मोबाइल विज्ञान प्रदर्शनी | 06 Sep 2019

चर्चा में क्यों?

संपूर्ण लद्दाख क्षेत्र के लिये 5 सितंबर, 2019 को लेह में संस्कृति मंत्रालय द्वारा पहली मोबाइल विज्ञान प्रदर्शनी की शुरुआत की गई, इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन भारत के आकांक्षी ज़िलों (Aspirational Districts) में भी किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु:

  • मोबाइल विज्ञान प्रदर्शनी (Mobile Science Exhibition) लद्दाख के लोगों को अपनी गतिशीलता और ज्ञान के माध्यम से लाभान्वित करेगी।

मोबाइल विज्ञान प्रदर्शनी कार्यक्रम मूल रूप से वर्ष 1965 में शुरू किये गए मोबाइल साइंस म्यूज़ियम (Mobile Science Museum- MSM) से संबंधित है।

  • इस प्रदर्शनी का उद्देश्य संग्रहालय तक न पहुँच पाने वाले लोगों तक संग्रहालय सुविधा को पहुँचाना है।
  • विज्ञान आधारित शिक्षा के गैर-औपचारिक मोड के साथ औपचारिक शिक्षा के पूरक के रूप में अभी तक यह कार्यक्रम यह बहुत सफल रहा है, इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में वैज्ञानिक जागरूकता और रचनात्मक क्षमता विकसित की जाएगी।
  • इस कार्यक्रम को संस्कृति मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्थान राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (National Council of Science Museums) और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (Department of Science & Technology) द्वारा संयुक्त रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है।
  • यह कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित है।
  • इस प्रदर्शनियों हेतु चयनित विषय:
  1. मापन (Measurement)
  2. दैनिक प्रयोग के उपकरण
  3. भोजन और स्वास्थ्य
  4. जल पर ध्यान देने के साथ-साथ जीवन और उनके बीच अंतर्संबंध (Chemistry & Life with focus on Water)
  5. ऊर्जा
  6. सफाई और स्वच्छता (Hygiene & Sanitation)
  7. मानव कल्याण के लिये अंतरिक्ष विज्ञान
  • लेह, लद्दाख क्षेत्र में इस कार्यक्रम को शुरू करने के कुछ प्रमुख उद्देश्य:
  1. आम नागरिकों और छात्रों के बीच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को लोकप्रिय बनाना।
  2. समाज में वैज्ञानिक जागरूकता पैदा करना।
  3. युवा लोगों में अनुसंधान की भावना उत्पन्न करना।
  4. युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित में अपना करियर बनाने के लिये प्रेरित करना।
  5. विज्ञान आधारित शिक्षा के साथ स्कूलों और कॉलेजों में औपचारिक शिक्षा प्रदान करना ।
  6. समाज में विज्ञान की संस्कृति को बढ़ावा देना।

राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद

(National Council of Science Museums- NCSM)

  • NCSM संस्कृति मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संगठन है।
  • यह देश भर में विस्तारित अपने 25 विज्ञान केंद्रों/संग्रहालयों के नेटवर्क के माध्यम से लोगों को सशक्त बनाने के लिये विज्ञान का संचार कर रहा है।
  • यह संगठन विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रयोग को प्रेरित करने के लिये यात्रा तथा अल्पकालिक प्रदर्शनियों, मोबाइल विज्ञान प्रदर्शनियों जैसे शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन करता है।
  • वर्तमान समय में NCSM राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर विज्ञान संचार के क्षेत्र में एक महत्त्वपूर्ण संस्थान बन गया है।

स्रोत: PIB