Rapid Fire (करेंट अफेयर्स) 30 दिसंबर, 2019 | 30 Dec 2019

चीनी भाषा में साइन बोर्ड

उत्‍तर प्रदेश में पुरातात्विक महत्त्व के पाँच संरक्षित स्‍थलों पर चीनी भाषा में साइन बोर्ड लगाए गए हैं। इन स्‍थलों में बौद्धकालीन अवशेष वाला सारनाथ का चौखंडी स्‍तूप, कुशिनगर, महापरिनिर्वाण मंदिर, पिपरवाह और श्रावस्‍ती शामिल हैं। साइन बोर्ड पाँच विदेशी भाषाओं में लगाए जाएंगे। इसकी शुरुआत नवंबर 2019 में सिंहली भाषा के साइन बोर्ड लगाने के साथ की गई थी। ऐसा श्रीलंका से बड़ी संख्‍या में लोगों के मध्‍यप्रदेश में स्थित सांची स्‍तूप देखने आने के मद्देनज़र किया गया।


सेतुरमन पंचनाथन

अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा सेतुरमन पंचनाथन को नेशनल साइंस फाउंडेशन (NSF) का प्रमुख (निदेशक) नियुक्त किया गया है। इस पद पर वह फ्रेंच ऐनी डोमिनिक कोरडोवा (France Anne-Dominic Córdova) का स्थान लेंगे। NSF एक अमेरिकी सरकारी संस्था है जो विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के सभी गैर-चिकित्सकीय क्षेत्रों में मौलिक अनुसंधान एवं शिक्षा में सहायता करती है। वर्तमान में पंचनाथन एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी (ASU) में कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य अनुसंधान एवं नवोन्मेष अधिकारी के रूप में नियुक्त है।


देश का पहला ट्रांसजेंडर विश्वविद्यालय

देश का पहला ट्रांसजेंडर विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश के कुशीनगर ज़िले में खोला जाएगा। इस विश्वविद्यालय में देश-दुनिया के ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों को प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा मुफ्त मिलेगी। कुशीनगर ज़िले की कसया तहसील में ऑल इंडिया ट्रांसजेंडर शिक्षा सेवा ट्रस्ट (All-India transgender education service trust) द्वारा इस विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाएगा।


पश्चिमी अफ्रीकी देशों की साझी मुद्रा ‘इको’

हाल ही में पश्चिमी अफ्रीका के आठ देशों ने अपनी साझा मुद्रा (करेंसी) का नाम बदल कर ‘इको’ करने का निर्णय लिया है। इन देशों ने उपनिवेश काल के शासक फ्राँस से मौजूदा मुद्रा 'CFA फ्रैंक' को भी अलग करने का निर्णय लिया है। ये आठ देश बेनिन, बुर्किना फासो, गिनी-बिसाउ, आईवरी कोस्ट, माली, नाइजर, सेनेगल और टोगो हैं। इन देशों ने फ्राँसीसी औपनिवेशिक काल के अस्तित्व को समाप्त करने का फैसला किया है। गिनी-बिसाउ को छोड़कर ये सभी देश फ्राँस के पूर्व उपनिवेश हैं। यह नई मुद्रा 2020 में प्रचलन में आ जाएगी। मुद्रा का नाम बदलने के बाद इन देशों की मुद्रा के संबंध में फ्राँस का किसी भी तरह का हस्तक्षेप रुक जाएगा।


दादा साहेब फाल्के पुरस्कार

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। दादा साहेब फाल्के को भारतीय सिनेमा का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार माना जाता है। इस साल सितंबर में अमिताभ बच्चन को यह पुरस्कार दिये जाने का एलान किया गया था।