पेंगुइन के प्रजनन में समस्या | 26 Apr 2019

चर्चा में क्यों?

एम्परर पेंगुइन (Emperor Penguin) अपने दूसरे सबसे बड़े आवास स्थल में प्रजनन की समस्या से जूझ रहे हैं।

प्रमुख बिंदु

  • अंटार्कटिक के बर्फीले हिस्सों के सिकुड़ने के कारण पिछले तीन वर्षों से लगभग सभी नवजात पेंगुइन चूजों की मृत्यु हो रही है।
  • ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे ने केप होप के दक्षिण में स्थित वेडेल सागर में हैली बे कॉलोनी का अध्ययन करने के लिये इमेजरी उपग्रह का उपयोग किया।
  • गौरतलब है कि इस स्थान पर आमतौर पर हर साल 25,000 पेंगुइन के जोड़ों को देखा जाता है।
  • उन्होंने पाया कि 2016 में असामान्य रूप से गर्म और तूफानी मौसम के कारण समुद्री बर्फ के उस हिस्से के टूट जाने के कारण जिस पर पेंगुइन आमतौर पर अपने चूजों को शुरुआती दौर में पालते हैं, लगभग सभी चूजों की मृत्यु हो गई। यही हाल 2017 और 2018 में भी रहा।

विश्व पेंगुइन दिवस

  • प्रत्येक वर्ष 25 अप्रैल को विश्व पेंगुइन दिवस मनाया जाता है।
  • विश्व में पेंगुइन की 17 प्रजातियाँ पाई जाती हैं और उनके प्राकृतिक आवास दक्षिणी गोलार्द्ध में हैं।
  • सत्रह पेंगुइन प्रजातियों में से केवल छह प्रजातियाँ ऐसी हैं जो अंटार्कटिक में रहती हैं। ये हैं- एडिलेज़, चिन्स्ट्रैप, एम्परर्स, गेंटोस, मैकरोनिस और रॉकहॉपर्स।
  • इन छह प्रजातियों में से केवल चार प्रजातियाँ अंटार्कटिका पर ही प्रजनन करती हैं। ये हैं- एडिलेज़, एम्परर्स, चिन्स्ट्रैप और गेंटोस।
  • एम्परर पेंगुइन सभी प्रजातियों में से सबसे बड़ी है और अंटार्कटिका की स्थानिक प्रजाति है। यह IUCN की रेड लिस्ट में निकट संकटग्रस्त ( Near Threatened) श्रेणी में शामिल है।

स्रोत: द हिंदू