भारत-अज़रबैजान अंतर-सरकारी बैठक | 13 Oct 2018

चर्चा में क्यों

हाल ही में व्यापार और आर्थिक, विज्ञान एवं टेक्नॉलोजी सहयोग पर भारत-अजरबैज़ान अंतर-सरकारी आयोग की पाँचवीं बैठक नई दिल्ली में संपन्न हुई।

प्रमुख बिंदु

  • इस बैठक के दौरान दोनों देशों ने वर्तमान आर्थिक स्थिति पर चर्चा की और द्विपक्षीय व्यापार, निवेश तथा आर्थिक, विज्ञान एवं टेक्नॉलोजी के क्षेत्र में वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।
  • दोनों पक्षों ने व्यापार और निवेश, परिवहन, ऊर्जा तथा हाइड्रोकार्बन, सूक्ष्म, मध्यम और लघु उद्योग, कृषि खाद्य सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन, संस्कृति, स्वास्थ्य और फॉर्मास्यूटिकल्स, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, शिक्षा तथा वैज्ञानिक शोध, रसायन तथा पेट्रो-रसायन और खनन क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाने पर बल दिया।
  • दोनों देशों ने एक-दूसरे के साथ व्यापार संबंधों तथा व्यावसायिक संबंधों को बढ़ाने के उपाय अपनाने पर सहमति व्यक्त की तथा यह निर्णय लिया गया कि दोनों देशों में हो रहे आर्थिक विकास और सुधारों के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के लिये व्यापार शिष्टमंडल भेजा जाएगा। साथ ही व्यापार प्रदर्शनियों, मेलों, सम्मेलनों तथा अन्य व्यावसायिक आयोजनों के बारे में सूचना का नियमित आदान-प्रदान होगा।
  • व्यापार और आर्थिक विज्ञान तथा टेक्नॉलोजी सहयोग पर भारत-अजरबैज़ान अंतर-सरकारी आयोग की अगली बैठक बाकू (अज़रबैजान की राजधानी तथा वहाँ का सबसे बड़ा शहर) में आयोजित की जाएगी।

अज़रबैजान के बारे में

Sagar

  • अज़रबैजान कैस्पियन सागर के किनारे पर ट्रांसकेशियासिया (या दक्षिण काकेशस) के पूर्वी भाग में स्थित है।
  • यह क्षेत्र 86,600 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र को कवर करता है और यह  दक्षिण काकेशस में स्थित सबसे बड़ा देश है।
  • बाकू शहर इस देश की राजधानी और देश का सबसे बड़ा शहर है।
  • यहाँ की राष्ट्रीय भाषा अज़रबैजानी है। हालाँकि, रूसी भाषा भी व्यापक रूप से बोली जाती है। अज़रबैजान ईरान (765 किमी), तुर्की (15 किमी), रूस (390 किमी), जॉर्जिया (480 किमी) और आर्मेनिया (1007 किमी) के साथ सीमाओं को साझा करता है। 
  • देश के पूर्वी किनारे पर कैस्पियन सागर है।

काकेशस 

  • काकेशस पर्वत श्रृंखला यूरोप और एशिया की सीमा पर स्थित काला सागर (black sea) और कैस्पियन सागर के बीच कॉकस क्षेत्र की एक पर्वत श्रृंखला है।