प्रिलिम्स फैक्ट: 23 दिसंबर, 2020

माॅक एग

Mock Egg

हाल ही में IIT दिल्ली के वैज्ञानिकों की एक टीम ने "प्लांट आधारित मॉक एग" के नवाचार के लिये यूनाइटेड नेशन डेवलपमेंट प्रोग्राम (UNDP) एक्सलेरेटर लैब इंडिया द्वारा आयोजित एक नवाचार प्रतियोगिता (इनोवेट 4 SDG) जीती।

Mock-egg

प्रमुख बिंदु:

  • UNDP एक्सेलेरेटर लैब इंडिया भारत में कुछ प्रमुख मुद्दों, जैसे- वायु प्रदूषण, सतत् जल प्रबंधन आदि का समाधान नवाचारों के माध्यम से करने की कोशिश कर रही है।
  • नवाचार करने वाली विजेता टीम को पुरस्कार के रूप में 5,000 अमेरिकी डॉलर प्रदान किये गए।
  • माॅक एग:
    • इसका विकास बहुत ही सरल तरीके से कृषि फसलों से किया गया है जिसमें प्रोटीन पाया जाता है। अंडे के समान स्वाद और उसी की तरह दिखने के साथ ही यह पोषण संबंधी विशेषता में भी पोल्ट्री अंडे के समान है।
    • माॅक एग आहार-विशिष्ट होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और शुद्ध शाकाहारी लोगों की प्रोटीन आवश्यकताओं की पूर्ति करता है।
    • टीम ने फलों और सब्जियों का उपयोग करके संयंत्र आधारित चिकन और मछली के मांस के सादृश्य (Analogues) उत्पाद भी विकसित किये हैं।
    • प्लांट आधारित ये खाद्य पदार्थ जो कि अंडे, मछली और चिकन के समान हैं, लोगों को कुपोषण से निपटने और स्वच्छ प्रोटीनयुक्त भोजन की प्राप्ति के उद्देश्य से विकसित किये गए हैं।

लीजन ऑफ मेरिट: USA

Legion of Merit: USA

हाल ही में संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) ने भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्रियों को 'लीजन ऑफ मेरिट' से सम्मानित किया है।

Legion-of-Merit

  • ये सभी चार देश वर्ष 2017 से क्वाड समूह (QUAD Group) को उपयोगी बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण हैं। क्वाड समूह इंडो-पैसिफिक रणनीति का हिस्सा है और इसका उद्देश्य इस क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभुत्व का मुकाबला करना है।

प्रमुख बिंदु:

पुरस्कार के संबंध में:

  • USA के सर्वोच्च सैन्य चिह्नों में से एक इस पुरस्कार की स्थापना वर्ष 1942 में पूर्व राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूज़वेल्ट द्वारा की गई थी।
  • यह पुरस्कार USA के सशस्त्र बलों के सदस्यों और विदेशी (यानी गैर-USA) सशस्त्र बलों के सदस्यों के साथ कभी-कभी राज्य या सरकार के प्रमुखों को भी प्रदान किया जाता है।
  • यह पुरस्कार विदेशियों को
  • निम्नलिखित चार श्रेणियों में प्रदान किया जाता है: मुख्य कमांडर, कमांडर, अधिकारी और सेनापति।
  • पूर्व में यह पुरस्कार दो भारतीयों को प्रदान किया गया है: वर्ष 1950 में फील्ड मार्शल के.एम. करियप्पा और वर्ष 1955 में जनरल एस.एम. श्रीनागेश

वर्तमान में पुरस्कार प्राप्तकर्त्ता:

  • भारतीय प्रधानमंत्री को यह पुरस्कार "भारत-अमेरिका संबंधों को आगे बढ़ाने" में उनकी भूमिका के लिये दिया गया है।
    • यह पुरस्कार भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के प्रयासों को मान्यता देता है, जो भारत-अमेरिका सामरिक साझेदारी के संबंधों में परिलक्षित होता है।
  • ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को "वैश्विक चुनौतियों को संबोधित करने और सामूहिक सुरक्षा को बढ़ावा देने" के लिये यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
  • जापानी प्रधानमंत्री को "स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक के लिये नेतृत्व और दृष्टिकोण प्रदान करने" हेतु यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 23 दिसंबर, 2020

भारतीय अंतर्राष्‍ट्रीय विज्ञान महोत्‍सव-2020

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के माध्यम भारतीय अंतर्राष्‍ट्रीय विज्ञान महोत्‍सव-2020 का उद्घाटन किया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘भारत के पास विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार में एक समृद्ध विरासत है। भारत के वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में पथप्रदर्शक रहे हैं। वैश्विक समस्याओं को हल करने में हमारा तकनीकी उद्योग सबसे आगे है, हालाँकि अभी भी बहुत कुछ किया जाना शेष है।’ भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (IISF) की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी तथा यह मुख्य तौर पर भारत में विज्ञान और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करता है। इस महोत्सव का लक्ष्य आम जनता को विज्ञान के महत्त्व से अवगत कराना व इस तथ्य को रेखांकित करना है कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) किस प्रकार हमारे जीवन को बेहतर बनाने हेतु सरल समाधान प्रदान कर सकते हैं। यह महोत्सव युवाओं को वैज्ञानिक ज्ञान और रचनात्मक सोच जैसे कौशल से युक्त करने के महत्त्व को प्रदर्शित करता है।

