रैपिड फायर
रणथंभौर टाइगर रिज़र्व में कई शीर्ष परभक्षी प्रजातियाँ देखी गईं
रणथंभौर टाइगर रिज़र्व में चाकल नदी के पास लगभग 1-2 किमी. के दायरे में, एक ही समय व क्षेत्र के भीतर बाघ, तेंदुआ और चीता देखे गए, जो शीर्ष परभक्षी प्रजातियों के बीच अत्यंत दुर्लभ तथा पारिस्थितिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण अतिव्यापन को दर्शाता है।
- ऐसी सह-उपस्थिति सामान्यतः नहीं देखी जाती, क्योंकि नीश पार्टिशनिंग (Niche Partitioning) के तहत प्रजातियाँ आवास उपयोग, शिकार के चयन और कालिक गतिविधि पैटर्न में भिन्नता उत्पन्न कर अंतर-प्रजातीय प्रतिस्पर्द्धा को कम करती हैं।
- इस प्रकार का एकत्रीकरण एक स्थायी सह-आवास के बजाय एक अस्थायी पारिस्थितिक संयोग के रूप में अधिक उपयुक्त रूप से समझा जाता है, जो संभवतः शिकार की आवाजाही, प्रसार गतिशीलता (Dispersal Dynamics) और परिदृश्य संपर्कता (Landscape Connectivity) जैसे कारकों से प्रेरित होता है।
तीन परभक्षी प्रजातियों की व्यावहारिक पारिस्थितिकी
- चीता: यह मुख्यतः दिन में सक्रिय रहने वाला शिकारी है, जो खुले पर्यावासों के लिये अनुकूलित होता है और घात लगाकर हमला करने या ताकत के बजाय तेज़ गति से पीछा कर शिकार करता है।
- बाघ: यह एकाकी और क्षेत्रीय रूप से प्रभुत्वशाली शीर्ष शिकारी है, जो बड़े परिदृश्यों पर पारिस्थितिक नियंत्रण रखता है तथा अक्सर निम्न श्रेणी के माँसाहारी प्रजातियों की उपस्थिति को सीमित करता है।
- तेंदुआ: यह पारिस्थितिक रूप से अनुकूलनीय मध्यम-स्तरीय शिकारी है, जो अपने व्यवहार को स्थानिक और कालिक रूप से समायोजित करता है, अक्सर अधिक रात्रिचर बनकर और ऊबड़-खाबड़ क्षेत्रों में जाकर ताकि बाघों के साथ प्रत्यक्ष प्रतिस्पर्द्धा से बच सके।
रणथंभौर टाइगर रिज़र्व
- परिचय: यह सवाई माधोपुर ज़िला, राजस्थान में अरावली और विंध्य पर्वतशृंखलाओं के बीच स्थित है।
- रणथंभौर टाइगर रिज़र्व (RTR) में रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान, सवाई माधोपुर अभयारण्य, केलादेवी अभयारण्य और राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य का एक भाग शामिल है।
- इसका नाम ऐतिहासिक रणथंभौर किले के नाम पर रखा गया है, जो रिज़र्व के भीतर एक यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है।
- नदियाँ: RTR उत्तर में बनास नदी और दक्षिण में चंबल नदी से घिरा है।
- झीलें: RTR में कई झीलें हैं, जिनके नाम पदम तालाब, राज बाग तालाब और मलिक तालाब हैं।
- वनस्पति: मुख्यतः शुष्क पर्णपाती वन और उष्णकटिबंधीय कँटीले प्रकार के वन।
- वन्यजीव: यहाँ रॉयल बंगाल टाइगर, तेंदुआ, कैराकल, साँभर, चीतल, चिंकारा, जंगली सूअर और पक्षियों की कई प्रजातियाँ, जैसे– सारस, सर्पेंट ईगल और पेंटेड सर्फाउल पाए जाते हैं।
- वर्ष 2023 की बाघ की जनगणना के अनुसार, RTR में 71 बाघ और शावक हैं, जो इसे कॉर्बेट और काज़ीरंगा के बाद तीसरा सबसे सघन आबादी वाला बाघ अभयारण्य बनाता है।
- वनस्पति: यहाँ ढोक वृक्ष की प्रधानता है, अन्य में बबूल, गुर्जन, गोंद और खैर शामिल हैं।
|
और पढ़ें: रणथंभौर टाइगर रिज़र्व |
प्रारंभिक परीक्षा
पारंपरिक आतिशबाज़ी के लिये सुरक्षित विकल्प
चर्चा में क्यों?
