इतिहास की एक और विस्मयकारी खोज | 19 Aug 2017

चर्चा में क्यों ?

मेक्सीकन वैज्ञानिकों के एक समूह द्वारा 10 हज़ार वर्ष पुराने एक अज्ञात जीव का कंकाल प्राप्त करने में सफलता हासिल की गई है । ध्यातव्य है कि 2010 में प्लेइस्टोसेन युग (Pleistocene-era) के एक अज्ञात जीव के अवशेष पाए गए थे, परंतु वे पानी में (एक सिंकहोल के भीतर) इतनी अधिक गहराई में मौजूद थे कि शोधकर्त्ता उसके टुकड़े-टुकड़े कर के ही उसे एकत्रित कर सके ।

महत्त्वपूर्ण बिंदु

  • अंततः वैज्ञानिकों द्वारा उस जीव की खोपड़ी, जबड़े, कशेरुकाओं, पसलियों, पंजों तथा अन्य हड्डियों को एक स्थान पर संग्रहित किया गया है, परंतु बाकी के अवशेषों को अभी तक प्राप्त नहीं किया जा सका है क्योंकि वे पानी के भीतर 50 मीटर की गहराई में दबे हुए हैं।
  • हालाँकि, शोधकर्त्ताओं द्वारा अगले वर्ष तक इस जीव के बाकी अवशेषों को भी एकत्रित करने की संभावना व्यक्त की गई है।
  • इस नए प्रकार के जीव को Xibalbaonyx oviceps नाम दिया गया है। इसे एक अन्य नाम ‘पोट’ से भी संबोधित किया जा रहा है।
  • गौरतलब है कि वह क्षेत्र जहाँ ये अवशेष पाए गए हैं, वह युकाटन प्रायद्वीप (Yucatan peninsula) के प्राचीन समुद्री तट में स्थित है। यह क्षेत्र पृथ्वी पर पानी में उपस्थित बहुत सी गहरी एवं व्यापक गुफाओं का सबसे वृहद् एवं आकर्षक क्षेत्र होने के कारण दुनियाभर के गोताखोरों की सबसे पसंदीदा जगह है।

अवशेषों के अध्ययन से प्राप्त जानकारी

  • इस जीव के प्रारंभिक अवशेषों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह अब से 10,647 से 10,305 साल पहले जीवित था। ध्यातव्य है कि यह वह समयकाल था, जब पृथ्वी पर सभी प्रकार के विशालकाय जीव विचरण करते थे।

सिंकहोल

  • उल्लेखनीय है कि मैक्सिको शहर इसमें पाए जाने वाले अनगिनत सिंकहोलों के लिये प्रसिद्ध है।
  • सिंकहोल को सेनोट्स (cenotes) के नाम से भी जाना जाता है। ये सिंकहोल अक्सर इसमें भरे जल के ऊपर पड़ रही प्रकाश की किरणों के कारण खूबसूरत पन्ना एवं फिरोज़ी रंग के जल के रूप में प्रकाशित होते रहते हैं।