Rapid Fire करेंट अफेयर्स (10 April) | 10 Apr 2019

9 अप्रैल को केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) ने अपना 54वाँ शौर्य दिवस मनाया। वर्ष 1965 में इसी दिन CRPF ने भारत-पाकिस्तान की पश्चिमी सीमा पर स्थित गुजरात में कच्छ के रन में सरदार पोस्ट व टॉक पोस्टों पर पाकिस्तानी इन्फेंट्री ब्रिगेड के हमले को विफल कर दिया था। यह घटना युद्ध के इतिहास में रण कौशल व अद्वितीय बहादुरी की मिसाल मानी जाती है। इसीलिये 9 अप्रैल का दिन CRPF में शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह एक ऐसा अर्द्ध-सैन्य बल है, जिसमें सभी धर्मों और संप्रदायों एवं विभिन्न प्रदेशों के जवान मिलकर देश की रक्षा करते हैं। केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल 27 जुलाई, 1939 को रॉयल रिप्रेजेंटेटिव पुलिस के रूप में अस्तित्व में आया था, जो 28 दिसंबर, 1949 को CRPF अधिनियम लागू होने पर केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल बन गया।

नेपाल माउंट एवरेस्ट की ऊँचाई को फिर से मापने के लिये सरकार द्वारा नियुक्त पर्वतारोहियों का एक दल भेज रहा है। इससे उन अटकलों पर विराम लग जाएगा कि नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप के बाद विश्व की इस सबसे ऊँची चोटी की ऊँचाई कम हो गई है। इसके लिये नेपाल के सर्वेक्षण विभाग के चार सर्वेक्षक एवरेस्ट के लिये रवाना हो गए हैं। एवरेस्ट हिमालय क्षेत्र में नेपाल और चीन की सीमा पर स्थित है और उसकी आधिकारिक ऊंचाई 8,848 मीटर (29,029 फुट) है। 1954 में पहली बार सर्वे ऑफ इंडिया ने यह ऊँचाई रिकार्ड की थी। कई अन्य दलों ने भी इस चोटी की ऊंचाई मापी थी, लेकिन 1954 में मापी गई ऊँचाई व्यापक रूप से स्वीकार की जाती है। 2015 में नेपाल में आये विध्वंसक भूकंप के बाद यह कहा जाने लगा था कि भूकंप के चलते इस चोटी की ऊँचाई घट गई है।

विश्व बैंक द्वारा वर्ष 2019-20 के लिये भारत की अनुमानित विकास दर में मामूली वृद्धि करने के एक दिन बाद ही अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भारत का विकास दर अनुमान 7.5% से घटाकर 7.3% कर दिया। IMF ने अपनी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट में कहा है कि 2019-20 के दौरान भारत में निवेश में निरंतर सुधार आने, मौद्रिक नीति के अधिक सरल होने की वज़ह से बढ़ते उपभोग और राजकोषीय नीति से पड़ने वाले कुछ असर की वज़ह से आर्थिक वृद्धि दर 7.3 प्रतिशत रह सकती है। IMF ने जनवरी में जारी अपने पहले के अनुमान की तुलना में भारत की वृद्धि अनुमान में 20 आधार अंकों की कटौती की है।

तुर्की के इस्तांबुल में दुनिया के सबसे बड़े हवाई अड्डे से उड़ानों का परिचालन शुरू हो गया है। इसे दुनिया का सबसे बड़ा अंडर वन रूफ हवाई अड्डा बताया जा रहा है। इस हवाई अड्डे का औपचारिक उद्घाटन पिछले वर्ष 29 अक्टूबर को तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन ने किया था। 19 हजार एकड़ में फैले प्रतिवर्ष 90 मिलियन यात्रियों को हैंडल करने की क्षमता वाले दुनिया के इस सबसे बड़े एयरपोर्ट से 250 हवाई जहाज़ 350 से ज्यादा जगहों के लिये उड़ान भरेंगे। पहले चरण में इस हवाई अड्डे पर 7.5 बिलियन यूरो की लागत आई है। अगले 10 वर्षों में इसके सभी चरणों के पूरा होने के बाद इसकी क्षमता प्रतिवर्ष 200 मिलियन यात्रियों की होगी और इसमें छह रनवे और दो टर्मिनल होंगे। पुराने कमाल अतातुर्क हवाई अड्डे से होने वाली सभी व्यावसायिक उड़ानों को नए हवाई अड्डे पर शिफ्ट कर दिया गया है।

