भारत पर्व 2021 | 02 Feb 2021

चर्चा में क्यों?

पर्यटन मंत्रालय द्वारा विकसित एक वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर 26 से 31 जनवरी, 2021 तक वार्षिक कार्यक्रम ‘भारत पर्व 2021’ का आयोजन किया गया।

  • इस अवसर पर पर्यटन मंत्रालय द्वारा तीन आभासी मंडप समर्पित किये गए, जिनमें ‘देखो अपना देश’, ‘स्टेचू ऑफ यूनिटी’ और ‘अतुल्य भारत’ शामिल हैं।

प्रमुख बिंदु

भारत पर्व

  • इस विशाल आयोजन का उद्देश्य आम नागरिकों में देशभक्ति की भावना उत्पन्न करना और देश की समृद्ध एवं सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करना है। 
  • भारत पर्व का आयोजन वर्ष 2016 से प्रत्येक वर्ष 26 से 31 जनवरी तक पर्यटन मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर लाल किले की प्राचीर के सामने किया जाता है।
  • भारत पर्व 2021 में केंद्रीय मंत्रालयों के मंडपों, राज्य विषय-वस्तु के मंडपों, विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के फूड फेस्टिवल/स्टूडियो किचन मंडपों, हस्तशिल्प, हथकरघा, लोक प्रदर्शन, विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सांस्कृतिक मंडलियों की प्रदर्शनी को भी दर्शाया गया है।

‘देखो अपना देश’ अभियान

  • इसे पर्यटन मंत्रालय द्वारा वर्ष 2020 में लॉन्च किया गया था।
  • इस पहल के तहत नागरिकों को देश के भीतर यात्रा करने और उन्हें भारत की विशिष्ट संस्कृति को जानने के लिये प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे देश में घरेलू पर्यटन और पर्यटन अवसंरचना का विकास संभव हो सके।
  • मंत्रालय द्वारा विभिन्न शहरों, राज्यों, संस्कृतियों, विरासत और वन्यजीव आदि पर वेबिनार शृंखला भी आयोजित की जा रही है।

स्टेचू ऑफ यूनिटी

  • यह गुजरात के नर्मदा ज़िले में स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मारक है।
  • पद्मभूषण पुरस्कार से सम्मानित भारतीय मूर्तिकार राम वनजी सुतर द्वारा डिज़ाइन की गई ‘स्टेचू ऑफ यूनिटी’ 182 मीटर की ऊँचाई के साथ दुनिया की सबसे ऊँची मूर्ति है।
  • यह मंडप  ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के विचार को प्रदर्शित करता है:
    • विभिन्न राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के लोगों के बीच पारस्परिक समझ और विचार-विमर्श को बढ़ावा देना।
    • भाषा सीखने, संस्कृति, परंपराओं और संगीत, पर्यटन तथा भोजन, खेल एवं सर्वोत्तम प्रथाओं के साझाकरण आदि क्षेत्रों में निरंतर व संरचित सांस्कृतिक संपर्क को बढ़ावा देना।

अतुल्य भारत मंडप

  • इस मंडप में यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की जानकारी शामिल थी।
  • भारत में 38 विश्व धरोहर स्थल हैं, जिनमें 30 सांस्कृतिक, 7 प्राकृतिक और 1 मिश्रित स्थल है। इनमें शामिल नवीनतम विश्व धरोहर स्थल राजस्थान का जयपुर शहर है।

स्रोत: पी.आई.बी.