Rapid Fire करेंट अफेयर्स (17 जनवरी) | 17 Jan 2019

  • नागरिक विमानन मंत्रालय ने विज़न 2040 जारी किया है। इसके अनुसार देश में 2040 तक हवाई यात्रियों की संख्या करीब छह गुना बढ़कर 1.1 अरब होने की संभावना है। परिचालन वाले हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर लगभग 200 हो सकती है। कॉमर्शियल विमानों की संख्या 2018 के 622 से बढ़कर 2040 में 2359 हो सकती है। देश के शीर्ष 31 शहरों में दो हवाई अड्डे और दिल्ली तथा मुंबई में तीन-तीन हवाई अड्डे हो सकते हैं। गौरतलब है कि भारत विश्व का सातवाँ सबसे बड़ा विमानन बाज़ार है।
  • केंद्र सरकार ने 2015, 2016, 2017 और 2018 के लिये गांधी शांति पुरस्कार घोषित किये हैं। 2015 के लिये कन्याकुमारी के विवेकानंद केंद्र, 2016 के लिये अक्षय पात्र फाउंडेशन और सुलभ इंटरनेशनल को संयुक्त रूप से, 2017 के लिये एकल अभियान ट्रस्ट और 2018 के लिये कुष्ठ रोग उन्मूलन हेतु विश्व स्वास्थ्य संगठन के सद्भावना दूत योहेई ससाकावा को इस पुरस्कार से नवाज़ा गया है। इससे पहले 2014 में इसरो को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह पुरस्कार महात्मा गांधी की 125वीं जयंती के मौके पर 1995 में शुरू हुआ था। इसके तहत एक करोड़ रुपए, एक प्रशस्ति पत्र और एक पदक दिया जाता है।
  • पोंगल के मौके पर तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में विवादित जल्लीकट्टू का आयोजन किया गया। जल्लीकट्टू तमिलनाडु का प्राचीन खेल है। फसलों की कटाई के मौके पर पोंगल के दौरान इसका आयोजन किया जाता है। इसमें सांडों को सींगों को पकड़कर उन पर काबू पाना होता है। जानवरों के प्रति क्रूरता की कई शिकायतों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने 2014 में इस पर बैन लगा दिया था। लोगों के विरोध के बाद राज्य सरकार ने अध्यादेश जारी कर इसे वैधता प्रदान की।
  • केंद्र सरकार ने भारतीय निर्यात-आयात बैंक (EXIM Bank) के पुनर्पूंजीकरण का फैसला किया है। सरकार ने एक्जिम बैंक की अधिकृत पूंजी को 10,000 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 20,000 करोड़ रुपए करने की मंज़ूरी भी दी है। इसके लिये सरकार 6,000 करोड़ रुपए के पुनर्पूंजीकरण बॉण्ड जारी करेगी। ये बॉण्ड सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को जारी किये जाएंगे। एक्जिम बैंक भारत की प्रमुख निर्यात ऋण एजेंसी है। इसकी स्थापना एक अधिनियम के तहत 1982 में भारत के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के वित्त-पोषण, इसे सुविधाजनक बनाने और बढ़ावा देने के लिये शीर्ष वित्तीय संस्थान के रूप में की गई थी।
  • केंद्र सरकार ने असम स्थित नुमालीगढ़ रिफाइनरी की क्षमता 3 MMTPA (मिलियन मीट्रिक टन वार्षिक) से बढ़ाकर 9 MMTPA करने की परियोजना को मंज़ूरी दे दी है। इस परियोजना में पारादीप से नुमालीगढ़ तक कच्चे तेल की पाइपलाइन और नुमालीगढ़ से सिलीगुड़ी तक तैयार उत्पादों की पाइपलाइन बिछाना शामिल है, जिन पर 22,594 करोड़ रुपए की लागत आएगी। रिफाइनरी के विस्तारीकरण से पूर्वोत्तर क्षेत्र में पेट्रोलियम उत्पादों की कमी को पूरा किया जा सकेगा।
  • मौसम विभाग ने वर्ष 2018 को 1901 के बाद अब तक का छठा सबसे गर्म साल बताया है। 2018 के मौसम का विश्लेषण करने के बाद मौसम विज्ञानियों ने यह अनुमान लगाया है। पिछले साल औसत तापमान सामान्य से 0.41 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार 1901 के बाद औसत तापमान की अधिकता के लिहाज से 2016 सर्वाधिक गरम साल रहा। इसके बाद 2009, 2010, 2015 और 2017 सबसे गरम पाँच साल रहे।
  • गुजरात के उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल की अध्यक्षता में गठित एक मंत्रिस्तरीय समूह रियल एस्टेट क्षेत्र के लिये कंपोजीशन योजना के साथ-साथ GST दरों के सरलीकरण की संभावनाओं पर विचार करेगा। GST परिषद की हालिया बैठक में GST व्यवस्था के तहत रियल एस्टेट क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिये सात सदस्यीय मंत्री समूह गठित करने का फैसला किया गया था। गौरतलब है कि रियल एस्टेट पर GST घटाने के लिये लंबे समय से चर्चा हो रही है।
  • ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरेसा मे का यूरोपीय संघ से अलग होने संबंधी ब्रेक्जिट समझौता संसद में पारित नहीं हो सका। इस वज़ह से यूरोपीय संघ से बाहर जाने का मार्ग और जटिल हो गया है। ‘हाउस ऑफ कॉमंस' में उनके प्रस्ताव को 432 के मुकाबले 202 मतों से हार का सामना करना पड़ा। यह आधुनिक इतिहास में ब्रिटेन की संसद में किसी भी प्रधानमंत्री की सबसे बड़ी हार है। लेकिन इसके अगले दिन टेरेसा मे ने संसद में विश्वास मत जीत लिया। 325 सांसदों ने उनकी सरकार का समर्थन किया, जबकि 306 सांसदों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया।
  • भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच स्टीफन कोंस्टेंटाइन ने एशिया कप में बहरीन के हाथों 0-1 से हार के बाद इस्तीफा दे दिया। उनका अनुबंध 31 जनवरी को खत्म होना था। उन्होंने 2015 में मुख्य कोच का पद संभाला था और उनका कार्यकाल दो बार एक-एक साल के लिये बढ़ाया गया था। वह 2002 से 2005 तक भी भारतीय टीम के कोच रहे थे। कोंस्टेंटाइन के मार्गदर्शन में भारत फीफा रैंकिंग में 173 से 96वें स्थान तक पहुँचा।