये पंजाब में माहौल बिगाड़ने की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। भारतीय रक्षा एजेंसियों ने इस संगठन पर 11 अलग- अलग मामले दर्ज किये हैं। यह संगठन 20-20 रिफरेंडम के लिये ऑनलाइन समर्थकों को जुटा रहा था। ब्रिटेन, कनाडा, जर्मनी और आस्ट्रेलिया जैसे देशों के सिख बहुल इलाकों में खालिस्तान के समर्थन में यह संगठन काफी सक्रिय है।
  • लघु वीडियो साझा करने वाले प्रसिद्ध प्लेटफॉर्म ‘टिकटॉक’ ने विश्व युवा कौशल दिवस 2019 के मौके पर राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के साथ साझेदारी की है। इसके लिये टिकटॉक ने अपने एप पर skills4all अभियान शुरू किया है। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम ने इस प्लेटफॉर्म का लाभ उठाने के लिये भारत में टिकटॉक के लगभग 20 करोड़ यूज़र्स को शिक्षित करने के लिये एक आधिकारिक स्किल इंडिया ऑफिशियल टिकटॉक अकाउंट बनाया है। इसका उद्देश्य भारत में पहली बार इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले लोगों को शिक्षित करना तथा उन्हें सरकार के कौशल कार्यक्रमों और देश में प्रोफेशनल ट्रेनिंग के अवसरों के बारे में जानकारी देना है। ज्ञातव्य है कि वर्ष 2015 से 15 जुलाई का दिन दुनियाभर में विश्व युवा कौशल दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम Learning to Learn for Life & Work रखी गई है।
  • भारत की फर्राटा धाविका दुती चंद इटली के नेपोली में 30वें विश्व यूनिवर्सिटी खेलों (Summer Universiade) में 100 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बन गई हैं। दुती चंद ने 11.32 सेकंड का समय निकालकर यह रेस जीती, जबकि स्विट्जरलैंड की डेल पोंटे 11.33 सेकंड का समय निकालकर दूसरे स्थान पर रही और जर्मनी की लीज़ा क्वायी ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस प्रकार ओडिशा की दुती चंद विश्व यूनिवर्सिटी खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बन गई। उनसे पहले इंदरजीत सिंह ने 2015 में पुरुषों के शॉटपुट में स्वर्ण पदक जीता था। विदित हो कि दुती चंद ने वर्ष 2018 में हुए एशियाई खेलों में 100 और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था।