केरल में एक विनाशकारी आतिशबाज़ी दुर्घटना (जैसे– मुंडाथिकोड में लगी भीषण आग) और त्रिशूर पूरम जैसे त्योहारों के दौरान सुरक्षा संबंधी चिंताओं ने सुरक्षित विकल्पों पर पुनः ध्यान केंद्रित कर दिया है।
भारत में आतिशबाज़ी से संबंधित नियम क्या हैं?
- कानूनी ढाँचा: पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग को विनियमित करने वाला विस्फोटक अधिनियम, 1884 और विस्फोटक नियम, 2008 द्वारा शासित।
- नियामक प्राधिकरण: पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO), जो वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग (DPIIT) के तहत कार्य करता है, विस्फोटकों के विनियमन के लिये नोडल एजेंसी है।
- सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश: अर्जुन गोपाल बनाम भारत संघ (2018) मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने बेरियम लवणयुक्त गैर-प्रमाणित आतिशबाज़ी पर प्रतिबंध लगा दिया और केवल PESO-अनुमोदित हरित पटाखों (ग्रीन क्रैकर्स) को अनुमति दी, जो कम उत्सर्जन मानकों को पूरा करते हैं।
- न्यायालय ने संबंधित पटाखे (सीरीज़ क्रैकर्स या 'लड़ी') के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया, यह मानते हुए कि वे "भारी वायु, ध्वनि और ठोस अपशिष्ट जैसी समस्याएँ" उत्पन्न करते हैं।
- ध्वनि प्रदूषण (V) अन्य (2005) मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने माना कि ध्वनि प्रदूषण अनुच्छेद 21 का उल्लंघन करता है, जो जीवन और शांतिपूर्ण जीवन जीने के अधिकार की गारंटी देता है, तदनुसार सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा के लिये ध्वनि स्तर और पटाखों के समय पर प्रतिबंध लगा दिये।
पारंपरिक आतिशबाज़ी से संबंधित प्रमुख चिंताएँ
- प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी विफलताएँ: व्यापक स्तर पर अवैध निर्माण (विशेषकर तमिलनाडु के सिवकाशी जैसे केंद्रों में), अनधिकृत भंडारण, प्रशिक्षित कर्मियों की कमी और धार्मिक एवं सांस्कृतिक त्योहारों के दौरान भीड़-नियंत्रण मानदंडों की अवहेलना।
- स्वास्थ्य संबंधी खतरे: पारंपरिक आतिशबाज़ी से विषैले रसायनों का मिश्रण निकलता है:
- स्ट्रोंशियम (लाल रंग): बच्चों में हड्डियों के विकास में समस्या उत्पन्न करता है।
- बेरियम (हरा रंग): श्वास संबंधी कष्ट और माँसपेशियों की कमज़ोरी का कारण बनता है।
- तांबा (नीला रंग): अंतःस्रावी तंत्र (एंडोक्राइन) को बाधित करता है।
- एल्यूमिनियम/एंटीमनी: त्वचा और फेफड़ों में जलन उत्पन्न करता है।
- पर्यावरणीय प्रभाव: PM2.5 और PM10 के स्तर में भारी वृद्धि, जो उत्तरी भारत में गंभीर शीतकालीन धुंध (स्मॉग) में योगदान करती है।
- ध्वनि प्रदूषण: ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 की अनुमेय सीमाओं को पार करना, जिससे शिशुओं, वृद्धजनों और पशुओं को गंभीर आघात पहुँचता है।
कोल्ड स्पार्क टेक्नोलॉजी क्या है?
