Rapid Fire करेंट अफेयर्स (6 February) | 06 Feb 2019

  • भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने फ्रेंच गुयाना के स्पेसपोर्ट से उपग्रहों का प्रक्षेपण करने वाली यूरोपीय कंपनी एरियनस्पेस के एक प्रक्षेपण यान के ज़रिये अपना नवीनतम संचार उपग्रह जीसैट-31 का सफल प्रक्षेपण किया। जीसैट-31 का वज़न 2535 किग्रा. है और यह भारत की मुख्य भूमि और द्वीप-समूहों को सेवाएँ प्रदान करेगा। जीसैट -31 देश का 40वाँ संचार उपग्रह है, जो लगभग 15 वर्ष तक सक्रिय रहेगा। यह टीवी अपलिंकिंग, डिजिटल सैटेलाइट न्यूज एकत्रीकरण, डीटीएच टीवी आदि सेवाएँ देगा। यह उपग्रह भूस्थैतिक कक्षा में Ku बैंड ट्रांसपोंडर की क्षमता को मज़बूत करेगा।
  • नई दिल्ली में 5 फरवरी को आयोजित एशिया एलपीजी समिट 2019 में बताया गया कि केंद्र सरकार की प्रत्येक परिवार को स्वच्छ रसोई गैस ईंधन उपलब्ध कराने की पहल से 2.25 करोड़ टन खपत के साथ भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा LPG उपभोक्ता बन गया है। देश में LPG की मांग 2025 तक 34 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। 2014-15 में देश में LPG उपभोक्ताओं की संख्या 14.8 करोड़ थी, जो 2017-18 में बढ़कर 22.4 करोड़ हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में LPG की पहुँच बढ़ने से इसके उपभोग में औसतन 8.4 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
  • आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने देशभर में शहरी समृद्धि उत्सव की शुरुआत की है। इसका लक्ष्य दीनदयाल अंत्योदय मिशन-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के लाभ सबसे कमज़ोर वर्गों तक पहुँचाना है। ‘शहरी समृद्धि उत्सव’ के माध्यम से शहरों के स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को राष्ट्रीय स्तर की सरकारी योजनाओं अर्थात् स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना. प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना तथा राष्ट्रीय पोषण मिशन से जोड़ा जा रहा है।
  • भारत को जानो कार्यक्रम का 53वाँ संस्करण हाल ही में आयोजित किया गया, जिसके तहत 8 देशों के भारतीय मूल के युवाओं का एक समूह भारत आया है। युवा प्रवासी भारतीयों के लिये ‘भारत को जानो कार्यक्रम’ के 53वें संस्करण में 40 युवा (24 युवतियाँ और 16 युवक) फिजी, गुयाना, मॉरीशस, पुर्तगाल, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, सूरीनाम तथा त्रिनिदाद और टोबैगो से आए हैं। इस संस्करण के सहयोगी राज्य महाराष्ट्र तथा दमन और दीव हैं। ‘भारत को जानो’ कार्यक्रम विदेश मंत्रालय आयोजित करता है और इसका उद्देश्य 18-30 वर्ष की आयु समूह के प्रवासी युवा भारतीयों को देश के विकास और उपलब्धियों से अवगत कराना है।
  • पश्चिम बंगाल में चल रही हलचलों के बीच केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल सरकार से कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार के खिलाफ अनुशासनहीनता और सेवा नियमों का उल्लंघन करने के लिये अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने को कहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव से इसकी प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। गौरतलब है कि गृह मंत्रालय के पास देश में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों का कैडर नियंत्रण प्राधिकार है। गृह मंत्रालय के अनुसार, राजीव कुमार का पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ धरने पर बैठना अखिल भारतीय सेवा नियमावली, 1968 और अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1969 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
  • राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, 2017 प्रदान किये। संगीत नाटक अकादमी भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की स्वायत्त संस्था है। राष्ट्रीय संगीत, नृत्य और नाट्य अकादमी ने पिछले वर्ष जून में इम्फाल (मणिपुर) में अपनी बैठक में संगीत, नृत्य, थिएटर आदि विभिन्न विधाओं में 42 कलाकारों का चयन संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार 2017 के लिये किया था। ये पुरस्कार 1952 से दिये जा रहे हैं, जो न केवल उत्कृष्टता और उपलब्धि के उच्च मानकों के संकेतक हैं, बल्कि व्यक्तिगत कार्य/योगदान को मान्यता भी देते हैं। संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार में ताम्रपत्र तथा अंगवस्त्रम के अतिरिक्त एक लाख रुपए प्रदान किये जाते हैं।
  • मध्य प्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व में पहली बार लगभग 2300 किमी. क्षेत्र का सर्वे किया गया। नेशनल सेंटर फॉर बायोलॉजिकल साइंस की निगरानी में एक दिन में हुआ यह देश का सबसे बड़ा सर्वे है। इसमें बर्ड वाच एप की सहायता से 10 राज्यों के लगभग 100 पक्षी प्रेमियों ने 300 देशी और विदेशी पक्षियों की प्रजातियों को देखा। इस सर्वे में 38 दलों ने 40 रूटों पर बर्ड सर्वे का काम किया।
  • पुद्दुचेरी के निकट अरिकामेदु में हाल ही में हुई खुदाई में पतली गर्दन वाली दुहत्थी सुराही (Amphora) मिली है। यह भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण (Archaeological Survey of India) द्वारा संरक्षित स्थल है। यहाँ लगभग 250 वर्ष पुराने फ्रेंच मिशन के खंडहर हैं। सर मोर्टिमर व्हीलर ने 1945 में और ज्यां-मैरी कैसल ने 1947-1950 में यहाँ पुरातात्विक खुदाई की थी। आपको बता दें कि वर्तमान स्वरूप में भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण की स्थापना 1861 में ब्रिटिश शासन के अधीन सर अलेक्ज़ैंडर कन्निघम द्वारा तत्कालीन वायसरॉय चार्ल्स जॉन कैनिंग की सहायता से की गई थी।
  • इंसानों जैसी समझ रखने वाली रोबोट सोफिया को बनाने वाले डॉ. डेविड हान्सन ने अपने The Age of Living Intelligent System & Android Society नामक नए शोध कहा है कि वर्ष 2045 तक एंड्रॉयड आधारित रोबोट मनुष्य से विवाह करने के लायक हो जाएंगे। उनके अनुसार ऐसे रोबोट विवाह के अलावा ज़मीन की खरीद-बिक्री के साथ वोट डालने के लायक भी हो जाएंगे। इससे पहले एंड्रॉयड आधारित रोबोट वर्ष 2035 तक वह सबकुछ करने में सक्षम होंगे जो इंसान अभी कर रहे हैं और वर्ष 2038 तक रोबोट मनुष्यों की तरह सामाजिक अधिकारों की मांग भी करेंगे और उसके लिये आंदोलन भी चलाएंगे।
  • ब्रिटेन की लिवरपूल यूनिवर्सिटी के शोधकर्त्ताओं ने अपने एक विस्तृत अध्ययन के बाद बताया है कि जलवायु परिवर्तन के कारण कुछ जीवों की विभिन्न प्रजातियों की आबादी घट रही है। इसमें प्रजातियों पर विस्तृत अध्ययन करके बदलते तापमान का उनके ऊपर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन किया गया। प्राप्त डेटा से हर जीव की तापमान की नियत निर्धारण सीमा निकाली गई जिसे क्रिटिकल थर्मल लिमिट कहते हैं। वैज्ञानिकों ने पाया कि बहुत सारे जीव अपनी प्रजनन क्षमता तब खो देते हैं जब तापमान उनके क्रिटिकल थर्मल लिमिट से कम होता है। कुछ जीव समूहों को जलवायु परिवर्तन से होने वाली प्रजनन हानि के लिये सबसे ज्यादा संवेदनशील माना जाता है। इसमें ठंडे रक्त की प्रजातियां और जलीय जीव शामिल हैं।
  • अंतर्राष्ट्रीय संगठन हिंदुकुश हिमालय असेसमेंट की एक रिपोर्ट के अनुसार यदि ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी नहीं आई तो वर्ष 2100 तक हिमालय के ग्लेशियरों का दो-तिहाई हिस्सा पिघल सकता है। इससे चीन से लेकर भारत तक की नदियों का जल प्रवाह प्रभावित होगा। 210 वैज्ञानिकों द्वारा तैयार की गई इस रिपोर्ट में हिमालय के ग्लेशियरों को गंगा, सिंधु, येलो, मेकांग, इरावदी सहित विश्व की 10 महत्त्वपूर्ण नदियों का जलस्रोत माना गया है। लगभग 3500 किमी. में फैले हिमालयी क्षेत्र में भारत, अफगानिस्तान, म्यांमार, चीन, भूटान, नेपाल, पाकिस्तान और बांग्लादेश आते हैं।