भारतीय तटरक्षक बल 1 फरवरी, 2020 को अपना स्थापना दिवस मना रहा है इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए कहा कि भारतीय तटीय सीमा को सुरक्षित रखने के लिये तटरक्षक बल ने महत्त्वपूर्ण प्रयास किये हैं। भारतीय तटरक्षक बल एक सशस्त्र बल है, यह भारत की समुद्री सीमाओं की रक्षा करता है जिसकी स्थापना 1 फरवरी, 1978 को की गयी थी। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। इसका आदर्श वाक्य “वयम् रक्षामः” है।
13वें अंतर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव का 31 जनवरी, 2020 को समापन हो गया। 24 जनवरी से शुरू हुए इस फिल्मोत्सव के दौरान 39 देशों की कुल 179 फिल्मों को ढाका के पाँच स्थानों पर प्रदर्शित किया गया। समापन समारोह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में 11 पुरस्कार दिये गए। फिनलैंड के निर्देशक मेरजा मेजेनन को फिल्म गुड गर्ल के लिये सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया गया। अंतर्राष्ट्रीय खंड में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार डच फिल्म ‘रोमीज़ सैलून’ को दिया गया। यह फिल्म एक बच्चे रोमी की कहानी है जो डिमेंसिया रोग से ग्रस्त अपनी दादी के सैलून में जाता है।
राजनयिक अजय बिसारिया को कनाडा में भारत का नया उच्चायुक्त नियुक्त किया गया। इससे पूर्व अजय बिसारिया पाकिस्तान में भारत के उच्चायुक्त के रूप में सेवारत थे किंतु बीते वर्ष अगस्त जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को समाप्त करने के निर्णय के पश्चात् पाकिस्तान ने उन्हें भारत वापस भेज दिया था। 1987 बैच के IFS अधिकारी अजय बिसारिया ने भारत-पाकिस्तान के संबंधों को सुधारने और करतारपुर गलियारे जैसे मुद्दों में महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। ज्ञात हो कि अजय बिसारिया वर्ष 1999 से 2004 के मध्य तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निजी सचिव के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
भारतीय मूल के अरविंद कृष्णा को प्रसिद्ध IT कंपनी IBM का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व लंबे समय से वजीर्निया रोमेटी इस पद पर कार्यरत थीं। अरविंद कृष्णा वर्तमान में IBM में एग्जीक्यूटिव के तौर पर कार्य कर रहे हैं। IIT कानपुर में पढ़े अरविंद कृष्णा ने वर्ष 1990 में IBM कंपनी ज्वाॅइन की थी।