- परिचय: कोल्ड स्पार्क टेक्नोलॉजी एक उन्नत पायरोटेक्निक प्रणाली है जो विस्फोट, तेज़ ध्वनि या धुएँ के बगैर दृश्य चिनगारी उत्पन्न करती है।
- कार्यप्रणाली: इसमें बारीक धातु मिश्रधातु के चूर्ण (जैसे– टाइटेनियम और जिरकोनियम) का उपयोग होता है, जिसे गर्म करके हवा में फैला दिया जाता है, जहाँ वे ऑक्सीजन के साथ प्रतिक्रिया करके चमकीले, फुलझड़ी जैसे प्रभाव उत्पन्न करते हैं।
- निम्न-तापमान संचालन: पारंपरिक आतिशबाज़ी (लगभग 1200°C) के विपरीत, यह बहुत कम तापमान (60–100°C) पर कार्य करती है, जिससे आग और जलने के जोखिम काफी कम हो जाते हैं।
- पर्यावरणीय एवं सुरक्षा लाभ: यह कम शोर, कम धुआँ और मनुष्यों, पशुओं एवं शहरी परिवेश के लिये अधिक सुरक्षित है, जो इसे सार्वजनिक कार्यक्रमों और नियंत्रित समारोहों के लिये उपयुक्त बनाता है।
पारंपरिक आतिशबाज़ी के सुरक्षित विकल्प क्या हैं?
- ग्रीन क्रैकर्स: वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (CSIR-NEERI) द्वारा विकसित ग्रीन क्रैकर्स पर्यावरण-अनुकूल विकल्प हैं, जिनमें बेरियम, लिथियम, आर्सेनिक या सीसा जैसे प्रतिबंधित रसायन नहीं होते हैं।
- ये 30% से 35% तक उत्सर्जन को कम करते हैं।
- इसके तीन प्रमुख प्रकार हैं:
- SWAS (सेफ वाटर रिलीज़र): यह विस्फोट होने पर जलवाष्प छोड़ता है, जिससे धूल (PM10 और PM2.5) को नियंत्रित करने में सहायता मिलती है। इसमें पोटैशियम नाइट्रेट और सल्फर का उपयोग नहीं किया जाता।
- STAR (सेफ थर्माइट क्रैकर): इसमें पोटैशियम नाइट्रेट और सल्फर नहीं होते, जिससे कणीय पदार्थ का उत्सर्जन कम होता है तथा ध्वनि की तीव्रता भी घटती है।
- SAFAL (सेफ मिनिमल एल्यूमिनियम): इसमें एल्यूमिनियम के स्थान पर मैग्नीशियम का उपयोग किया जाता है, जिससे कणीय उत्सर्जन और ध्वनि दोनों कम हो जाते हैं।
- प्रौद्योगिकीय एवं दृश्य विकल्प: विस्फोटक जोखिमों और वायु प्रदूषण को पूरी तरह समाप्त करने हेतु आधुनिक तकनीक शानदार दृश्य विकल्प प्रदान करती है:
- ड्रोन शो: LED से सुसज्जित ड्रोन के समन्वित समूह आकाश में बड़े और गतिशील 3D चित्र बना सकते हैं (जैसे– इंटेल ड्रोन शो, नई दिल्ली में बीटिंग रिट्रीट समारोह)।
- लेज़र और लाइट शो: हाई-पॉवर, संगीत के साथ समन्वित लेज़र किरणें बिना किसी भौतिक अवशेष, धुएँ या विस्फोटक जोखिम के शानदार दृश्य प्रस्तुत करती हैं।
- प्रोजेक्शन मैपिंग: बड़े भवनों, स्मारकों या मंदिरों पर जटिल और एनिमेटेड दृश्य प्रक्षेपित कर आतिशबाज़ी जैसा उत्सवमय दृश्य उत्पन्न किया जाता है।
- कोल्ड स्पार्क मशीन: ये मशीनें चिनगारियों की वर्षा उत्पन्न करती हैं, जो पारंपरिक आतिशबाज़ी जैसी दिखती हैं, लेकिन बहुत कम तापमान (लगभग 15°C से 20°C) पर कार्य करती हैं।
- ये गैर-ज्वलनशील और धुआं-मुक्त हैं, जो इन्हें कम दूरी और इनडोर (बंद कमरों) में उपयोग के लिये पूरी तरह सुरक्षित बनाता है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)
1. भारत में आतिशबाज़ी को नियंत्रित करने वाला विधिक ढाँचा क्या है?