राष्ट्रीय किसान दिवस

समाज के विकास में किसानों के योगदान को रेखांकित करने के लिये भारत में प्रतिवर्ष 23 दिसंबर को राष्ट्रीय किसान दिवस का आयोजन किया जाता है। भारत गाँवों का देश है, जहाँ की अधिकांश आबादी अपनी आजीविका के लिये प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष तौर पर कृषि पर निर्भर है। ऐसे में राष्ट्रीय किसान दिवस भारत के आम नागरिकों को किसानों की समस्याओं को जानने और उन पर वार्ता करने का अवसर प्रदान करता है। यह दिवस भारत के पाँचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के उपलक्ष में आयोजित किया जाता है। चौधरी चरण सिंह का जन्म 23 दिसंबर, 1902 को उत्तर प्रदेश के हापुड़ ज़िले में हुआ था। प्रधानमंत्री के तौर पर चरण सिंह का कार्यकाल अल्प अवधि का रहा। वे दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तथा केंद्र सरकार में भी कई मंत्री पदों पर कार्य किया, साथ ही महत्त्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उन्होंने किसानों के कल्याण के लिये कई योजनाएँ लागू कीं, उन्हें उत्तर प्रदेश ज़मींदारी उन्मूलन अधिनियम का प्रधान वास्तुकार माना जाता है। चरण सिंह ने ज़मींदारी उन्मूलन, भूमि सुधार और किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने से संबंधित कई पुस्तकें भी लिखीं। किसानों के कल्याण में चौधरी चरण सिंह के योगदान को देखते हुए सरकार ने वर्ष 2001 में इस दिवस की शुरुआत की थी। 

एसोचैम एंटरप्राइज़ेज़ ऑफ सेंचुरी अवार्ड

हाल ही में एसोचैम (Assocham) के स्थापना सप्ताह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने टाटा समूह को ‘एसोचैम एंटरप्राइज़ेज़ ऑफ सेंचुरी अवार्ड’ प्रदान किया, जो कि टाटा समूह की ओर से देश के प्रमुख उद्योगपति और टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष रतन टाटा द्वारा प्राप्त किया गया। ध्यातव्य है कि एसोचैम (Assocham) ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लिये हैं। भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग मंडल यानी एसोचैम भारत के सबसे बड़े व्यापार संघों में से एक है, जिसकी स्थापना वर्ष 1920 में भारतीय उद्योग के मूल्य सृजन हेतु की गई थी। एसोचैम (ASSOCHAM) ने देश के व्यापार, वाणिज्य और औद्योगिक वातावरण को आकार देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा की है। इसके अलावा रतन टाटा को भारत तथा इज़राइल के बीच ‘एकता, शांति और स्थिरता’ को बढ़ावा देने के लिये फेडरेशन ऑफ इंडो-इज़राइल चैंबर्स ऑफ कॉमर्स (FIICC) द्वारा ‘फेडरेशन ऑफ सस्टेनेबल बिज़नेस एंड पीस’ के खिताब से सम्मानित किया गया है। 

चीन का विशालकाय रेडियो टेलीस्कोप

प्यूर्टो रिको द्वीप पर स्थित ‘अरेसिबो वेधशाला’ (Arecibo Observatory) के पतन के बाद चीन ने दुनिया भर के वैज्ञानिकों और शोधकर्त्ताओं के लिये विश्व के सबसे बड़े रेडियो टेलीस्कोप को खोलने की घोषणा की है। चीन के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत गुइझोउ (Guizhou) के ‘पिंगटांग काउंटी’ में स्थापित चीन का ‘पाँच सौ मीटर एपर्चर गोलाकार टेलीस्कोप’ (Five Hundred Meter Aperture Spherical Telescope-FAST) विश्व का सबसे बड़ा रेडियो टेलीस्कोप है, जिसका निर्माण कार्य वर्ष 2016 में पूरा हो गया था। FAST जैसे रेडियो टेलीस्कोप एंटीना और रेडियो रिसीवर की सहायता से ब्रह्मांड में रेडियो स्रोतों जैसे- तारे, आकाशगंगा और ब्लैक होल आदि से आने वाली रेडियो तरंगों का पता लगाते हैं। इन विशालकाय उपकरणों का उपयोग अंतरिक्ष में रेडियो सिग्नल भेजने के लिये भी किया जाता है।