अमेरिका की नई आव्रजन नीति | 30 Aug 2019

चर्चा में क्यों?

हाल ही में अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने प्रवासी परिवारों को अनुमति देने संबंधित एक नया विनियमन प्रस्तुत किया है। यह विनियमन दशकों पुराने न्यायालय के एक आदेश का स्थान लेगा जो प्रवासी बच्चों की देखभाल को अनिवार्य करता है, साथ ही सरकार द्वारा उन्हें हिरासत में रखने की सीमा का भी निर्धारण करता है।

प्रवास: मानव प्रवास, एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थायी या अस्थायी रूप से बसने के इरादे से लोगों की आवाजाही है। यह सामान्यतः एक देश से दूसरे देश के बीच होता है, इसके अतिरिक्त देश में आंतरिक प्रवास भी संभव है।

प्रवास का कारण:

  • अमेरिका में ज़्यादातर प्रवास मेक्सिको और मध्य अमेरिकी देशों से होता है। अमेरिका की दक्षिणी सीमाएँ मेक्सिको से स्पर्श करती हैं।
  • अवैध प्रवासियों का प्रवेश इसी सीमा से होता है इसलिये डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से ही सरकार इस क्षेत्र की सीमा को बंद करने हेतु एक दीवार बनाने का प्रयास कर रही है।
  • ऐतिहासिक काल से मेक्सिको और अमेरिका के बीच मज़दूरों का आदान प्रदान होता रहा है क्योंकि अमेरिका में उद्योग और कृषि हेतु मज़दूरों की सदैव आवश्यकता रही।
  • मध्य अमेरिकी और मेक्सिको की सामाजिक तथा राजनीतिक स्थिति अमेरिका की तुलना में काफी पिछड़ी हुई है, इसलिये लोग बेहतर सामाजिक अवसंरचना के लिये अमेरिका में पलायन करते हैं।
  • आसपास के क्षेत्र होने के बावजूद भी दोनों देशों की मज़दूरी में काफी अंतर होता है, इसलिये मेक्सिको के मज़दूर वीज़ा इत्यादि न मिलने की स्थिति में अवैध रूप से अमेरिका में प्रवास करने का प्रयास करते हैं।
  • अमेरिका और मेक्सिको के सीमावर्ती क्षेत्रों की संस्कृति, भाषा और खानपान की समानता भी प्रवास को बढ़ावा दे रही है।

प्रवास का प्रभाव:

  • अमेरिकी सरकार के अनुसार आर्थिक मंदी के कारण रोज़गार के कम अवसरों के मद्देनज़र प्रवासियों को प्रवेश की अनुमति देना स्थानीय नागरिकों के अधिकारों के साथ अन्याय है।
  • मेक्सिको की अर्थव्यवस्था के लिये यह प्रवास और भी हानिकारक है क्योंकि अमेरिका में ज़्यादा मज़दूरी के कारण मेक्सिको से प्रतिभा का पलायन हो रहा है।
  • मेक्सिको से पुरुषों के पलायन के कारण वहांँ पर लिंगानुपात असंतुलित हो रहा है।
  • नई सरकार बनने के बाद से ही अमेरिका में संरक्षणवाद और अमेरिका फर्स्ट (America First) जैसी नीतियों का अनुपालन हो रहा है, इसलिये अमेरिकी सरकार संसाधनों और अवसरों पर अमेरिका के लोगों को प्राथमिकता दे रही है।

प्रवासियों हेतु नई नीति

  • व्हाइट हाउस के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने प्रवासियों हेतु फ्लोर्स सेटलमेंट (Flores settlement) व्यवस्था को समाप्त करने को कहा है। फ्लोर्स सेटलमेंट के तहत परिवारों को हिरासत में रखने और अन्य सुविधाओं हेतु न्यूनतम मानक स्थापित किया जाता था। विभाग का मानना है कि इसकी समाप्ति से दक्षिण-पश्चिमी सीमा से प्रवासियों के प्रवाह को रोकने में मदद मिलेगी।
  • नई व्यवस्था के तहत विशेष रूप से आव्रजन जेलों में बंद परिवारों को 20 दिनों के भीतर न्यायालय में पेश करने की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है।
  • नए नियम के लागू होने के पश्चात् अमेरिकी प्रशासन उन प्रवासी परिवारों को वापस भेजने के लिये स्वतंत्र होगा जो अवैध रूप से सीमा पार करते हुए पकड़े गए हैं और आवासीय केंद्रों में रह रहे हैं।
  • नए नियमों के तहत बच्चों को स्वास्थ्य और मानव सेवा विभाग की हिरासत में भेज दिया जाएगा जबकि वयस्कों को आव्रजन कानूनों के उल्लंघन पर मुकदमे की प्रतीक्षा करते हुए कैद कर लिया जाएगा।

स्रोत: न्यूयार्क टाइम्स