Rapid Fire करेंट अफेयर्स (16 जनवरी) | 16 Jan 2019

  • गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस ने महिला उद्यमियों और महिला स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न सरकारी मंत्रालयों, विभागों और संस्थानों को सीधे हस्तशिल्प एवं हस्तकरघा, सहायक सामग्री, जूट उत्पाद, घरों के साज-सजावट का सामान और ऑफिस कार्यालय के सामानों की बिक्री करने में सहायता पहुँचाने के लिये वुमनिया ऑन जीईएम पहल की शुरुआत की है। इस पहल से महिला उद्यमियों को समेकित आर्थिक वृद्धि हासिल करने में मदद मिलेगी।
  • विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने दूरदर्शन और प्रसार भारती के साथ मिलकर विज्ञान संचार के क्षेत्र में दो पहलों- ‘डीडी साइंस’ और ‘इंडिया साइंस’ की शुरुआत की। ‘डीडी साइंस’ दूरदर्शन न्यूज़ चैनल पर एक घंटे के स्लॉट वाला कार्यक्रम है, जो सप्ताह में 6 दिन प्रसारित किया जाएगा। ‘इंडिया साइंस’ इंटरनेट आधारित चैनल है, जो किसी भी इंटरनेट आधारित उपकरण पर उपलब्ध है और मांग पर निर्धारित वीडियो लाइव उपलब्ध कराएगा।
  • बुवाई से लेकर फसल की कटाई तक हर चरण में बुवाई क्षेत्र, मौसम, फसल पर लगने वाले रोग जैसी विभिन्न कठिनाइयों को डिजिटली ट्रैक करके किसानों को जानकारी देने वाली देश की पहली ‘महा एग्रीटेक’ योजना की शुरुआत महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में की। इसके तहत सेटेलाइट तथा ड्रोन टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाएगा, जिससे समय पर जानकारी मिलने से किसानों को उपाय करने में आसानी होगी। महाराष्ट्र रिमोट एप्लीकेशन सेंटर तथा इसरो की सहायता से राज्य सरकार ने इस कार्यक्रम का कार्यान्वयन किया है।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल में ‘आध्यात्मिक सर्किट का विकास: श्री पद्मनाभ स्वामी मंदिर-अरनमुला-सबरीमाला’ परियोजना की शुरुआत की। यह परियोजना भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की ‘स्वदेश दर्शन योजना’ के तहत कार्यान्वित की जा रही है। 92.22 करोड़ रुपए लागत वाली इस परियोजना को पर्यटन मंत्रालय ने 2016-17 में मंज़ूरी दी थी। श्री पद्मनाभ स्वामी मंदिर भगवान विष्णु के 108 दिव्यदेशमों में से एक है।
  • केरल हाई कोर्ट के आदेश से पिछले वर्ष 30 नवंबर को हटाई गई रोक के बाद के. धन्या सनाल केरल की दूसरी सबसे ऊँची अगस्त्यार्कुदम (Agastyarkoodam) चोटी पर ट्रेकिंग के लिये जाने वाली पहली महिला बन गई हैं। स्थानीय कानी (Kani) जनजाति के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। उनका यह मानना है कि इस चोटी पर उनके देवता अगस्त्य मुनि का निवास है और वे अगस्त्य मुनि को अपने समुदाय का रक्षक मानते हैं। उन्हीं के नाम पर इस चोटी का नाम है। इसीलिये इस पर महिलाओं को जाने की मनाही थी।
  • बिहार सरकार ने राजधानी पटना में 15 दिनों तक मछली बेचने तथा स्टोर करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग को मछलियों के कुछ नमूनों में हानिकारक फॉर्मेलिन मिला है, जिसको खाने से कैंसर होने का खतरा हो सकता है। फॉर्मेलिन एक प्रकार का केमिकल है और मछलियों में इसका इस्तेमाल उनको ताज़ा बनाए रखने के लिये किया जाता है।
  • भारत के पूर्व प्रमुख सांख्यिकीविद और सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय में सचिव रहे डॉ. टी.सी.ए. अनंत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के सदस्य नियुक्त किये गए। उन्होंने कॉर्नेल विश्वविद्यालय से पी.एचडी. और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से इकोनॉमिक्स में पोस्ट-ग्रेजुएशन किया है।
  • देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रंजन गोगोई ने देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश दिवंगत जस्टिस वाई.के. सभरवाल पर लिखी पुस्तक ‘बियोंड द नेम जस्टिस वाई के सभरवाल, एक फुलफिलिंग जर्नी’ (Beyond the Name, Justice Y K Sabharwal, A fulfilling Journey) की लॉन्चिंग की। इस पुस्तक में दिवंगत जस्टिस वाई.के. सभरवाल के जीवन और उनके न्यायिक करियर पर प्रकाश डाला गया है।
  • चेन्नई के शतरंज खिलाड़ी डी. गुकेश दुनिया के दूसरे और भारत के सबसे युवा शतरंज ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। गुकेश ने 17वें दिल्ली ओपन इंटरनेशनल चेस टूर्नामेंट में अपना तीसरा और आखिरी ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल किया। दुनिया के सबसे युवा ग्रैंडमास्टर रूस के सर्गेई कार्जाकिन हैं, जिनकी आयु 12 साल सात महीने है। गुकेश कार्जाकिन से 17 दिन बड़े हैं और उनकी उम्र 12 साल, सात महीने 17 दिन है।
  • भारत की पर्वतारोही अनीता कुंडू ने अपने 7 समिट अभियान के तहत अंटार्कटिका महाद्वीप की सबसे ऊँची चोटी माउंट विन्सन को भी फ़तेह कर लिया है। दक्षिण ध्रुव में स्थित 16,050 फीट ऊँची यह चोटी विश्व की चौथी सबसे ऊँची चोटी है। गौरतलब है कि हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर अनीता कुंडू माउंट एवरेस्ट को नेपाल और चीन दोनों तरफ से फतेह करने वाली भारत की पहली महिला पर्वतारोही हैं। 7 समिट अभियान से तात्पर्य सातों महाद्वीपों की सात सबसे ऊँची चोटियों को फतेह करना है। वह इंडोनेशिया में कारस्टेंस पिरामिड शिखर, यूरोप में माउंट एल्ब्रुश और अफ्रीका में माउंट किलिमंजारो को फतेह कर चुकी हैं।
  • अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मनु साहनी को नया CEO नियुक्त किया है। वह डेविड रिचर्डसन का स्थान लेंगे, जिनका अनुबंध इस साल इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप के बाद समाप्त हो रहा है। मनु साहनी इससे पहले सिंगापुर स्पोर्ट्स हब के CEO और ESPN स्टार स्पोर्ट्स के प्रबंध निदेशक रह चुके हैं।
  • मैनचेस्टर में 2002 में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में देश को बॉक्सिंग का पहला गोल्ड मैडल दिलाने वाले मोहम्मद अली कमर को महिला बॉक्सिंग टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। शिव सिंह के स्थान पर नियुक्त हुए अर्जुन पुरस्कार विजेता मोहम्मद अली कमर रेलवे खेल संवर्द्धन बोर्ड की महिला टीम के कोच भी रह चुके हैं।