आतिशबाज़ी को विस्फोटक अधिनियम, 1884 और विस्फोटक नियम, 2008 के तहत विनियमित किया जाता है, जिसमें PESO नोडल नियामक प्राधिकरण है।
2. अर्जुन गोपाल बनाम भारत संघ में क्या निर्णय दिया गया था?
सर्वोच्च न्यायालय ने बेरियम-आधारित आतिशबाज़ी पर प्रतिबंध लगाया और प्रदूषण कम करने के लिये केवल PESO-प्रमाणित ग्रीन क्रैकर्स की अनुमति दी।
3. आतिशबाज़ी से होने वाला ध्वनि प्रदूषण अनुच्छेद 21 से कैसे संबंधित है?
ध्वनि प्रदूषण (V) मामले में न्यायालय ने कहा कि अत्यधिक ध्वनि अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और शांतिपूर्ण जीवन के अधिकार का उल्लंघन करती है।
4. ग्रीन क्रैकर्स क्या हैं और ये कैसे भिन्न हैं?
ये CSIR-NEERI द्वारा विकसित किये गए हैं, जो 30-35% तक उत्सर्जन कम करते हैं और बेरियम, लिथियम तथा सीसा जैसे विषैले रसायनों से मुक्त होते हैं।
5. कोल्ड स्पार्क तकनीक क्या है और यह अधिक सुरक्षित क्यों है?
यह बिना विस्फोट के चिनगारी प्रभाव उत्पन्न करती है, कम तापमान पर कार्य करती है तथा बहुत कम ध्वनि और धुआँ उत्पन्न करती है, जिससे यह सार्वजनिक उपयोग के लिये अधिक सुरक्षित होती है।
रैपिड फायर
भारतीय रुपये का मूल्यह्रास
भारतीय रुपया (INR) अमेरिकी डॉलर (USD) के मुकाबले 94 के स्तर से भी नीचे कमज़ोर हो गया है। इस अवमूल्यन को बाहरी दबावों ने और अधिक बढ़ा दिया है, विशेष रूप से पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज़ वृद्धि ने। इससे आयात लागत में काफी बढ़ोतरी हुई है और रुपये पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है।
- मुद्रा अवमूल्यन बनाम मुद्रा मूल्यह्रास नीति: अवमूल्यन का अर्थ है बाज़ार शक्तियों (मांग और आपूर्ति) के कारण मुद्रा के मूल्य में गिरावट, जबकि मूल्यह्रास का अर्थ है सरकार या केंद्रीय बैंक द्वारा जानबूझकर मुद्रा के मूल्य को नीचे करना।
भारतीय रुपये के अवमूल्यन के कारण:
- बढ़ता चालू खाता घाटा: रुपए की लंबे समय तक चलने वाली कमज़ोरी का मूल कारण बढ़ता चालू खाता घाटा है, जो कच्चे तेल की कीमतों के 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर जाने से काफी बढ़ गया है।
- भू-राजनीतिक आपूर्ति व्यवधान: पश्चिम एशिया संघर्ष और होर्मुज़ जलडमरूमध्य में तनाव से उत्पन्न अनिश्चितताएँ ऊर्जा की कीमतों को उच्च बनाए रख रही हैं, जिससे घरेलू मुद्रास्फीति की चिंताएँ और बढ़ रही हैं।
- पूंजी का बहिर्वाह और सुरक्षित निवेश की ओर झुकाव: मुद्रा के अवमूल्यन की स्थिति निरंतर होने वाले विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) के बहिर्वाह के कारण और अधिक बढ़ गई है, क्योंकि वैश्विक निवेशक उभरते बाज़ारों से अपनी पूंजी निकालकर पारंपरिक सुरक्षित निवेश विकल्पों (जैसे कि अमेरिकी डॉलर) की ओर जा रहे हैं।
