समुद्री संचार सेवा | 14 Sep 2019

चर्चा में क्यों?

राष्ट्रीय रेडियो और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी (National Radio & Electronics Company- Nelco) ने 13 सितंबर 2019 को मुंबई में समुद्री संचार सेवा (maritime communication service) का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु:

  • वर्तमान युग प्रौद्योगिकी और संचार का युग है। भारत में संचार प्रौद्योगिकी के प्रयोग के माध्यम से वित्तीय समावेशन, डिजिटल इंडिया और ई-गवर्नेंस जैसे कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
  • NELCO पहली भारतीय कंपनी है जो समुद्री क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण ब्रॉडबैंड सेवाएँ प्रदान करेगी।
  • समुद्री संचार सेवा के तहत उपग्रह प्रौद्योगिकी (Satellite Technology) का उपयोग करते हुए क्रूज़ लाइनरों (Cruise Liners) और समुद्री जहाज़ों को वॉयस, डेटा तथा वीडियो सेवाओं तक पहुँच स्थापित करने हेतु उच्च गुणवत्तायुक्त इंटरनेट सेवाएँ प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त समुद्री जहाज़ों को आवश्यक अन्य डिजिटल सेवाएँ भी प्रदान की जाएंगी।
  • NELCO, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (Indian Space Research Organization) के साथ वैश्विक भागीदारी के माध्यम से ऊर्जा, कार्गो तथा क्रूज़ जहाज़ों की परिचालन क्षमता को और मज़बूत करेगी।
  • इसी सेवा की तरह भारत सरकार के संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने दिसंबर, 2018 में इन-फ़्लाइट एंड मैरीटाइम कम्युनिकेशंस (In-Flight And Maritime Communications- IFMC) सेवा की शुरुआत की थी।
  • IFMC के तहत भारत के हवाई और समुद्री क्षेत्रों से गुज़रने वाले जहाज़ों को इंटरनेट सेवाएंँ प्रदान की जाती हैं।

स्रोत: PIB