जापानी मूल के ब्रिटिश लेखक काजु़ओ इशिगुरो को साहित्य का नोबेल पुरस्कार | 06 Oct 2017

चर्चा में क्यों?

द रॉयल स्वीडिश अकादमी द्वारा ‘द रिमेन्स ऑफ द डे’ (The Remains of the Day) उपन्यास के लिये मशहूर ब्रिटिश लेखक काजु़ओ इशिगुरो (Kazuo Ishiguro) को वर्ष 2017 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इशिगुरो के इस उपन्यास पर एक हॉलीवुड फिल्म भी बन चुकी है। एंथनी हॉपकिंस एवं एम्मा थॉम्पसन द्वारा अभिनित इस फिल्म को ऑस्कर के लिये नामांकित किया गया था। यह उपन्यास एक बटलर के जीवन पर आधारित है।

  • इशिगुरो ने आठ किताबों के साथ-साथ फिल्म एवं टेलीविज़न के लिये कई पटकथाएँ भी लिखी हैं। 
  • इससे पहले वर्ष 1989 में उन्हें ‘द रिमेन्स ऑफ द डे’ उपन्यास के लिये मैन बुकर प्राइज़ से भी सम्मानित किया जा चुका है।

काजु़ओ इशिगुरो का परिचय

  • जापान के नागासाकी में जन्में इशिगुरो पाँच साल की उम्र से अपने परिवार के साथ ब्रिटेन में रह रहे हैं। वयस्क होने पर उन्होनें जापान की यात्रा की।
  • वर्ष 1982 में प्रकाशित उनका पहला उपन्यास ‘अ पेल व्यू ऑफ द हिल्स’ (A Pale View of the Hills) और वर्ष 1986 में प्रकाशित दूसरा उपन्यास ‘एन आर्टिस्ट ऑफ द फ्लोटिंग वर्ल्ड’ (An Artist of the Floating World) दोनों ही द्वितीय विश्वयुद्ध के कुछ सालों के बाद के नागासाकी शहर पर आधारित उपन्यास हैं।
  • अकादमी के अनुसार, इशिगुरो ब्रिटिश उपन्यासकार जेन ऑस्टिन और जर्मन भाषा के लघु कथाकार फ्रैंज़ काफ्का का मिश्रित रूप हैं। इशिगुरो में इन दोनों लेखकों की सृजनात्मक क्षमता एवं समझ का साझा चित्रण देखने को मिलता है।
  • अकादमी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि इशिगुरो की रचनाओं में अभिव्यक्ति का एक संयमित रूप नज़र आता है, जो अपने आस-पास की घटनाक्रमों से अप्रभावित होता है।

काजु़ओ इशिगुरो के प्रसिद्ध उपन्यास

  • ‘द रिमेन्स ऑफ द डे’
  • ‘अ पेल व्यू ऑफ द हिल्स’
  • ‘एन आर्टिस्ट ऑफ द फ्लोटिंग वर्ल्ड’
  • 'नेवर लैट मी गो’
  • ‘द बरीड जाइंट’
  • ‘द अनकॉन्सॉल्ड’
  • ‘व्हेन वी वर ओर्फन्स’ 

साहित्य के नोबेल पुरस्कार से जुड़े कुछ अहम् तथ्य

  • ध्यातव्य है कि वर्ष 1901 से वर्ष 2017 के बीच अभी तक कुल 110 नोबेल पुरस्कार प्रदान किये जा चुके हैं।
  • अभी तक कुल 14 महिला लेखकों को ही साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
  • साहित्य के क्षेत्र में अभी तक मात्र 4 बार दो लोगों को साझा पुरस्कार प्रदान किया गया है।
  • ध्यातव्य है कि साहित्य के क्षेत्र में रुडयार्ड किपलिंग सबसे कम उम्र के (41 वर्ष की उम्र में) नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाले लेखक हैं। साहित्य का नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाले सबसे उम्रदराज़ लेखक डोरिस लेसिंग हैं। लेसिंग को 88 वर्ष की उम्र में इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।