- इक्विटी बाज़ार का संक्रमण: व्यापक आर्थिक चिंता और युद्ध संबंधी अनिश्चितताओं ने महत्त्वपूर्ण मुनाफावसूली को प्रेरित किया, जिससे घरेलू इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक (सेंसेक्स और निफ्टी) गिर गए।
- प्रबंधित अस्थायी विनिमय दर प्रणाली: भारत प्रबंधित अस्थायी विनिमय दर प्रणाली का अनुसरण करता है, जिसमें रुपए का मूल्य काफी हद तक बाज़ार में मांग और आपूर्ति की शक्तियों द्वारा निर्धारित होता है तथा भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) अत्यधिक अस्थिरता को नियंत्रित करने के लिये कभी-कभी हस्तक्षेप करता है।
- हालाँकि, इस प्रकार के हस्तक्षेप की सीमाएँ हैं, क्योंकि यह व्यापार घाटे या तेल की उच्च कीमतों जैसे दीर्घकालिक संरचनात्मक दबावों को उलट नहीं सकता है तथा यह विदेशी मुद्रा भंडार द्वारा सीमित होता है। इसके अलावा अत्यधिक हस्तक्षेप घरेलू तरलता को भी कम कर सकता है और आर्थिक विकास को प्रभावित कर सकता है।
रुपये के अवमूल्यन को नियंत्रित करने के लिये RBI द्वारा उठाए गए कदम
- यह (भारतीय रिज़र्व बैंक) अस्थिरता को कम करने के लिये अपने विदेशी मुद्रा भंडार से डॉलर बेचकर विदेशी मुद्रा बाज़ार में हस्तक्षेप करता है।
- यह रुपए का समर्थन करने के लिये विदेशी पूंजी प्रवाह को आकर्षित करने हेतु ब्याज दरों में वृद्धि करके मौद्रिक नीति को भी सख्त कर सकता है।
- इसके अतिरिक्त, खुला बाज़ार परिचालन (OMO) और रेपो/रिवर्स रेपो परिचालन जैसे साधनों के माध्यम से तरलता का प्रबंधन किया जाता है।
- इसके अलावा RBI बाह्य वाणिज्यिक उधार (ECB) को सुगम बनाकर विदेशी प्रवाह को बढ़ावा देता है।
- यह सरकार के साथ मिलकर गैर-आवश्यक आयात को नियंत्रित करने और निर्यात को बढ़ावा देने का भी कार्य करता है, जिससे चालू खाता शेष में सुधार होता है।
- ये सम्मिलित उपाय व्यापक आर्थिक स्थिरता बनाए रखते हुए मुद्रा को स्थिर करने में सहायता करते हैं।
|
और पढ़ें: भारतीय रुपये का मूल्यह्रास |
रैपिड फायर
भारत ने ATF की परिभाषा का विस्तार किया
पेट्रोलियम मंत्रालय ने विमानन टरबाइन ईंधन (विपणन का विनियमन) आदेश, 2001 में संशोधन करते हुए विमानन टरबाइन ईंध (ATF) की परिभाषा का विस्तार किया है ताकि इसमें गैर-पेट्रोलियम स्रोतों से प्राप्त संश्लेषित हाइड्रोकार्बन के साथ मिश्रण को शामिल किया जा सके।
- सतत विमानन ईंधन (SAF) को बढ़ावा: यह सुधार सतत विमानन ईंधन को अपनाने में सक्षम बनाता है, जो कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करते हुए स्वच्छ विमानन को बढ़ावा देता है।
- उद्देश्य: पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण करने से, इसका उद्देश्य आयात निर्भरता कम करना और विशेष रूप से पश्चिम एशिया संकट जैसे वैश्विक व्यवधानों के मद्देनज़र ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ाना है।
- संश्लेषित हाइड्रोकार्बन बायोमास, प्राकृतिक गैस आदि से उत्पादित किये जा सकते हैं; हालाँकि एथेनॉल को सीधे ATF में मिश्रित नहीं किया जा सकता है, इसे पहले उपयुक्त हाइड्रोकार्बन में परिवर्तित किया जाना चाहिये।
