Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 05 मार्च, 2020 | 05 Mar 2020

गूगल क्लाउड क्षेत्र

गूगल ने वर्ष 2021 तक दिल्ली में भारत का अगला क्लाउड क्षेत्र खोलने की घोषणा की है। ध्यातव्य है कि यह भारत में गूगल का दूसरा क्लाउड क्षेत्र होगा, इससे पूर्व गूगल ने अपना पहला क्लाउड क्षेत्र वर्ष 2017 में मुंबई में खोला था। वर्तमान में एशिया प्रशांत क्षेत्र में गूगल के कुल 22 क्लाउड क्षेत्र हैं। गूगल क्लाउड सेवाएँ दक्षिण अमेरिका, उत्तरी अमेरिका, एशिया, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में उपलब्ध हैं। गूगल क्लाउड क्षेत्रों में डाटा संग्रहीत किया जाता है। ये डेटा स्टोरेज क्षेत्र कई कंपनियों को अपना डेटा स्टोर करने और सुरक्षित रखने में मदद करते हैं। भारत में 5 करोड़ से अधिक छोटे और मझोले उद्योग (SMB) हैं, जो भारत को दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनाता है। अतः भारत में गूगल के लिये अच्छा बाज़ार मौजूद है।

शुद्धानंद महात्रो

बंग्लादेश बौद्ध क्रिस्‍टी प्रचार संघ के प्रमुख संघनायक शुद्धानंद महात्रो का 88 वर्ष की उम्र में ढाका में निधन हो गया है। शुद्धानंद महात्रो बंग्लादेश में बौद्ध धर्म के अनुयायियों के प्रमुख थे। वे अनेक सामाजिक उत्‍थान कार्यक्रमों और अपने अनाथालय धर्मराजिका बौद्ध मठ के माध्‍यम से 350 से अधिक बच्‍चों का पालन-पोषण कर रहे थे। बंग्लादेश सरकार ने वर्ष 2012 में उन्‍हें एकुशे पदक से सम्‍मानित किया। 2011 की जनसंख्‍या के आँकड़ों के अनुसार, बंग्लादेश में बौद्ध अनुयायियों की संख्‍या कुल जनसंख्‍या का 0.6 प्रतिशत है। बंग्लादेश में अधिकांश बौद्ध अनुयायी चटगाँव और उसके आसपास रहते हैं।

सुनील जोशी

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) की क्रिकेट सलाहकार समिति ने सुनील जोशी को भारतीय क्रिकेट टीम का नया चीफ सेलेक्टर नियुक्त किया है। जोशी चयन समिति में एम. एस. के. प्रसाद का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल इसी वर्ष जनवरी में समाप्त हुआ। एम. एस. के. प्रसाद चार वर्ष तक चीफ सेलेक्टर के पद पर रहे। सुनील जोशी का जन्म 6 जून, 1970 को कर्नाटक के गदग ज़िले में हुआ। सुनील जोशी एक ऑलराउंडर हैं, जो बाएँ हाथ के धीमी गति के गेंदबाज़ थे और बाएँ हाथ से बल्लेबाज़ी करते थे। सुनील जोशी ने भारत की ओर से कुल 15 टेस्ट मैच और 69 एक दिवसीय मैच खेले। सुनील जोशी ने 21 जून, 2012 को प्रथम श्रेणी क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट की औपचारिक घोषणा की थी।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के दूसरे चरण की शुरुआत की है। इसका कुल परिव्यय 1,40,881 करोड़ रुपए है। स्वच्छ भारत अभियान (ग्रामीण) के दूसरे चरण में शौचालय तक पहुँच और उपयोग के संदर्भ में पिछले पाँच वर्षों में कार्यक्रम के पहले चरण में हासिल की गई उपलब्धियों को बनाए रखने पर ध्यान केंद्रित करना है । अभियान के दूसरे चरण में सुनिश्चित किया जाएगा कि देश के प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रभावी ठोस और तरल कचरा प्रबंधन की व्यवस्था की जाए।