Rapid Fire करेंट अफेयर्स (8 February) | 08 Feb 2019

  • जम्मू-कश्मीर के आतंकी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन पर केंद्र सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया है। 1990 में अस्तित्व में आया तहरीक-उल-मुजाहिदीन कई आतंकवादी घटनाओं में शामिल है और इसने भारत में अनेक आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिया है। इसके सदस्यों को विदेश से वित्तीय और साजो-सामान संबंधी सहायता भी मिलती है। गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 35 की उपधारा(1) में मिले अधिकारों के तहत केंद्र सरकार ने उक्त कानून की पहली अनुसूची में कुछ संशोधन किये हैं।
  • केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने मुंबई में प्रोजेक्ट साइज़ इंडिया की शुरुआत की। देश के इतिहास में यह अपनी तरह की पहली परियोजना है। इंडिया साइज़ प्रोजेक्ट का उद्देश्य अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों में उपलब्ध मानकीकृत आकारों की तर्ज पर रेडी-टू-वियर गारमेंट्स उद्योग के लिये मानकीकृत भारतीय साइज़ तैयार करना है। प्रोजेक्ट इंडिया साइज़ परियोजना से निर्माताओं, उपभोक्ताओं को लाभ होगा और इससे जो डेटा जेनरेट होगा उससे इस क्षेत्र की क्षमता का पूरा इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।
  • माइक्रोसॉफ्ट द्वारा 22 देशों में कराए गए एक हालिया सर्वे से पता चलता है कि फेक न्यूज़ के मामले में भारत दुनियाभर में शीर्ष स्थान पर है। भारत में लोगों का सामना औसतन 64 फीसदी फेक न्यूज़ से होता है, जबकि इसका वैश्विक औसत 57 फ़ीसदी है। इंटरनेट के ज़रिये अफवाहों को फैलाने में भारत का औसत 54 फीसदी है, जबकि इसका वैश्विक औसत 42 फीसदी है।
  • जापान में बुलेट ट्रेन को बिहार के विश्व विख्यात मिथिला पेंटिंग्स से सजाने पर विचार किया जा रहा है। जापान की सरकार ने इस काम के लिये भारत के रेल मंत्रालय से कलाकारों की मांग की है। आपको बता दें कि कुछ समय पूर्व भारतीय रेल के समस्तीपुर मंडल ने संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को मिथिला पेंटिंग्स से सजाया था, जिसकी सराहना संयुक्त राष्ट्र ने भी की थी। वैसे जापानी लोग मिथिला पेंटिंग्स से पहले ही से परिचित हैं क्योंकि वहाँ जापान-भारत सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने वाली संस्था ने मिथिला म्यूज़ियम बनाया है।
  • पश्चिम बंगाल के नदिया ज़िले के मायापुर में इंटरनेशनल सोसायटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) के वैश्विक मुख्यालय में एक विश्व विरासत केंद्र स्थापित किया जाएगा जिसमें 45 देशों के ‘आध्यात्मिक शिविर’ होंगे। इन शिविरों में सभी देशों की संस्कृति, परिधान, जीवनशैली, खानपान और परिवेश देखने को मिलेगा। इस परियोजना पर लगभग 3000 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
  • हाल ही में नई दिल्ली में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच दूसरे विदेश कार्यालय स्तर का विचार विमर्श हुआ, जिसमें दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों के विविध आयामों पर व्यापक चर्चा की। इनमें राजनीति, कारोबार और आर्थिक संबंधों से जुड़े विषय शामिल थे। भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) विजय ठाकुर सिंह और न्यूज़ीलैंड का प्रतिनिधित्व वहाँ के विदेशी एवं कारोबार मामलों के मंत्रालय के उप सचिव बेन किंग ने किया। दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र एवं अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों से सहयोग सहित क्षेत्रीय एवं बहुस्तरीय मुद्दों के बारे में विचारों का आदान-प्रदान किया।
  • नॉर्थ मेसेडोनिया नाटो का 30वाँ सदस्य बनने जा रहा है। नाटो के 29 सदस्यों द्वारा किसी नए सदस्य के शामिल होने के प्रोटोकॉल की पुष्टि करने के बाद वह विधिवत इसका सदस्य बन जाएगा। गौरतलब है कि कुछ समय पहले मेसेडोनिया ने देश का नाम बदलकर उत्तरी मेसेडोनिया गणराज्य रख लिया है| इससे मेसेडोनिया और ग्रीस का लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया। आपको बता दें कि नाटो का पूरा नाम North Atlantic Treaty Organization (NATO) यानी उत्तर अटलांटिक संधि संगठन है, जिसमें नॉर्थ मेसेडोनिया को मिलाकर कुल 30 देश शामिल हैं। NATO की स्थापना 4 अप्रैल, 1949 को हुई थी और यह एक अंतर-सरकारी सैन्य गठबंधन है। NATO का मुख्यालय ब्रसेल्स, बेल्जियम में है।