- वैश्विक समन्वय: यह नीति अंतर्राष्ट्रीय विमानन के डीकार्बोनाइज़ेशन प्रयासों के अनुरूप है, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) की अंतर्राष्ट्रीय विमानन के लिये कार्बन ऑफसेटिंग और कटौती योजना (जो 2027 से अनिवार्य होगी) भी शामिल है।
- मिश्रण लक्ष्य: भारत ने सतत विमानन ईंधन (SAF) के लिये संकेतात्मक मिश्रण लक्ष्य निर्धारित किये हैं—वर्ष 2027 में 1%, 2028 में 2% और 2030 में 5%—जो यूरोपीय संघ, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका, जापान तथा सिंगापुर जैसे क्षेत्रों की वैश्विक प्रवृत्तियों के अनुरूप हैं।
सतत विमानन ईंधन (SAF)
- परिचय: सतत विमानन ईंधन (SAF) एक जैव ईंधन है, जो नवीकरणीय कच्चे पदार्थों से बनाया जाता है। यह रासायनिक रूप से पारंपरिक विमानन टरबाइन ईंधन (ATF) के समान होता है और ‘ड्रॉप-इन’ ईंधन के रूप में मौजूदा विमान इंजनों और अवसंरचना के साथ संगत है।
- कच्चे पदार्थों के स्रोत: इसमें तेल और वसा (उपयोग किया हुआ खाना पकाने का तेल, शैवाल तेल, पशु वसा, तिलहन), नगर ठोस अपशिष्ट, कृषि एवं वानिकी अवशेष (जैसे– बैगास, भूसी), शर्करा तथा स्टार्च शामिल हैं।
- अल्कोहल-टू-जेट (ATJ) मार्ग: यह इथेनॉल या ब्यूटेनॉल जैसे नवीकरणीय अल्कोहल को हाइड्रोकार्बन-आधारित 'सतत विमानन ईंधन' में परिवर्तित करता है, जिससे वे विमानन उपयोग के लिये उपयुक्त बन जाते हैं।
|
और पढ़ें: भारत का विमानन उद्योग |
रैपिड फायर
समुद्री बंदरगाहों पर ई-वीज़ा का विस्तार
गृह मंत्रालय ने ई-वीज़ा धारक विदेशी नागरिकों के लिये 14 अतिरिक्त समुद्री बंदरगाहों को आव्रजन जाँच चौकियों (ICP) के रूप में अधिसूचित किया है। ई-वीज़ा सुविधा का विस्तार गुजरात, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के बंदरगाहों तक किया गया है।
- आव्रजन अवसंरचना: भारत में वर्तमान में वायु, समुद्र, भूमि, रेल और नदी मार्गों पर 114 आव्रजन जाँच चौकियाँ (ICPs) हैं, जिनमें 37 समुद्री बंदरगाह शामिल हैं, लेकिन ई-वीज़ा प्रवेश केवल 32 निर्दिष्ट हवाई अड्डों और 33 समुद्री बंदरगाहों तक सीमित है।
- ई-वीज़ा ढाँचा: भारत की ई-वीज़ा सुविधा 207 देशों (चीन, पाकिस्तान, यमन और ईरान जैसे कुछ देशों को छोड़कर) के नागरिकों के लिये उपलब्ध है और यह पर्यटन, व्यवसाय, चिकित्सा, छात्र तथा ट्रांजिट जैसी विभिन्न श्रेणियों में प्रदान की जाती है। इसकी वैधता वीज़ा के प्रकार के अनुसार एक महीने से लेकर पाँच वर्ष तक हो सकती है।
- उद्देश्य और विनियमन: ICP सुरक्षा जाँच, पहचान सत्यापन और आव्रजन कानूनों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिये महत्त्वपूर्ण प्रवेश बिंदु के रूप में कार्य करते हैं, जबकि ई-वीज़ा प्रवेश केवल अधिसूचित बंदरगाहों तक ही सख्ती से सीमित है।