श्रीलंका के मतारा में चीन द्वारा निर्मित मतारा-कटारागामा रेलवे विस्तार परियोजना शुरू हो गई है। इस परियोजना के पहले चरण में श्रीलंका के दक्षिण में मतारा से बेलिअट्टा तक 26.75 किमी. लंबी रेलवे सेवा शुरू हो गई है। चीन अपने महत्त्वाकांक्षी बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव के तहत इस परियोजना का निर्माण कर रहा है। मतारा-कतारगामा रेलवे परियोजना 1948 में श्रीलंका के आज़ाद होने के बाद श्रीलंका में बनने वाली पहली नई रेलवे लाइन है।

ब्रिटेन की राजधानी लंदन में 24x7 लागू होने वाला अल्ट्रा लो एमिशन ज़ोन (ULEZ) बनाया गया है। ऐसा करने वाला यह दुनिया का पहला शहर बन गया है। इस ज़ोन में आते ही वाहनों को कड़े उत्सर्जन मानकों का पालन करना होगा। इन मानकों का उल्लंघन करने पर उन्हें भारी आर्थिक दंड भरना होगा। लंदन में ULEZ की शुरुआत फरवरी 2017 में हुई थी। इसके तहत लंदन के सिटी सेंटर में अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के लिये अतिरिक्त शुल्क वसूलने का प्रावधान किया गया था। इसके प्रभाव से इस ज़ोन में प्रवेश करने वाले वाहनों की संख्या में भारी कमी आई। प्रतिदिन लगभग 11 हज़ार वाहन कम हुए और इसका असर प्रदूषण पर भी दिखाई दिया। ULEZ लंदन की आबोहवा को साफ करने की योजना का दूसरा चरण है, इसे टी-चार्ज की संज्ञा दी गई। इन प्रयासों के तहत लंदन में लाल बस सेवा का विस्तार किया जाना शामिल है। अक्तूबर 2020 तक लंदन में करीब 9200 वाहन ULEZ के मानकों को पूरा करेंगे।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व हॉकी खिलाड़ी ग्राहम रीड को भारतीय पुरुष हॉकी टीम का नया कोच नियुक्त किया गया है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच का पद जनवरी 2019 से खाली पड़ा था, जब हॉकी इंडिया ने भुवनेश्वर में हुए हॉकी विश्व कप 2018 में भारतीय टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद तत्कालीन कोच हरेंद्र सिंह को बर्खास्त कर दिया था। भारतीय टीम का कोच पद संभालने से पहले ग्राहम रीड नीदरलैंड्स हॉकी टीम के असिस्टेंट कोच की भूमिका निभा रहे थे। उन्हें 2009 में ऑस्ट्रेलियाई टीम का असिस्टेंट कोच नियुक्त किया गया था और अपने उस कार्यकाल के दौरान वह हेड कोच बने तथा ऑस्ट्रेलियाई टीम को लगातार पाँचवीं बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया। ग्राहम रीड 1992 के बार्सिलोना ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा वह 1984, 1985, 1989 और 1990 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली ऑस्ट्रलियाई टीम में शामिल थे।

राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) ने एशियाई चैंपियन भारत की गोला फेंक एथलीट मनप्रीत कौर को उनके नमूने परीक्षण में चार बार स्टेरायड पॉज़िटिव पाए जाने के बाद प्रतिबंधित कर दिया। नाडा के डोपिंग रोधी अनुशासनात्मक पैनल द्वारा लगाया गया यह प्रतिबंध चार साल के लिये लागू रहेगा, जिसकी शुरुआत 20 जुलाई, 2017 से मानी जाएगी। इस फैसले से मनप्रीत कौर 2017 में भुवनेश्वर में हुए एशियाई चैंपियनशिप में मिले स्वर्ण पदक और अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड से हाथ धो बैठेंगी, क्योंकि पैनल ने उन्हें नमूने के संग्रह करने की तारीख से अयोग्य घोषित किया है। डोपिंग जाँच हेतु उनके नमूने 2017 में चार बार पॉज़िटिव पाए गए थे। 24 अप्रैल, 2017 को चीन में हुई एशियाई ग्रांप्री के बाद 1 जून को पटियाला में हुए फेडरेशन कप, 6 जुलाई को भुवनेश्वर में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप और गुंटूर में 16 जुलाई को हुई अंतर्राज्यीय चैंपियनशिप में भी उनके नमूने पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने इन सभी प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल हासिल किया था। चीन में उन्होंने 18.86 मीटर का राष्ट्रीय रिकार्ड भी कायम किया था। गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने 1999 में विश्व एंटी डोपिंग संस्था (WADA) की स्थापना की थी, जिसके बाद सभी देशों में NADA की स्थापना की शुरुआत हुई।