- नियमित वीज़ा की आवश्यकता वाले बंदरगाह: जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (न्हावा शेवा), चेन्नई, कोलकाता, कोचीन, विशाखापत्तनम और मोर्मुगाओ जैसे प्रमुख बंदरगाह ई-वीज़ा प्रवेश के लिये निर्दिष्ट नहीं हैं, इसलिये यात्रियों को पहले से पारंपरिक वीज़ा प्राप्त करना आवश्यक होता है।
- महत्त्व: यह विस्तार समुद्री संपर्क और प्रवेश की सुविधा को बढ़ाता है, साथ ही भारत के तटीय प्रवेश द्वारों पर आव्रजन नियंत्रण और नियामकीय निगरानी को और दृढ़ करता है।
रैपिड फायर
जामुन की उत्पत्ति पर नए प्रमाण
एक हालिया अध्ययन ने जामुन (सिज़ीगियम) के विकासवादी इतिहास का पुनर्मूल्यांकन किया है, जिसमें यह दर्शाया गया है कि इसकी उत्पत्ति पहले की धारणा की तुलना में कहीं अधिक प्राचीन है तथा इसमें भारत की केंद्रीय भूमिका को रेखांकित किया गया है।
- पूर्व में इसकी उत्पत्ति ऑस्ट्रेलिया या दक्षिण-पूर्व एशिया में लगभग 51 मिलियन वर्ष पूर्व मानी जाती थी, किंतु यह भारतीय जीवाश्म अभिलेखों (55–20 मिलियन वर्ष पूर्व) से मेल नहीं खाती थी, जो भारत में इसकी निरंतर उपस्थिति का संकेत देते हैं तथा जिनका व्यापक पुनर्मूल्यांकन पहले नहीं किया गया था।
- मुख्य निष्कर्ष: सिज़ीगियम वंश की उत्पत्ति लगभग 80 मिलियन वर्ष पूर्व पूर्वी गोंडवाना में हुई, जिसमें भारत प्रारंभिक विविधीकरण का एक प्रमुख केंद्र रहा।
- जीवाश्म साक्ष्य: हिमाचल प्रदेश के कसौली फॉर्मेशन से प्राप्त मायोसीन काल के नए जीवाश्म (लगभग 20 मिलियन वर्ष पुराने), जिनमें 11 जीवाश्म पत्तियाँ शामिल हैं, के आधार पर सिज़ीगियम पैलियोसैलिसिफोलियम (Syzygium paleosalicifolium) की पहचान की गई तथा एक विकासवादी कालक्रम का पुनर्निर्माण किया गया।
- प्रसार का पैटर्न: यह वंश संभवतः भारत से दक्षिण-पूर्व एशिया और ऑस्ट्रेलिया की ओर फैला, जिससे पूर्ववर्ती जैव-भौगोलिक सिद्धांतों में संशोधन हुआ।
जामुन
- परिचय: जामुन (सिज़ीगियम क्यूमिनी) मर्टेसी कुल के सिज़ीगियम वंश से संबंधित है और इसे सामान्यतः भारतीय ब्लैकबेरी, ब्लैक प्लम या जावा प्लम के नाम से जाना जाता है।
- वितरण: यह भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया तथा उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में व्यापक रूप से पाया जाता है और सामान्यतः आर्द्र पर्णपाती तथा नदी तटीय पारिस्थितिक तंत्रों में उगता है।
- पोषण मूल्य: इसमें आयरन, एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन C और एंथोसायनिन प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जिससे यह प्रतिरक्षा तथा चयापचय स्वास्थ्य के लिये लाभकारी होता है।
- महत्त्व: जामुन आयुर्वेदिक औषधीय उपयोग (विशेषकर मधुमेह), खाद्य प्रसंस्करण में आर्थिक महत्त्व तथा परागणकों और बीज प्रसार का समर्थन करने वाली एक प्रमुख प्रजाति के रूप में अपनी पारिस्थितिक भूमिका के कारण महत्त्वपूर्ण है।
|
और पढ़ें: जामुन के औषधीय गुण |


